1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. मुश्किल में 3 सुपरस्टार्स, तीन दिनों के भीतर तीनों को देखना पड़ा अस्पताल का चेहरा, अब फैंस कर रहे सलामती की दुआ

मुश्किल में 3 सुपरस्टार्स, तीन दिनों के भीतर तीनों को देखना पड़ा अस्पताल का चेहरा, अब फैंस कर रहे सलामती की दुआ

 Written By: Jaya Dwivedie @JDwivedie
 Published : Nov 12, 2025 02:23 pm IST,  Updated : Nov 12, 2025 03:13 pm IST

बॉलीवुड को न जाने किसकी नजर लग गई है। पहले इंडस्ट्री में कई दिग्गज सितारों की मौत हुई और अब एक के बाद एक तीन फिल्मी सुपरस्टार्स अस्पताल का मुंह देख चुके हैं। फिलहाल फैंस इन तीनों की सलामती की दुआ कर रहे हैं।

dharmendra- India TV Hindi
धर्मेंद्र। Image Source : DHARMENDRA INSTAGRAM

नवंबर 2025 बॉलीवुड इंडस्ट्री के लिए कई उतार-चढ़ाव लेकर आया। महीने की शुरुआत से ही लगातार फिल्म जगत से चिंताजनक खबरें सामने आने लगीं, जिन्होंने फैंस को परेशान किया। पहले कई सितारों की मौत ने लोगों को हैरान किया और अब एक साथ कई दिग्गज सितारे अस्पताल पहुंच गए। मानो जैसे इंडस्ट्री पर किसी की नजर लग गई हो। पहले बॉलीवुड के ही-मन धर्मेंद्र की तबीयत बिगड़ी, फिर वेटरन एक्टर प्रेम चोपड़ा को अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसी बीच गोविंदा की सेहत को लेकर भी प्रशंसक चिंतित हैं। आइए जानते हैं कि इन दिग्गज सितारों की तबीयत अब कैसी है।

धर्मेंद्र को मिली अस्पताल से छुट्टी

89 साल के धर्मेंद्र उम्र से जुड़ी कई स्वास्थ्य समस्याओं का सामना कर रहे हैं। 10 नवंबर को अचानक सांस लेने में दिक्कत होने पर उन्हें मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों की निगरानी में रहने के तीन दिन बाद यानी 12 नवंबर की सुबह उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया। अब धर्मेंद्र घर पर हैं, जहां डॉक्टरों की एक टीम उनका आगे का इलाज जारी रखे हुए है। परिवार ने बताया कि वह धीरे-धीरे ठीक हो रहे हैं और आराम कर रहे हैं। अब उनकी रिकवरी घर पर ही होगी। इस दौरान उनका पूरा परिवार उनके साथ है।

गोविंदा की तबीयत बिगड़ी, अस्पताल में भर्ती

बॉलीवुड के जाने-माने एक्टर गोविंदा को मंगलवार की रात अचानक तबीयत खराब होने पर अस्पताल ले जाया गया। बताया जा रहा है कि वह अपने घर पर बेहोश हो गए थे। उनके दोस्त और वकील ललित बिंदल ने जानकारी दी कि एक्टर को तुरंत इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया था। ललित बिंदल ने आगे बताया, 'गोविंदा थोड़ा असहज महसूस कर रहे थे। उनके सभी जरूरी मेडिकल टेस्ट कर लिए गए हैं। अब रिपोर्ट्स और न्यूरोलॉजिस्ट की सलाह का इंतजार है। फिलहाल उनकी हालत स्थिर है और डॉक्टर्स लगातार उनकी निगरानी कर रहे हैं।'

प्रेम चोपड़ा की तबीयत भी बिगड़ी, अब हालत स्थिर

इसी दौरान वेटरन एक्टर प्रेम चोपड़ा को भी 10 नवंबर को दिल की तकलीफ और वायरल संक्रमण के चलते मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालांकि अब उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। उनके दामाद विकास भल्ला ने एक बयान जारी कर बताया कि स्थिति उतनी गंभीर नहीं है, जितनी अटकलें लगाई जा रही हैं। विकास ने कहा, 'ये सारी अफवाहें गलत हैं। प्रेम जी बिल्कुल ठीक हैं। उन्हें केवल कुछ नियमित जांचों के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया था क्योंकि उम्र के साथ कुछ सामान्य संक्रमण हुए थे। सभी रिपोर्ट्स सामान्य आई हैं और उन्हें जल्द ही घर भेज दिया जाएगा।' उन्होंने यह भी बताया कि जब वह आज सुबह उनसे मिलने गए तो प्रेम चोपड़ा बिल्कुल प्रसन्न मूड में थे। हालांकि वे धर्मेंद्र के स्वास्थ्य को लेकर चिंतित दिखे।

ये भी पढ़ें: किस्मत का खेल बाबू भैया! IITian बना फेमस एक्टर फिर ग्लैमर को दिखाया ठेंगा और क्रैक की UPSC परीक्षा, अब बना IPS

कभी थीं हर घर की पहचान, 18 की उम्र में जीता मिस इंडिया, आमिर-सलमान की हीरोइन बनी धर्मेंद्र की बहू

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन