सिनेमा प्रेमियों के लिए 19 मार्च एक बड़ा दिन होने वाला है, जब रणवीर सिंह अभिनीत 'धुरंधर 2: द रिवेंज' आधिकारिक तौर पर सिनेमाघरों में दस्तक देगी। फिल्म की उत्सुकता को देखते हुए मेकर्स ने 18 मार्च की शाम से ही इसके पेड प्रीव्यू शुरू करने का फैसला किया है। इस फिल्म के निर्देशक आदित्य धर ने दिग्गज निर्देशक प्रियदर्शन के सहायक के रूप में अपने करियर की शुरुआत की थी, आज भारतीय सिनेमा में एक सफल नाम बन चुके हैं। एक गीतकार से लेकर सफल निर्देशक और अब अपने भाई लोकेश धर के साथ B62 स्टूडियोज के निर्माता के रूप में उनका सफर प्रेरणादायक रहा है।
आदित्य धर ने साल 2019 में अपनी पहली ही फिल्म 'उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक' से अपनी काबिलियत का लोहा मनवाया था। 2016 के उरी हमले के बाद भारत द्वारा किए गए जवाबी हमले पर आधारित इस फिल्म ने न केवल बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्ड तोड़े, बल्कि चार नेशनल फिल्म अवार्ड्स भी अपने नाम किए। इनमें सर्वश्रेष्ठ निर्देशक (आदित्य धर), सर्वश्रेष्ठ अभिनेता (विक्की कौशल), सर्वश्रेष्ठ ऑडियोग्राफी और सर्वश्रेष्ठ संगीत (शाश्वत सचदेव) शामिल थे। दिलचस्प बात यह है कि संगीतकार शाश्वत सचदेव ने 'धुरंधर' फ्रेंचाइजी के लिए भी वापसी की है।
जब 'उरी' के समय पाकिस्तान में फिल्म की रिलीज को लेकर विवाद हुआ तो आदित्य धर ने बहुत ही संजीदा और स्पष्ट जवाब दिया था। उन्होंने कहा था, 'मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता। अगर वो भरोसा करते हैं और एक बार ये फिल्म देखें कि इस फिल्म में पाकिस्तानी जनता के खिलाफ कुछ नहीं बोला है। जो भी बोला गया है वो टेररिज्म के खिलाफ बोला गया है। अगर वो ये समझ जाएं कि हम टेररिज्म से लड़ रहे हैं, किसी जनता या किसी इंडिविजुअल से नहीं, मुझे लगता है उनको भी बहुत पसंद आएगी।' अब निर्देशक का ये बयान काफी वायरल हो रहा है। इस वीडियो पर फैंस रिएक्शन दे रहे हैं और तारीफ में कह रहे हैं कि धुरंधर 2 भले ही पाकिस्तान में रिलीज न हो लेकिन इसके बावजूद ये सुपरहिट होगी।
हैरानी की बात यह है कि 'उरी' और यामी गौतम, मोहित रैना, परेश रावल व कीर्ति कुल्हारी अभिनीत 'धुरंधर' के पाकिस्तान में आधिकारिक तौर पर रिलीज न होने के बावजूद, वहां इन फिल्मों की जबरदस्त दीवानगी देखी गई। रिपोर्ट्स के अनुसार पाकिस्तान में 'धुरंधर' की पायरेटेड कॉपियां मात्र 16 रुपये में बिकीं और रिलीज के महज 12 दिनों के भीतर वहां 2 मिलियन से अधिक अवैध डाउनलोड दर्ज किए गए। इतना ही नहीं, जब यह फिल्म डिजिटल प्लेटफॉर्म पर आई तो यह नेटफ्लिक्स पाकिस्तान पर लंबे समय तक शीर्ष स्थान पर काबिज रही। अब देखना यह होगा कि 'धुरंधर 2: द रिवेंज' बॉक्स ऑफिस पर सफलता के कौन से नए आयाम स्थापित करती है।
ये भी पढ़ें: मजनू-उदय भाई संग डॉक्टर घुंघरू की वापसी, चीन-दुबई से जुड़ेगा कनेक्शन, Welcome 4 ला रही ठहाके का बंपर डोज
संपादक की पसंद