1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. 'दाऊद ने नहीं बुलाया था', अंडरवर्ल्ड डॉन संग मंदाकिनी की विवादित तस्वीर, जिसने हिला दिया करियर और जिंदगी, अब बताया सच

'दाऊद ने नहीं बुलाया था', अंडरवर्ल्ड डॉन संग मंदाकिनी की विवादित तस्वीर, जिसने हिला दिया करियर और जिंदगी, अब बताया सच

 Written By: Priya Shukla
 Published : Sep 16, 2026 07:21 pm IST,  Updated : Sep 16, 2026 07:21 pm IST

मंदाकिनी ने सालों पुरानी उस विवादित तस्वीर के बारे में बात की, जिसने उनका करियर और निजी जिंदगी दोनों ही बुरी तरह हिला दी। उन्होंने बताया कि वह आखिर दुबई में क्यों थीं और अंडरवर्ल्ड डॉन के साथ उनकी तस्वीर कैसे चर्चा में आ गई।

mandakini- India TV Hindi
दाऊद संग विवादित तस्वीर पर बोलीं मंदाकिनी। Image Source : YOUTUBE/ANI NEWS

राज कपूर की फिल्म 'राम तेरी गंगा मैली' से सिनेमा की दुनिया में कदम रखते ही मंदाकिनी हर तरफ छा गईं। जब मंदाकिनी ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत की उनकी उम्र महज 16 साल थी और एक ही फिल्म ने उन्हें स्टार बना दिया। फिल्म के कुछ सीन पर विवाद भी हुआ, जिनमें उनका झरने वाला सीन भी शामिल है। मंदाकिनी के करियर की शुरुआत ही विवाद के साथ हुई और फिर एक ऐसी तस्वीर सामने आई,जिसने उनकी प्रोफेशनल और पर्सनल लाइफ को कटघरे में लाकर खड़ा कर दिया। मंदाकिनी की 1994 में एक तस्वीर सामने आई थी, जिसमें वह अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम के साथ दुबई के शारजाह क्रिकेट स्टेडियम में भारत वर्सेस पाकिस्तान देखती नजर आईं। जैसे ही ये तस्वीर सामने आई इनके रिश्तों को लेकर कहानियां भी सुर्खियां बटोरने लगीं। लेकिन, अब विवाद के सालों बाद मंदाकिनी ने उस फोटो पर खुलकर बात की है और एक बार फिर पूर्व में दाऊद इब्राहिम के साथ कथित रिश्ते को नकारती दिखीं।

विवादित तस्वीर पर छलका मंदाकिनी का दर्द

समाचार एजेंसी एएनआई के साथ बातचीत में मंदाकिनी ने दुबई के शारजाह क्रिकेट स्टेडियम से सामने आई अपनी उस तस्वीर के बारे में खुलकर बात की, जिसमें वह अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम के साथ बैठकर भारत-पाकिस्तान का मैच देखती नजर आई थीं। बातचीत के दौरान मंदाकिनी ने कहा कि वह दाऊद इब्राहिम के बुलावे पर दुबई नहीं गई थीं। उन्होंने दावा किया कि वह अपने एक शो के चलते दुबई गई थीं, जिसके बाद वह क्रिकेट मैच देखने गईं और जहां वह बैठी थीं वहीं बगल में दाऊद इब्राहिम बैठा था और इसी दौरान किसी ने ये तस्वीर ले ली, जिसके बाद ऐसी अटकलें लगाई जाने लगीं, जिन पर उनका कंट्रोल नहीं था।

क्या बोलीं मंदाकिनी?

मंदाकिनी ने दाऊद के साथ ली गई अपनी पुरानी तस्वीर पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा- 'एक आर्टिस्ट के तौर पर आप कई लोगों से मिलते हैं और उनमें कोई फर्क नहीं करते। लोग चाहे जो भी लिखें या बोलें, उन पर हमारा कोई कंट्रोल नहीं होता। एक आर्टिस्ट हर दिन सैकड़ों लोगों से मिलता है और हमारे लिए सब एक जैसे होते हैं। वहां बहुत से लोग थे... किसके साथ फोटो खिंचवाएं, किसके साथ नहीं... हम एक शो के लिए वहां गए थे। मुझे दाऊद ने वहां नहीं बुलाया था। इस तस्वीर का मेरे फिल्मी करियर पर काफी बुरा असर हुआ। उस विवाद से काफी नुकसान हुआ, बाद में पता चला कि इन सब चीजों को संभालने के लिए एक टीम होनी चाहिए। हालांकि, मैंने हर जगह उन अफवाहों का खंडन किया। मैं नहीं जानती थी कि कैसे चीजों को कॉन्ट्रोवर्सी बनाया जाता है और उसे कैसे मार्केट में लाया जाता है।'

1993 में दुबई भाग गया था दाऊद

दाऊद इब्राहिम 1993 में मुंबई धमाकों के बाद दुबई भाग गया था, जिसके बाद से ही पुलिस को उसकी तलाश थी। इसके बाद 1994 में मंदाकिनी और दाऊद की साथ में तस्वीरें सामने आईं, जिसके बाद देश में खलबली मच गई। दोनों के अफेयर की भी खबरें उड़ीं, जिसके बाद पुलिस ने मंदाकिनी से दाऊद इब्राहिम को लेकर पूछताछ की। हालांकि, बाद में अभिनेत्री को इस मामले में क्लीन चिट मिल गई और फिर उन्होंने डॉन से भी दूरी बना ली और धीरे-धीरे लाइमलाइट से भी दूर चली गईं।

'राम तेरी गंगा मैली' से हुईं मशहूर

बता दें, मंदाकिनी ने राज कपूर की फिल्म 'राम तेरी गंगा मैली' से एक्टिंग करियर की शुरुआत की थी, जो 1985 में रिलीज हुई थी। इस फिल्म में मंदाकिनी के साथ राजीव कपूर मुख्य भूमिका में थे और बॉक्स ऑफिस पर ये ऑल टाइम ब्लॉकबस्टर साबित हुई थी। इसके बाद उन्होंने 'डांस डांस', 'जीते हैं शान से', 'जीवा', 'जाल', 'लोहा' और 'नाग नागिन' जैसी फिल्मों में काम किया और कुछ सालों बाद फिल्मी दुनिया से दूरी बना ली। पर्सनल लाइफ की बात करें तो मंदाकिनी ने पूर्व बौद्ध भिक्षु डॉ. काग्युर टी रिनपोचे ठाकुर से शादी की है, जिनसे उनके दो बच्चे एक बेटा राबिल और बेटी रबजे इनाया हैं। पिछले दिनों मंदाकिनी की बेटी रबजे की तस्वीरें भी काफी चर्चा में रहीं। मंदाकिनी अक्सर अपने परिवार के साथ तस्वीरें साझा करती रहती हैं।

ये भी पढ़ेंः राम तेरी गंगा मैली की हीरोइन याद है? अंडरवर्ल्ड डॉन से हो गई थी मोहब्बत, लेकिन एक बुद्धिस्ट मॉन्क से रचाई शादी

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन