1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. विजय के लिए तृषा कृष्णन के सीक्रेट मैसेज को फैंस ने किया डीकोड, '00.00' को बताया प्यार का टाइम कोड

विजय के लिए तृषा कृष्णन के सीक्रेट मैसेज को फैंस ने किया डीकोड, '00.00' को बताया प्यार का टाइम कोड

 Written By: Jaya Dwivedie @JDwivedie
 Published : Jun 24, 2026 08:04 pm IST,  Updated : Jun 24, 2026 08:05 pm IST

एक्ट्रेस तृषा कृष्णन का विजय के लिए स्पेशल पोस्ट सुर्खियों में है और फैंस इस पर लिखे गए मैसेज को डीकोड करने में लगे हुए हैं। कई फैंस ने उनके पोस्ट में लिखे 00.00 का खास मतलब समझाया है।

vIJAY AND TRISHA- India TV Hindi
विजय और तृषा। Image Source : TRISHA KRISHNAN/INSTAGRAM

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और मशहूर अभिनेता विजय ने 22 जून को अपना 52वां जन्मदिन मनाया। इस खास मौके पर जहां देश भर से उनके फैंस और करीबियों ने उन्हें बधाइयां दी और खास तोहफे भेजे, वहीं दूसरी तरफ सोशल मीडिया पर एक और चर्चा ने खूब सुर्खियां बटोरीं। अफवाहें उड़ रही थीं कि विजय की कथित गर्लफ्रेंड और अभिनेत्री तृषा कृष्णन ने उन्हें सोशल मीडिया पर अनफॉलो कर दिया है, लेकिन ठीक एक दिन बाद मंगलवार शाम को तृषा ने एक बेहद खास पोस्ट के जरिए इन सभी अफवाहों पर पूरी तरह विराम लगा दिया। उन्होंने एक ऐसा पोस्ट किया, जिसने न सिर्फ लोगों को चौंका दिया, बल्कि उसमें लिखे खास मैसेज पर लोगों की निगाहें टिक गईं और लोग इस मैसेज को डीकोड करने में लग गए। कई फैंस ने इसका मतलब खोज निकाला है, जो कि काफी गहरा है।

तस्वीर ने बयां की दोनों की नजदीकी

तृषा ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर विजय के साथ एक बेहद खूबसूरत तस्वीर साझा की। चेन्नई में क्लिक की गई इस फोटो में विजय प्रिंटेड शर्ट पहने हुए मुस्कुराते नजर आ रहे हैं, जबकि तृषा अपनी नजरें उन पर से हटा नहीं पा रही हैं और उन्हें देखकर प्यार से मुस्कुरा रही हैं। इस तस्वीर में दोनों के सामने पांच अलग-अलग केक रखे नजर आ रहे हैं, जिनमें से तीन तिरामीसु केक थे। अब इन केक्स को लेकर इंटरनेट पर फैंस तरह-तरह के कयास लगा रहे हैं। तेज नजर रखने वाले कुछ फैंस ने नोटिस किया कि जिस मशहूर कैफे चेन का यह तिरामीसु केक है, उसका कोई आउटलेट चेन्नई में है ही नहीं। इसके बाद लोगों ने अंदाजा लगाना शुरू कर दिया कि तृषा ने इसे खास तौर पर हैदराबाद से फ्लाइट के जरिए मंगवाया है। एक यूजर ने लिखा, 'यह चेन्नई का केक नहीं है, शायद वह इसे हैदराबाद से मंगवाकर लाई हैं।' वहीं एक अन्य यूजर ने दावा किया, '5 साल के रिश्ते के लिए 5 केक!!! इसकी शुरुआत साल 2022 में हुई थी और यह उनके साथ जन्मदिन का पांचवां जश्न है।'

यहां देखें पोस्ट

कैप्शन के 00.00 के निकाले जा रहे हैं कई गहरे मतलब

इस पोस्ट के चर्चा में आने की एक बड़ी वजह इसका कैप्शन भी रहा। तृषा ने विजय के लिए लिखा, 'उस शख्स के नाम, जो हर चीज को बेहद खास बना देता है, जन्मदिन मुबारक, लेकिन इस लाइन के ठीक नीचे उन्होंने लिखा था '00.00'।' इस रहस्यमयी टाइम कोड को देखकर फैंस हैरान हैं। कुछ लोगों का मानना है कि दोनों ने आधी रात को ठीक 12 बजे एक साथ बर्थडे सेलिब्रेट किया था। वहीं कुछ फैंस ने डिजिटल लव लैंग्वेज में इसका गहरा मतलब ढूंढ निकाला। एक यूजर ने समझाया, 'प्यार की भाषा में '00.00' का इस्तेमाल एक सीक्रेट कोड की तरह होता है, जिसका मतलब होता है, 'मैं तुम्हें वक्त खत्म होने 00.00 तक प्यार करूंगा', यानी हमेशा के लिए अटूट प्यार।'

सालों पुरानी अफवाहें और निजी जिंदगी में मची उथल-पुथल

तृषा और विजय के रिश्ते की अफवाहें आज की नहीं हैं, बल्कि दोनों का नाम साल 2004 से ही एक-दूसरे के साथ जोड़ा जाता रहा है। हालांकि यह चर्चा इस साल तब और गंभीर हो गई जब विजय की पत्नी संगीता सोर्नालिंगम ने कोर्ट में तलाक की अर्जी दाखिल कर दी। संगीता ने अपनी याचिका में आपसी मतभेदों और मानसिक प्रताड़ना का हवाला देने के साथ-साथ विजय पर शादी से इतर गैर-महिला से रिश्ता रखने का गंभीर आरोप भी लगाया था। ऐसे में तृषा की इस हालिया पोस्ट ने एक बार फिर दोनों के रिश्तों को लेकर कयासों का बाजार गर्म कर दिया है।

ये भी पढ़ें: स्टेज 4 कैंसर से जंग, सर्जरी और कीमोथेरेपी के बीच नफीसा अली ने किया कमाल, 11000 फीट की ऊंचाई पर की ट्रेकिंग, दिखाई झलक

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन