'धुरंधर: द रिवेंज' का मोस्ट अवेटेड टीजर आ गया है। धुरंधर के दूसरे भाग की पहली झलक का दर्शक बेसब्री से इंतजार कर रहे रहे थे, जो आज जाकर खत्म हुआ। मेकर्स ने सोमवार, 2 फरवरी की रात को ही एक पोस्ट शेयर करते हुए 'धुरंधर 2' के टीजर की ओर इशारा किया था। वही अब धुरंधर पार्ट 1 के सिनेमाघरों में रिलीज होने के 60 दिन बाद, निर्माताओं ने 3 फरवरी, 2026 को दोपहर 12:12 बजे धुरंधर पार्ट 2 का पहला टीजर जारी किया। जब से मेकर्स ने टीजर रिलीज की ओर इशारा किया था, फैंस इसे लेकर काफी एक्साइटेड थे, लेकिन अब टीजर के जारी होने पर कई का कहना है कि आदित्य धर ने उनकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया है।
धुरंधर 2 का टीजर देख निराश हुए यूजर
धुरंधर 2 का टीजर जारी होते ही जहां कुछ ने इसकी तारीफ की तो कुछ ने निराशा जाहिर की। कई का कहना है कि धुरंधर 2 के टीजर ने उनकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया है। दरअसल, धुरंधर 2 का टीजर पहले भाग के अंत में दिखाए गए दृश्यों से मिलता-जुलता है। ऐसे में कई का कहना है कि धुरंधर 2 के टीजर में कुछ भी नया नहीं है और मेकर्स ने ठीक वही चंक्स उठाकर उसे टीजर में बदलकर शेयर कर दिया है, जो उन्होंने पहले भाग में देखा था। यूजर्स के अनुसार, इक्का-दुक्का सीन को छोड़ दिया जाए तो पूरा टीजर पहले भाग के आखिरी यानी पोस्ट क्रेडिट में ही दिखाया जा चुका है।
टीजर पर यूजर्स के रिएक्शन
धुरंधर 2 का टीजर पूरी तरह से रणवीर सिंह के इर्द-गिर्द घूमता है और उनके अलग-अलग रूप देखने को मिलते हैं। कभी हमजा के रूप में वह ल्यारी पर अपनी हुकूमत चलाते दिखे तो कहीं जसकीरत सिंह रंगी के रूप में, जिसकी झलक पहले पार्ट में भी देखने को मिली थी। टीजर पर प्रतिक्रिया देते हुए एक यूजर ने लिखा - 'ये तो पहले पार्ट में पहले ही देख चुके थे, नया क्या है?' एक अन्य ने लिखा- 'ओए... चूना लगा दिया चूना, ये तो मूवी के लास्ट वाला ही टीजर दिखा दिया।' एक ने लिखा- 'आदित्य धर सिर्फ फिल्म की हाइप चेक कर रहे थे।' एक और लिखता है - 'ये क्या था आदित्य धर? टीजर के नाम पर पार्ट 1 का पोस्ट क्रेडिट फिर से दिखा दिया।'
धुरंधर 2 की रिलीज डेट
धुरंधर 2 की रिलीज डेट की बात करें तो मेकर्स ने पहले भाग के साथ ही फिल्म के दूसरे भाग की रिलीज डेट का भी ऐलान कर दिया था, जिसके अनुसार फिल्म 19 मार्च 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। लेकिन, संकट ये है कि इसी दिन कन्नड़ सुपरस्टार यश की 'टॉक्सिक' भी रिलीज होने वाली है, जो लंबे समय से सुर्खियों में बनी हुई है। यानी 19 मार्च को बॉक्स ऑफिस पर ये दो बड़ी फिल्में आपस में टकराने वाली हैं। फैंस इस उम्मीद में थे कि आदित्य धर या गीतू मोहन में से कोई एक अपनी फिल्म की रिलीज डेट आगे बढ़ा सकता है, लेकिन आदित्य धर साफ कर चुके हैं कि फिल्म उसी दिन रिलीज होगी, वहीं टॉक्सिक के निर्माता भी अपने फैसले से पीछे हटते नहीं दिख रहे।