बीते मंगलवार को नेपाल विरोध की आंधी में धधक उठा और दुनिया ने जनरेशन जेड (जेन जी) का पहली बार इतना आक्रामक विरोध देखा। नेपाल में सरकार के खिलाफ शुरू हुआ ये विरोध प्रदर्शन इस हद तक चरम पर पहुंचा कि प्रधानमंत्री ओली को इस्तीफा देना पड़ा और अब तक 15 से ज्यादा लोगों की मौत भी हो गई। इतना ही नहीं मृतकों में एक 12 साल का बच्चा भी शामिल है। बॉलीवुड एक्ट्रेस मनीषा कोइराला जो खुद भी नेपाल से हैं प्रदर्शनकारियों के सपोर्ट में खुलकर बोल रही हैं। कम ही लोग जानते हैं कि मनीषा के दादा नेपाल के पहले चुने हुए प्रधानमंत्री बने थे। नेपाल की राजनीति में अंदर ही अंदर सरकार के खिलाफ एक उबाल चल रहा था। मनीषा कोइराला ने भी इसके संकेत करीब 3 महीने पहले ही दे दिए थे।
मनीषा कोइराला ने 3 महीने पहले ही दिए थे संकेत
बीते 3 महीने पहले मनीष तिवारी के साथ बातचीत में, मनीषा कोइराला ने नेपाल की कुछ सबसे गंभीर राजनीतिक चिंताओं पर बात करते हुए दुर्लभ व्यक्तिगत अंतर्दृष्टि प्रदान की। देश की उथल-पुथल भरी लोकतांत्रिक यात्रा पर अपना दृष्टिकोण साझा करते हुए, उन्होंने कहा, 'हर नेता पिछले नेता के किए को उलट देता है। यही कारण है कि नेपाल में लोकतंत्र काम नहीं करता। कोई भी सरकार टिकती नहीं है।' लोकतंत्र के प्रति समर्थन व्यक्त करते हुए, कोइराला ने कहा कि उनका मानना है कि संतुलन बनाए रखने के लिए नेपाल को भी राजशाही की आवश्यकता है। अभिनेत्री ने कहा, 'मेरा मानना है कि नेपाल में संतुलन बनाए रखने के लिए राजशाही की आवश्यकता है।' अपने परिवार की राजनीतिक विरासत और वैश्विक सिनेमा में अपने करियर के बीच सामंजस्य बिठाने के बारे में पूछे गए एक सवाल के जवाब में, कोइराला ने कहा, 'मैं अपने देश से बेहद प्यार करती हूं। लेकिन मुझे चिंता है कि यहां सम्मान और स्थिरता की चाहत है। हमें केवल सरकारों का ही नहीं, बल्कि संस्थानों का भी पुनर्निर्माण करना होगा।'
नेपाल के लिए बताया था काला दिन
बता दें कि मनीषा कोइराला भले ही बॉलीवुड में काम करती हैं लेकिन नेपाल की सियासी उठापटक से दूर नहीं रहती हैं। मनीषा ने नेपाल में भड़की हिंसा और विरोध प्रदर्शन के बाद अपने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर किया। मनीषा ने एक जूते की तस्वीर शेयर करते हुए लिखा जो खून से सना हुआ था, 'आज नेपाल के लिए काला दिन है। जब लोगों की आवाज के बदले गोलियां चलती हैं जो लोग करप्शन और न्याय के लिए आवाज उठा रहे हैं।' इस पोस्ट पर फैन्स ने भी उन्हें सांत्वना दी थी।