मलयालम फिल्म निर्देशक बेलराज कलारिकल, जिन्होंने हाल ही में वेब सीरीज 'कापी स्क्वाड' के साथ निर्देशन की दुनिया में कदम रखा था। उनका शनिवार, 17 अक्टूबर को 28 साल की उम्र में निधन हो गया है। जानकारी के अनुसार वे कोच्चि के एक होटल के कमरे में मृत पाए गए। उनके अचानक निधन से मलयालम फिल्म इंडस्ट्री में उनके दोस्त और साथी सदमे में हैं। खास बात यह है कि उनके निर्देशन में बनी पहली सीरीज कुछ दिन पहले ही रिलीज हुई थी। बेलराज कलारिकल की मौत का कारण सडन हार्ट अटैक बताया गया है। पुलिस ने कहा कि पोस्टमार्टम के बाद उनका शव उनके रिश्तेदारों को सौंप दिया जाएगा।
बेलराज कलारिकल की कहां हुई मौत
28 वर्षीय निर्देशक बलराज कलारिकल कोट्टयम के मणिमाला के रहने वाले थे। पुलिस ने कहा कि पोस्टमार्टम के बाद उनका शव उनके रिश्तेदारों को सौंप दिया जाएगा। बलराज द्वारा निर्देशित सीरीज 'कॉफी स्क्वाड' 15 अक्टूबर से हॉटस्टार पर स्ट्रीम होनी शुरू हुई। इस सीरीज के चार एपिसोड रिलीज हो चुके हैं, जबकि कुल 36 एपिसोड की शूटिंग पहले ही पूरी हो चुकी थी। बलराज सीरीज के शो डायरेक्टर श्रीकांत के साथ रह रहे थे। उन्होंने बताया कि कई बार घंटी बजाने के बाद भी जब उन्होंने दरवाजा नहीं खोला तो पता चला कि उनकी मौत हो चुकी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जियो हॉटस्टार का बेलराज कलारिकल के लिए भावुक पोस्ट
इस दुखद खबर के बाद जियो हॉटस्टार, जहां हाल ही में 'कापी स्क्वाड' की स्ट्रीमिंग शुरू हुई थी। उन्होंने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल के जरिए फिल्म निर्माता को श्रद्धांजलि दी। प्लेटफॉर्म ने एक नोट शेयर किया, जिसमें लिखा था, 'कुछ विदाई बहुत जल्दी मिल जाती हैं। बेलराज कलारिकल, आपकी आत्मा को शांति मिले।'
बेलराज कलारिकल को राहुल रिजी नायर ने दी श्रद्धांजलि
फिल्म निर्माता और अभिनेता राहुल रिजी नायर ने भी 28 साल के बेलराज के निधन पर शोक जताया। उन्होंने बेलराज को एक दूरदर्शी फिल्म निर्माता और एक करीबी दोस्त के रूप में याद किया। एक भावुक पोस्ट में राहुल ने उनके प्रोडक्शन बैनर में बेलराज के योगदान का जिक्र करते हुए लिखा, 'भारी मन और गहरे दुख के साथ हम अपने प्यारे भाई और मार्गदर्शक, कापी स्क्वाड के निर्देशक बेलराज कलारिकल के निधन की दुखद खबर साझा कर रहे हैं।' उन्होंने आगे कहा कि बेलराज के जुनून और समर्पण ने ही उनके प्रोडक्शन हाउस के काम और उसकी पहचान को आकार दिया था।
बेलराज कलारिकल के बिना अधूरा फर्स्ट प्रिंट स्टूडियोज
राहुल रिजी नायर ने आगे लिका, 'फर्स्ट प्रिंट स्टूडियोज के संस्थापक सदस्यों में से एक होने के नाते बेलराज न केवल एक दूरदर्शी फिल्म निर्माता और हमारी क्रिएटिव टीम की जान थे, बल्कि वे हमारे अपने थे। फिल्म निर्माण के प्रति उनका समर्पण और उनका असीम जुनून न केवल हमारे काम को, बल्कि हमारे व्यक्तित्व को भी आकार देने वाला था। उनके बिना फर्स्ट प्रिंट स्टूडियोज हमेशा अधूरा रहेगा। हम उनके परिवार और दोस्तों के साथ खड़े हैं। इस बेहद दुखद समय में हम अपनी गहरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं उनके साथ साझा करते हैं और उन्हें अपना पूरा समर्थन देते हैं। ईश्वर आपकी आत्मा को शांति दे, प्रिय बेलराज। आपकी विरासत और आपकी भावनाएं हमेशा हमारे दिलों में जीवित रहेंगी।'
बेलराज कलारिकल का फिल्मी करियर
बेलराज 'फर्स्ट प्रिंट स्टूडियोज' के संस्थापक सदस्यों में से एक थे। यह प्रोडक्शन हाउस कई बेहतरीन प्रोजेक्ट्स से जुड़ा रहा है, जिनमें पुरस्कार विजेता फीचर फिल्म 'ओट्टामुरी वेलिचम' और वेब सीरीज 'केरल क्राइम फाइल्स' शामिल हैं। निर्देशक बनने से पहले उन्होंने 'निझल', 'मधुरम' और 'डाकिनी' जैसी फिल्मों में सहायक के तौर पर काम किया। उन्होंने 'डाकिनी', 'कीडम' और 'खो खो' जैसे प्रोजेक्ट्स में राहुल रिजी नायर की भी सहायता की।
शादी के 1 महीने बाद बेलराज कलारिकल का निधन
बेलराज कलारिकल ने हाल ही में अपने निजी जीवन का एक नया अध्याय शुरू किया था। छह साल तक एक-दूसरे को डेट करने बाद उन्होंने 11 सितंबर 2026 को अथिरा बिंदु साबू से शादी की। अब शादी के एक महीने बाद बेलराज कलारिकल का निधन हो गया है, जिससे उनकी पत्नी को जबरदस्त झटका लगा है।
ये भी पढ़ें - संगीतकार देवा को अंतिम विदाई देने पहुंचे रजनीकांत, CM विजय ने राजकीय सम्मान देने का किया ऐलान