1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. कहां है गोविंदा की 'लाल दुपट्टे वाली' हीरोइन? लोग कहते थे करिश्मा की हमशक्ल, 32 साल बाद भी कायम है ग्लैमर

कहां है गोविंदा की 'लाल दुपट्टे वाली' हीरोइन? लोग कहते थे करिश्मा की हमशक्ल, 32 साल बाद भी कायम है ग्लैमर

 Written By: Priya Shukla
 Published : Jun 10, 2025 07:34 pm IST,  Updated : Jun 10, 2025 07:35 pm IST

पहली ही फिल्म में गोविंदा के साथ रोमांस करके रातों-रात स्टार बनी इस हीरोइन ने कुछ ही फिल्में करने के बाद फिल्मी दुनिया से दूरी बना ली। अब ये अभिनेत्री कहां हैं और क्या कर रही हैं, चलिए जानते हैं।

Ritu Shivpuri- India TV Hindi
रितु शिवपुरी ने 'आंखें' से डेब्यू किया था। Image Source : YOUTUBE

गोविंदा 90 के दशक के वो सुपरस्टार थे, जिनके साथ हर हीरोइन, फिल्ममेकर और डायरेक्टर काम करना चाहता था। एक दौर ऐसा भी आया जब स्टारडम के मामले में गोविंदा टॉप पर थे, उनकी फिल्में बैक टू बैक हिट हो रही थीं। इसी दौरान उनकी फिल्म 'आंखें' रिलीज हुई और ब्लॉकबस्टर साबित हुई। इस फिल्म में उनके साथ चंकी पांडे, रागेश्वरी, शिल्पा शिरोडकर और रितु शिवपुरी नजर आई थीं। ये रितु शिवपुरी की डेब्यू फिल्म थी और पहली ही फिल्म में उनकी जोड़ी बनी सुपरस्टार गोविंदा के साथ। फिल्म का गाना 'लाल दुपट्टे वाली' भी सुपरहिट रहा और फिल्म भी सुपर ब्लॉकबस्टर रही। रितु रातों-रात स्टार बन गईं, लेकिन ब्लॉकबस्टर फिल्म से डेब्यू के बाद भी रितु शिवपुरी कुछ ही फिल्मों के बाद फिल्मी दुनिया से दूर चली गईं।

पहली ही फिल्म ने दिलाई पहचान

रितु शिवपुरी ने 1993 में 'आंखें' से डेब्यू किया था। फिल्मों में डेब्यू से पहले वह मॉडलिंग की दुनिया का जाना-माना नाम थीं। पहली ही फिल्म से लगा कि अब रितु इंडस्ट्री की टॉप एक्ट्रेसेस में अपनी जगह बना लेंगी। आंखें में रितु की जोड़ी गोविंदा के साथ जमी थी। फिल्म के गाने 'लाल दुपट्टे वाली तेरा नाम तो बता' में लाल दुपट्टा लहरातीं रितु हर तरफ छा गईं और इस गाने ने उन्हें खूब पॉपुलैरिटी दिलाई। हालांकि, कुछ ही समय बाद उनका जादू गुम हो गया और वह धीरे-धीरे बड़े पर्दे से भी गायब होने लगीं।

करिश्मा कपूर से हुई तुलना

जैसे ही रितु शिवपुरी ने फिल्मी दुनिया में कदम रखा, उनके चर्चे शुरू हो गए। इस बीच उनकी तुलना करिश्मा कपूर से भी होने लगी। कई का कहना था कि रितु कुछ-कुछ करिश्मा जैसी दिखती हैं। वहीं 'आंखें' के बाद रितु शिवपुरी के हाथ भी कोई बड़ी सफलता नहीं लग पाई। उन्होंने हिंदी के साथ-साथ दक्षिण भारतीय सिनेमा में भी अपनी किस्मत आजमाई, लेकिन यहां भी निराशा ही हाथ लगी। वह 1993 से 2005 तक बड़े पर्दे पर एक्टिव रहीं और इस बीच उन्होंने आंखें, न्यायदाता, हम सब चोर हैं, हद कर दी आपने सहित 11 फिल्में कीं और फिर धीरे-धीरे लाइमलाइट से दूर हो गईं।

टीवी सीरियल में भी किया काम

रितु शिवपुरी ने फिल्मों से दूरी बनाने के बाद टीवी में भी अपना भाग्य आजमाया। वह 'इस प्यार को क्या नाम दूं', 'विष' और 'नजर' में दिखाई दीं। इसके अलावा वह टीवी सीरीज 'करणजीत कौर- द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ सनी लियोनी' में भी नजर आई थीं। आखिरी बार वह नेटफ्लिक्स के शो 'क्लास' में देखा गया था। 2019 के बाद उन्होंने किसी टीवी शो में भी काम नहीं किया।

अब कहां हैं रितु शिवपुरी?

अभिनेत्री की पर्सनल लाइफ की बात करें तो उन्होंने बिजनेसमैन हरि वेंकट से शादी की है। अभिनेत्री लंबे समय से किसी फिल्म में नजर नहीं आई हैं, लेकिन सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती हैं। एक्टिंग से ब्रेक लेने के बाद उन्होंने ज्वेलरी डिजाइनिंग का काम शुरू किया है। रितु अक्सर सोशल मीडिया पर अपनी तस्वीरें पोस्ट करती हैं, जिनमें उनका जबरदस्त ग्लैमरस अंदाज देखने को मिलता है। वह 50 साल की हो चुकी हैं और इस उम्र में भी उनकी खूबसूरती और ग्लैमर कायम है।

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन