1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. अजय देवगन की किस्मत बदलने वाले डायरेक्टर कुकू कोहली का निधन, भावुक एक्टर बोले- 'आपने बदला मेरी जिंदगी का रास्ता'

अजय देवगन की किस्मत बदलने वाले डायरेक्टर कुकू कोहली का निधन, भावुक एक्टर बोले- 'आपने बदला मेरी जिंदगी का रास्ता'

 Written By: Jaya Dwivedie
 Published : Aug 26, 2026 02:08 pm IST,  Updated : Aug 26, 2026 02:08 pm IST

कुली कोहली के निधन की खबर से दुखी अजय देवगन ने सोशल मीडिया पर भावुक संदेश लिखा। उन्होंने 'फूल और कांटे' से अपना करियर शुरू कराने वाले अपने मेंटॉर का आभार जताते हुए श्रद्धांजलि दी।

ajay devgn- India TV Hindi
अजय देवगन। Image Source : AJAYDEVGN/INSTAGRAM

हिन्दी सिनेमा जगत के जाने-माने निर्देशक और 'फूल और कांटे' जैसी सुपरहिट फिल्मों के मेकर्स कुकू कोहली का 77 वर्ष की आयु में निधन हो गया है। मंगलवार को मुंबई के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में कार्डियक अरेस्ट के कारण उनका निधन हुआ। कुकू कोहली के जाने से न सिर्फ उनका परिवार बल्कि पूरा बॉलीवुड शोक में डूबा है। उनके निधन की खबर से सबसे बड़ा झटका अभिनेता अजय देवगन को लगा है, जिन्हें कुकू कोहली ने ही फिल्म इंडस्ट्री में लॉन्च किया था। अपने मार्गदर्शक और मेंटॉर को खोने से दुखी अजय देवगन ने सोशल मीडिया पर बेहद भावुक संदेश लिखकर उन्हें अपनी श्रद्धांजलि दी है।

अजय देवगन का भावुक संदेश

अपने करियर की नींव रखने वाले निर्देशक के अचानक चले जाने से अजय देवगन पूरी तरह से टूट गए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक दिल छू लेने वाला नोट साझा करते हुए लिखा, 'कुछ लोग आपकी जिंदगी का रास्ता हमेशा के लिए बदल देते हैं। कुकू जी मेरे लिए उन खास लोगों में से एक थे। आपने मुझ पर जो विश्वास दिखाया, उसके लिए मैं जिंदगी भर आभारी रहूंगा। आपकी कमी हमेशा खलेगी, कुकू जी। ओम शांति।' अजय के इस संदेश से साफ जाहिर होता है कि कुकू कोहली का उनकी जिंदगी और करियर में कितना महत्वपूर्ण योगदान था।

यहां देखें पोस्ट

'फूल और कांटे' से बदला अजय देवगन का भाग्य

कुकू कोहली और अजय देवगन के पेशेवर और व्यक्तिगत रिश्ते की शुरुआत साल 1991 में आई ब्लॉकबस्टर फिल्म 'फूल और कांटे' से हुई थी। इसी फिल्म के जरिए कुकू कोहली ने अजय देवगन को बॉलीवुड में डेब्यू कराया था। यह एक्शन-रोमांस फिल्म बॉक्स ऑफिस पर ऑल-टाइम ब्लॉकबस्टर साबित हुई और इसने अजय देवगन की किस्मत रातों-रात बदल दी। फिल्म में दो चलती मोटरसाइकिलों पर पैर रखकर की गई अजय देवगन की मशहूर एंट्री आज भी हिन्दी सिनेमा के सबसे प्रतिष्ठित और यादगार डेब्यू सीन्स में गिनी जाती है।

राज कपूर के साथ काम से लेकर ब्लॉकबस्टर निर्देशन तक का सफर

कुकू कोहली का फिल्मी सफर काफी प्रेरणादायक रहा। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत महान फिल्मकार राज कपूर के साथ काम करके की थी। इसके बाद, उन्होंने सनी देओल और अमृता सिंह की डेब्यू फिल्म 'बेताब' में सेकेंड यूनिट डायरेक्टर के तौर पर अपनी सेवाएं दीं। अपनी निर्देशन क्षमता को साबित करने के बाद उन्होंने 'फूल और कांटे' से मुख्य निर्देशक के रूप में शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने अजय देवगन, अक्षय कुमार, करिश्मा कपूर और नगमा स्टारर फिल्म 'सुहाग' बनाई, जिसने सिनेमाघरों में गोल्डन जुबली मनाई थी। उन्होंने 'हकीकत', 'कोहराम', 'बादशाह' और 'हलचल' जैसी कई हिट और यादगार फिल्मों का निर्देशन भी किया।

निजी जिंदगी और परिवार में शोक की लहर

1990 के दशक से लेकर 2000 के शुरुआती दौर तक अपनी एक्शन, ड्रामा और संगीत से भरपूर फिल्मों से दर्शकों का मनोरंजन करने वाले कुकू कोहली अपने पीछे पत्नी और बॉलीवुड की दिग्गज अभिनेत्री अरुणा ईरानी और अपनी पहली शादी से दो बेटियों को छोड़ गए हैं। स्वास्थ्य बिगड़ने और दिल का दौरा पड़ने के बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया था, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन के बाद से ही पूरी फिल्म इंडस्ट्री एक ऐसे दूरदर्शी निर्देशक को याद कर रही है, जिसने न सिर्फ बेहतरीन फिल्में दीं, बल्कि कई बड़े कलाकारों के करियर को सही दिशा भी दी।

ये भी पढ़ें: कौन हैं कुकू कोहली की बेटी करिश्मा कोहली? रोते-रोते उठाई पिता की अर्थी, विटिलिगो से पीड़ित हसीना हैं कटरीना की बेस्ट फ्रेंड

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन