1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. दिलजीत दोसांझ और पाकिस्तानी हसीना के सपोर्ट में आई 'ड्रामा क्वीन', कही ऐसी बात, फूट पड़ा लोगों का गुस्सा

दिलजीत दोसांझ और पाकिस्तानी हसीना के सपोर्ट में आई 'ड्रामा क्वीन', कही ऐसी बात, फूट पड़ा लोगों का गुस्सा

 Written By: Jaya Dwivedie @JDwivedie
 Published : Jun 26, 2025 12:18 pm IST,  Updated : Jun 26, 2025 12:18 pm IST

दिलजीत दोसांझ और पाकिस्तानी हसीना हानिया आमिर की अपकमिंग फिल्म 'सरदार जी 3' को लेकर विवाद बढ़ता ही जा रहा है। अब हाल ही में राखी सावंत भी इस विवाद में कूद पड़ी हैं और उन्होंने ऐसी बात कही कि लोग भड़क गए हैं।

Rakhi sawant- India TV Hindi
हानिया आमिर, दिलजीत दोसांझ और राखी सावंत। Image Source : INSTAGRAM

बॉलीवुड की विवादित लेकिन बेबाक अदाकारा राखी सावंत ने अभिनेता-गायक दिलजीत दोसांझ और पाकिस्तानी एक्ट्रेस हनिया आमिर का समर्थन किया है, जो अपनी आगामी फिल्म ‘सरदार जी 3’ को लेकर विवादों में घिर गए हैं। दरअसल, फिल्म में पाकिस्तानी अभिनेत्री हनिया आमिर की कास्टिंग को लेकर कुछ भारतीय संगठनों ने नाराजगी जताई है। गुरुवार को राखी सावंत ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर फिल्म से जुड़ी एक झलक साझा की, जिसमें दिलजीत दोसांझ और हनिया आमिर साथ नजर आ रहे हैं। 

राखी सावंत ने कही ये बात

उन्होंने वीडियो को कैप्शन दिया, 'बधाई हो मेरी स्वीटहार्ट हनिया आमिर। मैं बहुत खुश हूं। आखिरकार आप बॉलीवुड फिल्मों में हैं। बधाई हो दलजीत सरदार जी 3।' राखी ने फिल्म से जुड़ा एक और वीडियो शेयर करते हुए अपने प्रशंसकों से यह फिल्म देखने की अपील की। उन्होंने लिखा, 'हर किसी को यह फिल्म देखनी चाहिए। सरदार जी 3 में हनिया आमिर डेब्यू कर रही हैं।' दोनों ही वीडियो वायरल हो गए हैं और लोग राखी सावंत को खरीखोटी सुना रहे हैं। कई यूजर्स कमेंट सेक्शन में काफी भड़के नजर आए। एक यूजर ने राखी को लिखा, 'जिस थाली में खाई उसी में छेद'। वहीं एक और यूजर ने उनके बारे में बात करते हुए कहा, 'राखी पहले ही भारत छोड़कर भाग गई हैं और अब उसकी वापसी पर भी बैन लगा देना चाहिए।' एक अन्य यूजर ने लिखा, 'राखी कभी देश की सगी नहीं रही है।'

यहां देखें पोस्ट

दिलजीत को बैन करने की हो रही मांग

हालांकि, फिल्म की रिलीज को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। हाल के राजनीतिक तनाव और इस साल की शुरुआत में हुए पहलगाम आतंकी हमले के बाद, भारत में पाकिस्तानी कलाकारों के साथ काम करने को लेकर माहौल संवेदनशील हो गया है। फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (FWICE) और ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) जैसे संगठनों ने दिलजीत दोसांझ और उनकी फिल्मों पर भारत में प्रतिबंध लगाने की मांग की है। 

दिलजीत दे चुके हैं सफाई

इस विवाद पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए दिलजीत दोसांझ ने हाल ही में बीबीसी एशियन नेटवर्क को एक इंटरव्यू में बताया कि फिल्म की शूटिंग फरवरी 2024 में पूरी हो चुकी थी, जब हालात सामान्य थे। उन्होंने कहा, 'जब यह फिल्म बनी थी, तब सब कुछ ठीक था। हमने इसे फरवरी में शूट किया था। उसके बाद बहुत सी घटनाएं हुईं, जो हमारे नियंत्रण से बाहर थीं।' दिलजीत ने यह भी स्पष्ट किया कि मौजूदा स्थिति को देखते हुए निर्माता अब फिल्म को भारत में रिलीज नहीं करेंगे। उन्होंने कहा, 'निर्माताओं ने बहुत पैसा लगाया है और अब उन्होंने फैसला किया है कि फिल्म केवल विदेशों में ही रिलीज होगी।' ‘सरदार जी 3’ का निर्देशन अमर हुंडल ने किया है और यह फिल्म 27 जून को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रिलीज की जाएगी। हालांकि, भारत में यह फिल्म फिलहाल सिनेमाघरों में नहीं दिखाई जाएगी।

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन