1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. 'गजनी' एक्ट्रेस असिन की बेटी खूबसूरती में नहीं मां से कम, खास अंदाज में लाइमलाइट चुराती दिखीं नन्हीं अरिन, लोग बोले- मां की परछाई

'गजनी' एक्ट्रेस असिन की बेटी खूबसूरती में नहीं मां से कम, खास अंदाज में लाइमलाइट चुराती दिखीं नन्हीं अरिन, लोग बोले- मां की परछाई

 Written By: Jaya Dwivedie
 Published : Aug 27, 2026 06:54 am IST,  Updated : Aug 27, 2026 06:54 am IST

फिल्मों से दूर असिन ने परिवार संग ओणम का त्योहार मनाया। उन्होंने सोशल मीडिया पर अपनी बेटी अरिन की तस्वीरें साझा कीं, जिसमें वे एथनिक लुक में खूबसूरत फूलों की रंगोली बनाती नजर आ रही हैं।

asin daughter arin- India TV Hindi
आसिन और आरिन। Image Source : SIMPLY.ASIN/INSTAGRAM

साउथ सिनेमा से लेकर बॉलीवुड तक अपनी अदाकारी का परचम लहराने वाली अभिनेत्री असिन भले ही लंबे समय से बड़े पर्दे और लाइमलाइट से दूर हैं, लेकिन उनके फैंस के बीच उनका क्रेज आज भी बरकरार है। आमिर खान के साथ सुपरहिट फिल्म 'गजनी' से बॉलीवुड में कदम रखने वाली असिन ने साल 2016 में शादी के बाद एक्टिंग करियर को अलविदा कह दिया था। सोशल मीडिया पर बेहद कम सक्रिय रहने वाली असिन ने हाल ही में अपने फैंस को एक खास सरप्राइज दिया है। उन्होंने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट के जरिए अपने परिवार के साथ मनाए गए ओणम उत्सव की कुछ बेहद मनमोहक और अनदेखी झलकियां साझा की हैं।

फूलों की रंगोली बनाती दिखीं असिन की बेटी अरिन

असिन द्वारा शेयर की गई तस्वीरों में उनकी बेटी अरिन ओणम की तैयारियों में जुटी नजर आ रही हैं। नारंगी रंग की पारंपरिक ड्रेस और फूले हुए स्लीव्स वाले एथनिक आउटफिट में अरिन बेहद प्यारी लग रही हैं। तस्वीरों में वह घर के आंगन में ताजे फूलों से खूबसूरती से रंगोली सजाती हुई दिखाई दे रही हैं। अभिनेत्री अपनी जिंदगी के बारे में कम ही पोस्ट कर रही है, इसलिए जैसे ही ये तस्वीरें सामने आईं, सोशल मीडिया पर फैंस का उत्साह बढ़ गया और इंटरनेट पर अरिन की ये मासूम तस्वीरें तेजी से वायरल होने लगीं। लोग इन तस्वीरों को देखने के बाद एक ही बात कह रहे हैं कि अरिन आसिन पर गई हैं और बिल्कुल अपनी मां की तरह ही खूबसूरत लगती हैं।

Asin
Image Source : SIMPLY.ASIN/INSTAGRAMआसिन की बेटी आरिन।

सफल करियर के बाद शादी और परिवार को दिया प्राथमिकता

असिन ने 19 जनवरी 2016 को बिजनेसमैन और माइक्रोमैक्स के सह-संस्थापक राहुल शर्मा के साथ सात फेरे लिए थे। इस शादी में उद्योग जगत और बॉलीवुड के कई दिग्गज शामिल हुए थे। शादी के बाद अक्टूबर 2017 में असिन और राहुल के घर एक नन्ही परी ने जन्म लिया, जिसका नाम उन्होंने अरिन रखा। अपनी बेटी के जन्म के समय असिन और राहुल ने एक आधिकारिक बयान जारी कर प्रशंसकों के साथ अपनी खुशी बांटी थी। उन्होंने कहा था, 'हमें यह बताते हुए बेहद खुशी हो रही है कि हमारे घर एक नन्ही परी का आगमन हुआ है। बीते नौ महीने हम दोनों के लिए बेहद खास और रोमांचक रहे हैं। हम अपने सभी शुभचिंतकों और समर्थकों का तहे दिल से धन्यवाद करते हैं जिन्होंने हमें हमेशा अपना प्यार और आशीर्वाद दिया है।' बेटी के जन्म के बाद असिन ने अपना पूरा ध्यान अपने परिवार और अपनी बेटी के पालन-पोषण पर केंद्रित कर लिया।

साउथ से लेकर बॉलीवुड तक दर्ज कराई बड़ी सफलताएं

असिन ने अपने अभिनय सफर की शुरुआत दक्षिण भारतीय सिनेमा से की थी, जहां उन्होंने तमिल, तेलुगु और मलयालम भाषाओं की कई ब्लॉकबस्टर फिल्मों में काम किया और खुद को एक शीर्ष अभिनेत्री के रूप में स्थापित किया। इसके बाद साल 2008 में उन्होंने फिल्म 'गजनी' के जरिए बॉलीवुड में ऐतिहासिक शुरुआत की। यह फिल्म भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 100 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार करने वाली पहली हिंदी फिल्म बनी थी।

हिंदी सिनेमा में अपनी पहली ही फिल्म से तहलका मचाने के बाद असिन ने सलमान खान के साथ 'रेडी', अजय देवगन के साथ 'बोल बच्चन' और अक्षय कुमार के साथ 'हाउसफुल 2' जैसी सुपरहिट और मनोरंजक फिल्मों में अभिनय किया। बड़े पर्दे पर उनकी आखिरी उपस्थिति साल 2015 में रिलीज हुई कॉमेडी फिल्म 'ऑल इज वेल' में थी, जिसमें उनके साथ अभिषेक बच्चन, ऋषि कपूर और सुप्रिया पाठक नजर आए थे। हालांकि असिन अब अभिनय से पूरी तरह दूरी बना चुकी हैं, लेकिन अपनी निजी जिंदगी की इन छोटी-छोटी झलकियों के जरिए वे आज भी अपने फैंस के दिलों में एक खास जगह बनाए हुए हैं।

ये भी पढ़ें:  'टॉक्सिक' ने पहले दिन ही 'धुरंधर 2' को दी मात, एडवांस बुकिंग में चटा दी धूल, कमाई में जमीन-आसमान का फर्क

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन