1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. 'मैं उनसे जलता था...' बादशाह-हनी सिंह की सालों पुरानी लड़ाई हुई खत्म! रैपर ने खुलेआम कबूला सच

'मैं उनसे जलता था...' बादशाह-हनी सिंह की सालों पुरानी लड़ाई हुई खत्म! रैपर ने खुलेआम कबूला सच

 Written By: Priya Shukla
 Published : May 27, 2024 11:24 am IST,  Updated : May 27, 2024 11:51 am IST

अब लगता है बादशाह, हनी सिंह के साथ अपनी इस पुरानी लड़ाई को खत्म करने के मूड में हैं। बादशाह ने अपनी तरफ से इस जंग को खत्म करने का ऐलान भी कर दिया है और वो भी एक लाइव कॉन्सर्ट के दौरान। उनका ये वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वह अपनी और यो यो हनी सिंह की लड़ाई के बारे में बात कर रहे हैं।

honey singh, badshah- India TV Hindi
बादशाह ने हनी सिंह के साथ लड़ाई खत्म करने का किया ऐलान। Image Source : INSTAGRAM

रैपर बादशाह और यो यो हनी सिंह के बीच सालों से चली आ रही अनबन के बारे में कौन नहीं जानता। बादशाह खुद कई बार इस झगड़े का जिक्र कर चुके हैं। उन्होंने कई इंटरव्यूज में कबूल किया कि यो यो हनी सिंह और उनके बीच सालों से बोलचाल बंद है। लेकिन, अब लगता है बादशाह, हनी सिंह के साथ अपनी इस पुरानी लड़ाई को खत्म करने के मूड में हैं। बादशाह ने अपनी तरफ से इस जंग को खत्म करने का ऐलान भी कर दिया है और वो भी एक लाइव कॉन्सर्ट के दौरान। उनका ये वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वह अपनी और यो यो हनी सिंह की लड़ाई के बारे में बात कर रहे हैं।

बादशाह ने हनी सिंह के लिए की दुआ

देहरादून में आयोजित हुए GraFest 2024 से रैपर बादशाह का एक वीडियो सामने आया है। इस वीडियो में बादशाह हनी सिंह के साथ अपनी लड़ाई खत्म करने के अपने फैसले के बारे में बात करते नजर आ रहे हैं। यही नहीं इस दौरान बादशाह ने हनी सिंह के लिए दुआ भी की, तभी तो रैपर का ये वीडियो हर तरफ चर्चा का विषय बन चुका है।

मैं अब इस लड़ाई को पीछे छोड़ रहा हूं

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो में रैपर बादशाह को अपनी परफॉर्मेंस को बीच में रोकते और हनी सिंह के बारे में बात करते देखा जा सकता है। वीडियो में बादशाह कह रहे हैं- 'मेरी जिंदगी में एक ऐसा समय था, जब मैं एक शख्स के खिलाफ अपने दिल में ईर्ष्या रखता था। लेकिन, अब मैं इसे पीछे छोड़ रहा हूं। मैं जिनकी बात कर रहा हूं, वो हनी सिंह हैं।'

मैं एक गलतफहमी के चलते नाखुश था

बादशाह वीडियो में आगे कहते हैं- 'मैं किसी गलतफहमी को लेकर उनसे नाखुश था और फिर मुझे अहसास हुआ कि हमारे इर्द-गिर्द जोड़ने वाले कम और तोड़ने वाले बहुत हैं। आज मैं सबको साफ-साफ बताना चाहता हूं कि मैंने अपनी जिंदगी के उस फेज को पीछे छोड़ दिया है और मैं उन्हें ढेर सारी शुभकामनाएं देना चाहता हूं।'

बादशाह ने बढ़ाया दोस्ती का हाथ

बता दें, बादशाह और हनी सिंह के बीच की लड़ाई 2009 में शुरू हुई थी। बादशाह और हनी सिंह अपने करियर के शुरुआती दिनों में साथ काम कर रहे थे, लेकिन फिर दोनों ने माफिया मुंडीर से अपने रास्ते अलग-अलग कर लिए। इसके बाद से लगातार दोनों आर्टिस्ट्स के बीच की अनबन बढ़ती गई और फिर सोशल मीडिया पर भी दोनों एक-दूसरे पर निशाना साधने लगे। हालांकि, अब बादशाह हनी सिंह से अपनी दुश्मनी को भुलाकर फिर दोस्ती का हाथ बढ़ाते दिख रहे हैं।

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन