1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. 'गजनी' के विलेन प्रदीप रावत ने की थी 2 शादियां, दूसरी पत्नी कल्याणी संग रोमांटिक है लव स्टोरी

'गजनी' के विलेन प्रदीप रावत ने की थी 2 शादियां, दूसरी पत्नी कल्याणी संग रोमांटिक है लव स्टोरी

 Written By: Priya Shukla
 Published : Aug 05, 2026 11:30 am IST,  Updated : Aug 05, 2026 11:30 am IST

टीवी पर अश्वत्थामा बनकर मशहूर हुए प्रदीप रावत के निधन ने सबको चौंका दिया है। उन्होंने 74 साल की उम्र में अपनी आखिरी सांस ली। रील लाइफ में खलनायक की भूमिकाओं से दर्शकों को डराने वाले प्रदीप रियल लाइफ में काफी रोमांटिक थे।

pradeep rawat- India TV Hindi
पत्नी कल्याणी के साथ प्रदीप रावत। Image Source : INSTAGRAM/@I_PRADEEPRAWAT

बी.आर. चोपड़ा के पौराणिक धारावाहिक 'महाभारत' से अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत करने वाले प्रदीप रावत ने 74 साल की उम्र में ही इस दुनिया को अलविदा कह दिया। मंगलवार, 4 अगस्त को उन्होंने आखिरी सांस ली। इस खबर ने पूरी इंडस्ट्री और उनके चाहने वालों को गहरा सदमा दिया है। प्रदीप रावत के मैनेजर ने उनके निधन की पुष्टि की है। खबर सामन आने के बाद इंडस्ट्री के लोग और उनके चाहने वाले सोशल मीडिया के जरिए उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं। प्रदीप रावत लंबे समय से ब्लड कैंसर से जूझ रहे थे और करीब एक महीने से उनका अस्पताल में इलाज चल रहा था। बड़े पर्दे पर खौफनाक विलेन के किरदारों से अपनी पहचान बनाने वाले प्रदीप रावत ने हमेशा ही अपनी निजी लाइफ को लाइमलाइट से दूर रखा। इस बीच चलिए आपको बताते हैं कि उनके परिवार में कौन-कौन है।

प्रदीप रावत के बारे में

प्रदीप रावत अंबाला के रहने वाले थे और अभिनय की दुनिया में कदम रखने का उनका दूर-दूर तक कोई प्लान नहीं था। अपने पिता की तरह वह भी भारतीय सेना जॉइन करना चाहते थे, लेकिन किस्मत उन्हें अभिनय तक ले आई। पढ़ाई पूरी करने के बाद जबलपुर में उन्हें एक बैंक में नौकरी मिल गई, लेकिन इसी बीच वह राज बब्बर के थिएटर ग्रुप 'एकजुट थिएटर' से जुड़ गए और एक्टिंग सीखने लगे। थिएटर के दौरान राज बब्बर के एक दोस्त की नजर उन पर पड़ी और उनकी सलाह पर बीआर चोपड़ा के सीरियल 'महाभारत' में उन्होंने अस्वत्थामा के किरदार के लिए ऑडिशन दिया और ये रोल उन्हें मिल गया, जिसने उनकी एक्टिंग इंडस्ट्री में राह आसान कर दी।

प्रदीप रावत ने की थी दो शादियां

यूं तो सभी प्रदीप रावत की पत्नी के रूप में कल्याणी को ही जानते हैं, लेकिन उन्होंने एक नहीं बल्कि दो शादी की थीं। हालांकि, प्रदीप रावत की पहली कौन थीं और कहां की रहने वाली थीं, इसकी कोई जानकारी नहीं है, लेकिन इसका खुलासा  भी खुद अभिनेता ने किया था। उन्होंने सिद्धार्थ कनन के साथ बातचीत के दौरान खुद बताया था कि कल्याणी उनकी दूसरी पत्नी हैं। इससे पहले उनकी शादी पांच महीने तक ही टिक पाई थी। इस दौरान उन्होंने अपनी शादी टूटने की वजह के बारे में बात करते हुए कहा था- 'उसने मुझ पर हैरेसमेंट के झूठे आरोप लगाए थे और पुलिस में शिकायत भी दर्ज करा दी थी। जिसके बाद हमारा पांच महीने में ही तलाक हो गया।'

पहली पत्नी ने लगाए थे हैरेसमेंट के आरोप

बातचीत के दौरान प्रदीप रावत ने कहा था- 'साढ़े 5 महीने में ही हमारा तलाक हो गया था। वो तब प्रेग्नेंट थी और वो मेरा बच्चा था। तब उसने सोचा कि मुझसे वसूली की जाए तो उन्होंने मेरे और मेरे परिवार के खिलाफ शिकायत दर्ज करा दी। उनके घरवालों ने कहा कि ये विलेन है, इसने शराब पीकर हमारी बेटी को मारा है। लेकिन, वो केस 1 महीने में ही बंद हो गया। इसके बाद  उसका कहीं और दिल लग गया तो उन्होंने हमारे वकील के सामने हाथ जोड़ लिए और अपने गुनाह कबूल कर लिए।'

प्रदीप रावत और कल्याणी की लव स्टोरी

पहली पत्नी के जाने के बाद प्रदीप रावत की जिंदगी में कल्याणी की एंट्री हुई। दोनों की मुलाकात साल 2006 में  फिल्म 'स्टालिन' के दौरान हुई थी। एक इंटरव्यू में प्रदीप रावत ने कहा था कि जैसे ही  उनकी नजर कल्याणी पर पड़ी, उन्हें उनसे प्यार हो गया था। हालांकि, शुरुआत में कल्याणी उनमें दिलचस्पी नहीं ले रही थीं और काफी स्ट्रिक्ट नेचर की थीं। लेकिन, किस्मत में तो दोनों का साथ था। एक दिन कल्याणी की कार खराब हो गई और प्रदीप के मैनेजर ने उनसे पूछा कि क्या वो प्रदीप के साथ जा सकती हैं। उन्होंने हिचकिचाते हुए हामी भरी और फिर दोनों के बीच में बातचीत शुरू हुई। दोनों ने एक-दूसरे के फोन नंबर बदले और कुछ महीने डेट करने के बाद शादी का फैसला कर लिया। .2006 में दोनों ने शादी कर ली। शादी के बाद दोनों ने दो बेटों का इस दुनिया में स्वागत किया, जिनका नाम विक्रम रावत और सिंह रावत है।

ये भी पढ़ेंः जब बॉलीवुड में चमचमाता करियर छोड़ साउथ चले गए प्रदीप रावत, कहा था- 'बिना मांगे, तीन गुना पैसा मिलता है'

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन