1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. Chand Mera Dil teaser: अनन्या पांडे और लक्ष्य की केमिस्ट्री ने मचाया तहलका, फैंस को याद आईं 'कबीर सिंह' और 'सैयारा'

Chand Mera Dil teaser: अनन्या पांडे और लक्ष्य की केमिस्ट्री ने मचाया तहलका, फैंस को याद आईं 'कबीर सिंह' और 'सैयारा'

 Written By: Jaya Dwivedie @JDwivedie
 Published : Apr 07, 2026 01:43 pm IST,  Updated : Apr 07, 2026 01:45 pm IST

Chand Mera Dil teaser: बड़े पर्दे पर एक और नई जोड़ी आग लगाने के लिए तैयार है। अनन्या पांडे और लक्ष्य लावानी एक साथ नजर आएंगे और इसकी पहली झलक भी सामने आ चुकी है।

chaand mera dil- India TV Hindi
लक्ष्य और अनन्या। Image Source : STILL FROM CHAAND MERA DIL TEASER

भारतीय सिनेमा प्रेमियों के लिए साल 2026 की मच अवेटेड प्रेम कहानियों में से एक 'चांद मेरा दिल' का टीजर आखिरकार रिलीज कर दिया गया है। करण जौहर के धर्मा प्रोडक्शंस के बैनर तले बनी इस फिल्म में अनन्या पांडे और उभरते सितारे लक्ष्य मुख्य भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। फिल्म के शुरुआती पोस्टर्स ने पहले ही दर्शकों के बीच उत्सुकता पैदा कर दी थी, लेकिन टीजर के आने के बाद अब सोशल मीडिया पर इस फिल्म की चर्चा तेज हो गई है। यह फिल्म जुनून, रोमांस और प्यार में आने वाली जटिल चुनौतियों की एक गहरी दास्तां पेश करती है।

प्यार, पागलपन और जज्बातों का संगम

टीजर की शुरुआत बेहद खूबसूरत और रूमानी पलों से होती है, जहां लक्ष्य (आरव) और अनन्या (चांदनी) के बीच की गहरी नजदीकी और एक खुशहाल रिश्ते की झलक मिलती है। हालांकि जैसे-जैसे वीडियो आगे बढ़ता है, कहानी में एक अचानक मोड़ आता है जो दर्शकों को जुनून और गुस्से की एक अलग दुनिया में ले जाता है। टीजर में एक संवाद है 'प्यार में थोड़ा पागल होना ही पड़ता है,' जो फिल्म की मूल भावना को स्पष्ट करता है। यह कहानी किसी सलीकेदार या संयमित प्रेम की नहीं, बल्कि एक ऐसे कच्चे और तीव्र अहसास की है जो अपने साथ भावनात्मक बोझ भी लेकर आता है। फिल्म की टैगलाइन 'हर पहले प्यार को दूसरा मौका नहीं मिलता', जो दर्शकों को आरव और चांदनी के रोमांटिक सफर के उतार-चढ़ाव झलक पेश कर रहा है।

यहां देखें टीजर

दर्शकों की प्रतिक्रिया

टीजर रिलीज होने के बाद सिनेप्रेमियों की मिली-जुली प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। जहां कई प्रशंसक अनन्या और लक्ष्य की ताजा केमिस्ट्री और फहीम अब्दुल्ला के टाइटल ट्रैक की जमकर तारीफ कर रहे हैं, वहीं कुछ लोग इसकी तुलना पिछले कुछ वर्षों की कल्ट फिल्मों से कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर यूजर्स का कहना है कि टीजर की 'वाइब्स' शाहिद कपूर की 'कबीर सिंह' और फहीम के ही पिछले हिट गाने 'सैयारा' की याद दिलाती हैं। संगीत प्रेमियों के बीच फहीम अब्दुल्ला की आवाज और अमिताभ भट्टाचार्य के बोल पहले ही हिट साबित हो रहे हैं।

रिलीज की तारीख

विवेक सोनी के निर्देशन में बनी इस फिल्म को करण जौहर, आदर पूनावाला, अपूर्व मेहता, सोमेन मिश्रा और मारिज्के डिसूजा ने मिलकर प्रोड्यूस किया है। फिल्म का संगीत पक्ष बेहद मजबूत है, जिसकी कमान सचिन-जिगर की मशहूर जोड़ी ने संभाली है। 'चांद मेरा दिल' के जरिए लक्ष्य अपनी अभिनय क्षमता का लोहा मनवाने के लिए तैयार हैं, वहीं अनन्या पांडे एक बार फिर एक गंभीर और भावुक किरदार में नजर आएंगी। दुनिया भर के सिनेमाघरों में यह फिल्म 22 मई 2026 को दस्तक देने वाली है। निर्माताओं को उम्मीद है कि यह फिल्म युवाओं के बीच साल की सबसे बड़ी म्यूजिकल हिट साबित होगी।

ये भी पढ़ें: 11 की उम्र और जीता नेशनल अवॉर्ड, करियर को लगे पंख, फिर जिस्मफरोशी के बाजार में उछला नाम, अंधेरे में खोकर अब बनीं OTT क्वीन

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन