1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. 20 करोड़ में बनी फिल्म ने छापे थे 240 करोड़, जीते 10 अवॉर्ड, देखकर रोना तय, फिर भी मेन हीरो को हुई थी जेल

20 करोड़ में बनी फिल्म ने छापे थे 240 करोड़, जीते 10 अवॉर्ड, देखकर रोना तय, फिर भी मेन हीरो को हुई थी जेल

 Written By: Jaya Dwivedie @JDwivedie
 Published : Nov 06, 2025 02:58 pm IST,  Updated : Nov 06, 2025 02:58 pm IST

मामुली से बजट में बनी फिल्म ने 240 करोड़ की कमाई की थी। फिल्म की कहानी सरल थी, लेकिन लेखन और पिक्चराइजेशन कमाल का था। फिल्म की बंपर कमाई के बावजूद फिल्म के मेन हीरो को जेल जाना पड़ा था, इसके पीछे भी एक बड़ी वजह थी।

Manjummel Boys- India TV Hindi
मंजुमल बॉय का सीन। Image Source : SCREEN GRAB FROM FILM

सच्ची घटनाओं पर आधारित फिल्में हमेशा दर्शकों के दिल को छू जाती हैं क्योंकि उनमें हकीकत की झलक और भावनाओं की गहराई होती है। ऐसी ही एक फिल्म बीते साल सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी जिसने आते ही बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा दिया था। 20 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने भारत में लगभग 140 करोड़ और वर्ल्डवाइड करीब 240 करोड़ रुपये की कमाई कर इतिहास रच दिया था। न सिर्फ कमाई के मामले में बल्कि कंटेंट और अभिनय के स्तर पर भी फिल्म ने दर्शकों और समीक्षकों का दिल जीत लिया था। इस फिल्म को 10 अलग-अलग श्रेणियों में पुरस्कार भी मिले। लेकिन सफलता के बीच विवादों का तूफान तब खड़ा हुआ जब फिल्म के लीड एक्टर को जेल जाना पड़ा। यह फिल्म है मंजुमल बॉयज, जो एक सच्ची घटना पर आधारित मलयालम फिल्म है।

फिल्म की कहानी

मंजुमल बॉयज की कहानी 11 दोस्तों के एक रोमांचक और भावनात्मक सफर की है। 2006 में तमिलनाडु के खूबसूरत हिल स्टेशन कोडईकनाल में छुट्टियां मनाने पहुंचे ये दोस्त जीवनभर का अनुभव लेकर लौटते हैं। लेकिन इस यात्रा के दौरान उनके साथ घटती एक घटना सबकुछ बदल देती है। उनका एक साथी सुभाष गुना रहस्यमयी डेविल्स किचन नामक गुफा में फंस जाता है। कहा जाता है कि जो भी उस गुफा में जाता है, वापस नहीं लौटता। इसके बावजूद बाकी दोस्त अपनी जान जोखिम में डालकर सुभाष को बचाने निकल पड़ते हैं। यहीं से शुरू होती है जज़्बे, दोस्ती और हिम्मत की एक रोमांचक कहानी।

22 फरवरी 2024 को रिलीज हुई इस फिल्म का निर्देशन चिदंबरम ने किया था। फिल्म को दर्शकों ने दिल खोलकर सराहा और आलोचकों ने इसे हाल के वर्षों की बेहतरीन मलयालम फिल्मों में से एक बताया। मंजुमल बॉयज ने केरल स्टेट फिल्म अवॉर्ड्स 2024 में बेस्ट स्क्रीनप्ले, बेस्ट डायरेक्टर समेत 10 कैटेगरी में जीत हासिल की।

विवाद में क्यों फंसी फिल्म

जहां एक ओर फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर झंडे गाड़े, वहीं दूसरी ओर विवादों का साया भी उस पर मंडराने लगा। एमएसएन की रिपोर्ट के मुताबिक फिल्म के लीड एक्टर और को-प्रोड्यूसर सौबिन शाहिर पर एक गंभीर वित्तीय धोखाधड़ी का आरोप लगा। फिल्म के इन्वेस्टर सिराज वलायिथिरा ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें उन्होंने दावा किया कि उन्होंने फिल्म में 7 करोड़ रुपये निवेश किए थे, लेकिन फिल्म की सफलता के बाद उन्हें मुनाफे में हिस्सा नहीं दिया गया। सिराज ने सौबिन शाहिर, उनके पिता बाबू शाहिर, निर्माता शॉन एंटनी और अन्य साझेदारों पर भी आरोप लगाया। मामले में सौबिन को गिरफ्तार किया गया, हालांकि बाद में उन्हें जमानत मिल गई। फिलहाल यह केस अदालत में विचाराधीन है।

फिल्म की उपलब्धियां

विवादों के बावजूद मंजुमल बॉयज को समीक्षकों ने बेहद सराहा। इसका स्क्रीनप्ले, सिनेमैटोग्राफी और भावनात्मक गहराई दर्शकों को जोड़कर रखती है। फिल्म 2 घंटे 14 मिनट की है और दर्शकों को शुरू से अंत तक बांधे रखती है। आईएमडीबी पर इसे 10 में से 8.2 रेटिंग मिली है, जो दर्शाती है कि दर्शकों ने फिल्म को कितनी पसंद किया। अगर आपने अब तक यह फिल्म नहीं देखी है तो यह जियो हॉटस्टार पर स्ट्रीमिंग के लिए उपलब्ध है। मंजुमल बॉयज सिर्फ एक फिल्म नहीं बल्कि दोस्ती, साहस और विश्वास की कहानी है, जो यह सिखाती है कि जब दोस्ती सच्ची हो तो मौत के अंधेरे से भी उम्मीद की एक किरण निकल सकती है।

ये भी पढ़ें: KGF के कासिम चाचा का निधन, इस गंभीर कैंसर ने ली जान, हाथ-पैर हो गए थे पतले, लेकिन फूल गया था पेट

 न्यूयॉर्क के नए मेयर ममदानी के सिर चढ़ा बॉलीवुड फीवर, इस सुपरहिट गाने से लगा दी आग, अब धड़ाधड़ फैल रहा वीडियो

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन