एक्ट्रेस कैटरीना कैफ के लिए इस साल का क्रिसमस बेहद खास रहा। वजह यह रही कि उन्होंने यह त्योहार पति विक्की कौशल और पूरे परिवार के साथ तो मनाया ही, लेकिन इस बार साथ रहा एक नया नन्हा मेहमाल। मां बनने के बाद पहली बार कैटरीना कैफ ने क्रिसमस मनाया। इस खुशी भरे पल की झलक उन्होंने सोशल मीडिया पर फैंस के साथ साझा की, जिसे देखकर लोग बेहद खुश नजर आए।
गुरुवार को कैटरीना ने अपने मुंबई स्थित घर से एक खूबसूरत तस्वीर शेयर की। इस तस्वीर में वह पति विक्की कौशल, उनके भाई सनी कौशल और अपने भाई सेबेस्टियन लॉरेंट मिशेल के साथ दिखाई दे रही हैं। सभी लोग सजे-धजे क्रिसमस ट्री के सामने खड़े हैं और लाल-सफेद सांता हैट पहने हुए हैं, जिससे माहौल और भी फेस्टिव लग रहा है। तस्वीर में कैटरीना गहरे लाल रंग की ड्रेस में मुस्कुराती हुई नजर आ रही हैं। उन्होंने विक्की के कंधे पर हाथ रखा हुआ है, जबकि विक्की मजाकिया अंदाज में चश्मा पहनकर पोज देते दिख रहे हैं। उनके साथ खड़े बाकी दोनों भी मस्तीभरे मूड में नजर आते हैं।
इस तस्वीर को शेयर करते हुए कैटरीना ने कैप्शन में लिखा, 'सभी को प्यार, खुशी और शांति… यह सच में एक बहुत शानदार क्रिसमस है।'यह मां बनने के बाद कैटरीना की पहली इंस्टाग्राम पोस्ट है। पोस्ट सामने आते ही सोशल मीडिया पर फैंस की प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई। एक यूजर ने लिखा, 'यकीन नहीं हो रहा कि कैटरीना अब मां बन चुकी हैं,' तो दूसरे ने कहा, 'सबसे ज्यादा इंतजार की जा रही क्रिसमस तस्वीर।'किसी ने लिखा, 'आखिरकार आप दिखीं कैटरीना, हम आपको बहुत मिस कर रहे थे,' वहीं एक अन्य फैन ने कमेंट किया, 'बेबी कौशल को देखने का इंतजार है।' कई लोगों ने उन्हें 'खूबसूरत मम्मा' कहकर भी प्यार जताया।
गौरतलब है कि विक्की कौशल और कैटरीना कैफ ने इस साल नवंबर में अपने बेटे का स्वागत किया था। उन्होंने एक प्यारी सी पोस्ट के जरिए यह खुशखबरी दी थी, जिसमें लिखा था, 'हमारा खुशी का बंडल आ गया है। बहुत सारा प्यार और आभार के साथ हम अपने बेटे का स्वागत करते हैं।' इस खबर पर प्रियंका चोपड़ा, आयुष्मान खुराना, करण जौहर सहित कई सेलेब्रिटीज़ ने उन्हें बधाइयां दी थीं।
विक्की और कैटरीना ने 9 दिसंबर 2021 को राजस्थान के सिक्स सेंस फोर्ट बरवाड़ा में एक निजी समारोह में शादी की थी। दोनों ने अपने रिश्ते को लंबे समय तक निजी रखा और शादी के बाद ही इसे सार्वजनिक किया। हाल ही में GQ इंडिया को दिए एक इंटरव्यू में विक्की ने पिता बनने के अनुभव पर बात करते हुए कहा कि हर दिन उनके लिए एक नया एहसास लेकर आता है। उन्होंने इसे ग्राउंडिंग एक्सपीरियंस बताते हुए कहा कि यह एक ऐसा भाव है जिसे शब्दों में बयान करना मुश्किल है।
वर्क फ्रंट की बात करें तो विक्की कौशल हाल ही में फिल्म 'छावा' में नजर आए थे, जो 2025 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्मों में शामिल रही और जिसने दुनियाभर में ₹807 करोड़ का कारोबार किया। अब वह संजय लीला भंसाली की फिल्म 'लव एंड वॉर' में रणबीर कपूर और आलिया भट्ट के साथ दिखाई देंगे। वहीं कैटरीना आखिरी बार फिल्म 'मैरी क्रिसमस' में नजर आई थीं।
ये भी पढ़ें: क्रिसमस के दिन गमगीन हुई थी पूरी दुनिया, बिना बोले सबको हंसाने वाले कॉमेडी के बादशाह ने मूंद ली थीं आंखें
संपादक की पसंद