1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. कोलकाता डॉक्टर रेप-मर्डर केस पर आयुष्मान खुराना की कविता, दिल को झकझोर देगा हर शब्द

कोलकाता डॉक्टर रेप-मर्डर केस पर आयुष्मान खुराना की कविता, दिल को झकझोर देगा हर शब्द

 Written By: Priya Shukla
 Published : Aug 15, 2024 11:25 am IST,  Updated : Aug 15, 2024 11:25 am IST

कोलकाता में सरकारी अस्पताल की महिला डॉक्टर के साथ रेप और हत्या मामले पर कई बॉलीवुड सितारों का गुस्सा फूटा है। आलिया भट्ट से लेकर स्वरा भास्कर तक ने डॉक्टर से हुई बर्बरता पर नाराजगी जताई है। इस घटना ने हर किसी को शॉक में डाल दिया है।

Ayushmann Khurrana- India TV Hindi
कोलकाता 'निर्भया केस' पर आयुष्मान खुराना की कविता Image Source : INSTAGRAM

कोलकाता में महिला ट्रेनी डॉक्टर के रेप और हत्या के मामले ने पूरे देश को ही झकझोर कर रख दिया है। इस दर्दनाक मामले के उजागर होते ही देशवासियों ने आरोपियों के लिए कड़ी सजा की मांग की है। कई फिल्मी सितारों ने भी इस मामले पर अपना गुस्सा और दुख जाहिर किया है। आलिया भट्ट से लेकर स्वरा भास्कर तक कई सितारों ने इस मामले को लेकर अपनी आवाज उठाई है और आरोपियों को कड़ी सजा दिलाने की मांग की है। अब इसी मामले पर आयुष्मान खुराना की एक कविता की भी चर्चा है, जिसने उस हर शख्स के दिल को झकझोर कर रख दिया है, जिस किसी ने ये कविता सुनी।

कोलकाता 'निर्भया कांड' पर आयुष्मान की कविता

आयुष्मान अक्सर देश के मुद्दों पर अपने तरीके से अपनी बात रखते हैं। वह अपनी कला के जरिए सामाजिक मुद्दों पर प्रतिक्रिया देने के लिए जाने जाते हैं। कभी फिल्मों के जरिए तो कभी अपने गानों और कविताओं को सहारा बनाते हुए वह सामाजिक मुद्दों पर प्रतिक्रिया देते हैं। अब कोलकाता के 'निर्भया कांड' पर भी वह अपनी कला के जरिए अपना दर्द जाहिर करते दिखे, जिसका टाइटल है 'काश! मैं भी लड़का होती।'

आयुष्मान खुराना की कविता

आयुष्मान ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें वह ये दर्द भरी कविता सुनाते नजर आ रहे हैं। वीडियो में आयुष्मान कहते हैं- 'मैं भी बिना कुंडी लगाकर सोती, काश मैं भी लड़का होती। झल्ली बनकर दौड़ती उड़ती सारी रात दोस्तों के साथ फिरती, काश मैं भी लड़की होती। कहते सुना है सबको कि लड़की को पढ़ाओ-लिखाओ सशक्त बनाओ और जब पढ़-लिखकर डॉक्टर बनती तो मेरी मां ना खोती उसकी आंखों का मोती, काश मैं भी लड़का होती।'

काश! मैं एक लड़का होती

'36 घंटे का कार्य दुश्वार हुआ, बहिष्कार हुआ, बलात्कार हुआ, पुरुष के वहशीपन से साक्षात्कार हुआ। काश! उन पुरुषों में भी थोड़े से स्त्रीपन की कोमलता होती। काश मैं ही लड़का होती। कहते हैं सीसीटीवी नहीं था, होता भी तो क्या होता। एक पुरुष सुरक्षाकर्मी जो उस पर नजर रखता, उसकी नजर भी कितनी पाक होती? काश में एक लड़का होती। अगर मैं एक लड़का होती शायद आज मैं भी जिंदा होती।'

क्या है मामला?

मालूम हो कि 9 अगस्त को कोलकाता के आरजी मेडिकल कॉलेज में एक 31 वर्षीय ट्रेनी डॉक्टर मृत पाई गई थी। जिसके बाद पता चला कि महिला डॉक्टर के साथ रेप के बाद हत्या कर दी गई है। इस मामले में 10 अगस्त को एक नागरिक स्वयं सेवक को गिरफ्तार किया गया है और रेप केस और हत्या की जांच सीबीआई को सौंप दी गई है।

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन