1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. 'जाने तू या जाने ना' की खूबसूरत मेघना याद है, जिसके लिए जय ने अदिति को दिखाया था ठेंगा, अब हो गई है और ज्यादा हसीन

'जाने तू या जाने ना' की खूबसूरत मेघना याद है, जिसके लिए जय ने अदिति को दिखाया था ठेंगा, अब हो गई है और ज्यादा हसीन

 Written By: Jaya Dwivedie @JDwivedie
 Published : Aug 08, 2025 10:42 am IST,  Updated : Aug 08, 2025 12:18 pm IST

'जाने तू या जाने ना' सुपरहिट फिल्म थी। इस फिल्म में इमरान खान और जेनेलिया साथ नजर आए थे और दोनों की जोड़ी छा गई थी, लेकिन इस फिल्म में एक किरदार मेघना का भी था, जिसके प्यार में इमरान दीवाने नजर आए थे। अब ये मेघना कहां है और क्या करती है, जानें।

Jaane Tu Ya Jaane Na meghna - India TV Hindi
मंजरी फडनिस। Image Source : @MANJARIFADNIS/INSTAGRAM

जब भी मॉडर्न दोस्ती और प्यार वाली कहानियों का जिक्र आता है तो सबसे पहले फिल्म 'जाने तू या जाने ना' जुबान पर आती है। ये वहीं फिल्म है जिसका गाना 'पप्पू कांट डांस साला' हर किसी की जुबान पर चढ़ गया था। इस फिल्म की कहानी ने लोगों का खूब मनोरंजन किया और उस दौर का यूथ इस फिल्म से काफी रिलेट कर पाया। फिल्म में इमरान खान और जेनेलिया डीसूजा लीड रोल में थे। दोनों में प्यार था, लेकिन इसका अहसास उन्हें तब हुआ, जब वो किसी और के करीब आए। दोस्ती से शुरू हुए इस प्यार की कहानी में एक बड़ा ट्विस्ट लेकर आने वाला किरदार मेघना का था। मेघना की एंट्री के साथ पूरी कहानी पलट गई थी और इमरान खान इस खूबसूरत हसीना के दीवाने हो गए थे। अपनी दोस्ती को भूल वो ग्लैमरस दिखने वाली लड़के के पीछे चल पड़े थे। इस किरदार को मंजरी फडनिस ने निभाया था। अब मंजरी कहां हैं, क्या करती हैं और कैसी दिखती हैं, चलिए आपको बताते हैं। 

फिल्म हुई हिट लेकिन फिर भी नहीं मिला खास काम

'जाने तू या जाने ना' 17 साल पहले रिलीज हुई थी। फिल्म में मंजरी फडनिस इमरान खान की गर्लफ्रेंड के रोल में थीं। ने 'जय' और 'अदिति' की दूरी का कारण लोग उन्हें ही मानते थे, यही वजह थी कि उन्हें रियल लाइफ में भी काफी ट्रोल किया जाता था। ये किरदार काफी पॉपुलर हुआ और एक्ट्रेस की एक्टिंग भी लोगों को पसंद आई, यही वजह है कि आज तक ये जहन में भी है, लेकिन इसके बाद भी मंजरी को गिनती के चंद अच्छे रोल ही ऑफर हुए। 'ग्रैंड मस्ती' और 'आवारा पागल दीवाना' में एक्ट्रेस को एक बार फिर छोटे रोल ही मिले। खास काम न मिलने के बाद भी एक्ट्रेस ने बॉलीवुड से मुंह नहीं फेरा और डटी रहीं। ओटीटी के आने के बाद उनके लिए कई रास्ते खुले और उन्होंने खुद को एक्सप्लोर करना शुरू किया।

यहां देखें वीडियो

ओटीटी पर तलाश रहीं वजूद

अब एक्ट्रेस ओटीटी की दुनिया में सक्रिय हैं। बीते कुछ सालों में उन्होंने कई असरदार किरदार निभाए हैं। इसके अलावा मंजरी म्यूजिक वीडियो में भी काम करती दिखीं। इतना ही नहीं मंजरी खुद गाने भी गाती हैं। सोशल मीडिया पर मंजरी खासा सक्रिय हैं और अपनी आवाज का जादू बिखेरती रहती हैं। 'मियां बीवी मर्डर' में राजीव खंडेलवाल और 'मासूम' में बोमन इरानी के साथ भी एक्ट्रेस ने काम किया। 2022 में आई इन सीरीज में उनके किरदार इनते प्रभावी नहीं रहे। मंजरी फडनिस 'द फ्रीलैंसर' सीरीज में मोहित रैना की पत्नी बनी नजर आई थीं। इस रोल ने एक्ट्रेस को खोया हुआ वजूद लौटाया दिया, वो इस रोल में सटीक लगी थी। आखिरी बार एक्ट्रेस अमिता साद और जिम शरब के साथ 'पुणे हाइवे' में नजर आईं। एक्ट्रेस के लुक्स की बात करें तो वो अब पहले से भी ज्यादा खूबसूरत लगती हैं।

फिल्म के बारे में

'जाने तू... या जाने ना' साल 2008 में रिलीज हुई और ये एक हल्की-फुल्की रोमांटिक कॉमेडी है, जो कॉलेज के दो सबसे अच्छे दोस्तों, जय (इमरान खान) और अदिति (जेनलिया डिसूजा), की कहानी है। दोनों हमेशा एक-दूसरे के साथ रहते हैं, हंसते-झगड़ते हैं, लेकिन उन्हें लगता है कि वे एक-दूसरे से प्यार नहीं करते। जब अदिति की शादी तय होने लगती है और जय को एक नई लड़की मिलती है, तब उन्हें धीरे-धीरे अहसास होता है कि उनका रिश्ता सिर्फ दोस्ती से कहीं ज्यादा है। फिल्म के अंत में जय को अपने प्यार का अहसास एयरपोर्ट पर होता है और वह अदिति को रोकने के लिए दौड़ पड़ता है, फिल्म का यह सीन काफी यादगार है। फिल्म दोस्ती और प्यार के बीच के धुंधले से फर्क को खूबसूरती से दिखाती है। 

फिल्म की कमाई

'जाने तू... या जाने ना' का निर्माण आमिर खान प्रोडक्शंस और मंसूर खान ने मिलकर किया था। यह फिल्म छोटे बजट की फिल्मों में गिनी जाती है। फिल्म का कुल बजट लगभग 8 करोड़ रुपये था। फिल्म को दर्शकों और आलोचकों दोनों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली। खासकर युवाओं के बीच इसकी कहानी, किरदार और संगीत काफी लोकप्रिय हुए। इसका निर्देशन अब्बास टायरवाला ने किया था और रहमान का संगीत भी फिल्म की बड़ी ताकत बना। बॉक्स ऑफिस पर फिल्म ने बेहतरीन प्रदर्शन किया और लगभग 55 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई की, जिससे यह साल की हिट फिल्मों में शुमार हो गई।

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन