1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. 'या तो आवारापन खत्म होगा या तो मैं', धामकेदार अंदाज में इमरान हाशमी ने दिखाई Awarapan 2 की पहली झलक, तय हुई रिलीज डेट

'या तो आवारापन खत्म होगा या तो मैं', धामकेदार अंदाज में इमरान हाशमी ने दिखाई Awarapan 2 की पहली झलक, तय हुई रिलीज डेट

 Written By: Jaya Dwivedie @JDwivedie
 Published : Jun 29, 2026 11:25 am IST,  Updated : Jun 29, 2026 11:51 am IST

इमरान हाशमी एक बार फिर पुराने वाले आशिक मिजाज के साथ वापसी कर रहे हैं। एक्टर की फिल्म 'अवारापन' के ऐलान के बाद आज इसका टीजर जारी कर दिया गया है।

Awarapan 2- India TV Hindi
इमरान हाशमी। Image Source : VISHESH FILMS YOUTUBE

इमरान हाशमी स्टारर 'आवारापन 2' का टीजर रिलीज कर दिया गया है। लंबे वक्त से फैंस को इसकी पहली झलक का इंतजार था, अब आखिरकार ये खत्म हो गया है। साल 2007 की कल्ट क्लासिक फिल्म के इस सीक्वल ने पहले ही काफी सुर्खियां बटोर ली थीं। फिल्म के ऐलान के बाद से ही फैंस उतावले नजर आए। इसके बाद फिल्म में दिशा पाटनी की एंट्री ने फैंस को और बेकरार किया। कई बीटीएस ने भी लोगों का ध्यान खींचा और अब इसका टीजर आते ही छा गया है, जिसमें इमरान हाशमी के साथ कई और सितारे भी नजर आ रहे हैं। टीजर रिलीज होते ही फैंस की प्रतिक्रियाएं भी सामने आने लगी हैं। सबसे ज्यादा चर्चा फिल्म के एक डायलॉग की हो रही है, जो इमरान हाशमी कहते है, 'इस बार या तो आवारापन खत्म होगा या तो मैं।'

फिल्म में नजर आएंगे ये सितारे

इस सीक्वल का निर्देशन नितिन कक्कड़ कर रहे हैं। पहले पार्ट को मोहित सूरी ने निर्देशित किया था। फिल्म में इमरान हाशमी और दिशा पाटनी लीड रोल में नजर आएंगे। शबाना आजमी भी फिल्म का हिस्सा होने वाली हैं। सभी सितारों की झलक इस टीजर में देखने को मिल रही है। वहीं शबाना आजमी भी दमदार अंदाज में दिखेंगी।

टीजर में दिखी कहानी की झलक

सामने आए टीजर को देखकर जाहिर है कहानी वहीं से आगे बढ़ेगी, जहां से पहले पार्ट में छूटी थी। टीजर की शुरुआत इमारन हाशमी की धंधली झलक के साथ शुरू होती है, जो आगे बढ़ती है और इमरान हाशमी खूबसूरत मंजर के बीच बाइक चलाते दिख रहे हैं। बैकग्राउंड में इमरान की आवाज है, 'कुछ लोगों की कहानियां उनकी मर्जी से खत्म नहीं होती, उनकी कहानी दूसरों के लिखी जाती है।' इसके बाद काला पठानी सूट पहने इमरान, आलिया हामिद की कब्र पर पहुंचते हैं और गुलाब चढ़ाते हैं। इसके बाद इमरान हाशमी की एक झलक बौद्ध लामा के बीच नजर आती है, जहां उनका इलाज होते दिखाया जाता है। फिर वो कहते हैं, 'मौत भी अजीब है, उसने मुझे छुआ, लेकिन अपनाया नहीं।'  यहां से कहानी आगे बढ़कर विदेश में पहुंच रही जहां इमरान को रिंग फाइट करते देखा जा सकता है। 'दर्द से रिश्ता है मेरा' के साथ शबाना आजमी और  दिशा की एंट्री होती है। इमरान हाशमी के फाइटर लुक और धमाकेदार डायलॉग 'इस बार या तो आवारापन खत्म होगा या तो मैं'के साथ ये टीजर खत्म होता है।

फिल्म की रिलीज डेट

विशेश फिल्म के बैनर तले बन रही इस फिल्म की रिलीज डेट भी टीजर की झलक के साथ ही तय हो गई है। फिल्म को 14 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा। मेकर्स ने टीजर जारी करते हुए इंस्टाग्राम पर कैप्शन में लिखा, '19 साल का इंतजार अब खत्म हुआ। शिवम की वापसी हो रही है। आप लोगों ने उसकी कहानी को जिदा रखा। अब, वह इसे आगे बढ़ाने के लिए लौट रहा है। टीजर आ गया है!सिनेमाघरों में 14 अगस्त 2026 को फिल्म रिलीज होगी। विशेष फिल्म्स और मुकेश भट्ट प्रस्तुत करते हैं विशेष भट्ट प्रोडक्शन आवारापन 2।'

ये भी पढ़ें: IIM छोड़ हीरो बने अविनाश वाधवन, शाहरुख-अजय से थे आगे, एक गलती से बर्बाद हुआ चमकता करियर, अब हुए गुमनाम

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन