साल 2005 में इमरान हाशमी, तनुश्री दत्ता और सोनू सूद स्टारर एक फिल्म रिलीज हुई, जिसका एक गाना 'लव वायरस' की तरह हर तरफ फैल गया और युवाओं को अपनी चपेट में ले लिया। हाल ये था कि यंग एज के लड़के-लड़कियां छुप-छुप कर इमरान हाशमी और तनुश्री दत्ता पर फिल्माया ये गाना देखते और जैसे ही किसी की आहट मिलती, तुरंत बंद कर देते। जी हां, हम बात कर रहे हैं 2005 में रिलीज हुई 'आशिक बनाया आपने' के टाइटल ट्रैक 'आशिक बनाया आपने' की, जिसका जादू 20 साल बाद भी बरकरार है। अगर आपने ये गाना देखा है तो जानते होंगे कि उस दौर में ये गाना अपने आप में कितना बोल्ड था।
हिमेश रेशमिया और श्रेया घोषाल ने दी थी आवाज
2005 में रिलीज हुई आशिक बनाया आपने का टाइटल ट्रैक तनुश्री दत्ता और इमरान हाशमी पर फिल्माया गया था। इस गाने को हिमेश रेशमिया और श्रेया घोषाल ने गाया था और उस दौर में काफी हिट हुआ था। खास बात तो ये है कि आज भी इस गाने की दीवानगी बरकरार है। गाने की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि यूट्यूब पर 20 साल पुराने इस गाने को 13 साल पहले यूट्यूब पर टी-सीरीज द्वारा अपलोड किया गया था और अब तक इसे 633 मिलियन से ज्यादा व्यूज मिल चुके हैं।
तनुश्री दत्ता और इमरान हाशमी की जबरदस्त केमेस्ट्री
2005 में रिलीज हुई इस फिल्म में इमरान हाशमी और तनुश्री दत्ता की जबरदस्त केमेस्ट्री देखने को मिली थी। लेकिन, सबसे ज्यादा जिसके चर्चे थे वो था ये गाना, जिसमें काफी रोमांटिक सीन थे, जो उन दिनों के हिसाब से काफी बोल्ड थे। गाने पर कमेंट करते हुए यूजर्स का भी कुछ ऐसा ही कहना है। एक यूजर ने कमेंट करते हुए लिखा- 'इस गाने को देखना हमारे बचपन का सबसे बड़ा क्राइम था। 90 के दशक के बच्चे ही इसका रिस्क समझ सकते हैं।' एक ने लिखा- 'आज के समय के बच्चे उस रिस्क की कल्पना भी नहीं कर सकते जो हमने इसे गाने को देखकर उठाया था।' एक लिखता है- '90s के बच्चे ही समझ सकते हैं, उन दिनों इस गाने को देखना और सुनना कितना बड़ा रिस्क था।'
आशिक बनाया आपने की कास्ट और कहानी
2005 में रिलीज हुई इस फिल्म में इमरान हाशमी, तनुश्री दत्ता और सोनू सूद लीड रोल में थे। ये एक लव ट्रायएंगल थी, जिसमें विक्की और उसका दोस्त करण एक ही लड़की स्नेहा के प्यार में पड़ जाते हैं। स्नेहा विक्की से प्यार करती है, लेकिन जब उसे पता चलता है कि विक्की इश्कबाज है तो वो करण के पास चली जाती है, जो उससे प्यार करता है। कहानी में मोड़ तब आता है, जब करण, स्नेहा को पाने के लिए उसे बहकाने लगता है और उसके सामने विक्की की इमेज खराब करने लगता है। करण, विक्की को ड्रग्स के झूठे आरोप में फंसा देता है, जिसके बाद करण और विक्की के बीच झगड़ा होता है और इसमें एक लड़की की जान चली जाती है।
ये भी पढ़ेंः इंग्लिश विंग्लिश की सपना गोडबोले याद है? 13 साल पहले निभाया था श्रीदेवी की बेटी का रोल,अब इतना बदल गया अंदाज