1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. आज भी राज है इस एक्टर की पहली शादी, 2 ही महीने में हुआ तलाक, फिर मुस्लिम एक्ट्रेस को बनाया हमसफर

आज भी राज है इस एक्टर की पहली शादी, 2 ही महीने में हुआ तलाक, फिर मुस्लिम एक्ट्रेस को बनाया हमसफर

 Written By: Priya Shukla
 Published : Apr 05, 2026 05:21 pm IST,  Updated : Apr 05, 2026 05:21 pm IST

मनोज बाजपेयी का नाम, वर्तमान समय के सबसे बेहतरीन एक्टर्स की लिस्ट में गिना जाता है। एक्टर की प्रोफेशनल लाइफ तो हमेशा चर्चा में रही है, लेकिन उनकी निजी जिंदगी हमेशा लाइमलाइट से दूर रही है। उनकी जिंदगी का एक चैप्टर अब भी राजों से भरा है, जिसके बारे मनोज बाजपेयी भी बात नहीं करते।

manoj bajpayee- India TV Hindi
मनोज बाजपेयी। Image Source : INSTAGRAM/@BAJPAYEE.MANOJ

मनोज बाजपेयी आज के दौर के सबसे मंझे हुए और बेहतरीन कलाकारों में गिने जाते हैं। वह जिस भी किरदार में होते हैं, उसमें खुद को कुछ इस कदर ढाल लेते हैं कि उसमें कहीं भी मनोज बाजपेयी नहीं बल्कि वो किरदार नजर आता है, जिसे वह पर्दे पर उतारते हैं। मनोज बाजपेयी ने हमेशा उन फिल्मों को चुना है, जिनका बजट भले ही भारी-भरकम न हो, लेकिन कंटेंट का पूरा ध्यान रखते हैं। अब तक मनोज बाजपेयी कई अलग-अलग जॉनर की फिल्में कर चुके हैं और पर्दे पर कई बेहतरीन किरदार उतारे हैं। सिनेमा जगत में उनके योगदान के लिए तीन राष्ट्रीय पुरस्कार और छह फिल्मफेयर के साथ-साथ 2019 में पद्म श्री पुरस्कार से भी नवाजा जा चुका है। लेकिन, जहां एक तरफ उनकी प्रोफेशनल लाइफ हमेशा सुर्खियों में बनी रही, वहीं उनकी निजी जिंदगी कैमरों से दूर रही।

पहली शादी अब भी है राज

आज के समय में मनोज बाजपेयी, शबाना रजा के साथ हैप्पी मैरिड लाइफ एंजॉय कर रहे हैं, लेकिन कम ही लोग जानते हैं कि शबाना मनोज बाजपेयी की दूसरी पत्नी हैं। जी हां, शबाना से पहले भी मनोज बाजपेयी शादी कर चुके थे, लेकिन ये शादी एक साल तो क्या 6 महीने भी नहीं टिक पाई थी। मनोज बाजपेयी ने दिल्ली की रहने वाली एक अमीर घर की लड़की से पहली शादी की थी, जिनका नाम दिव्या था। लेकिन, दोनों की शादी दो महीने में ही टूट गई। इस शादी के टूटने से मनोज बाजपेयी भी बुरी तरह टूट गए थे और उनकी जिंदगी का ये चैप्टर आज भी अनछुआ है।

दिव्या से पहली मुलाकात और प्यार

मनोज बाजपेयी की दिव्या से पहली मुलाकात तब हुई जब उन्होंने दिल्ली के मशहूर एक्ट वन थिएटर ग्रुप को ज्वॉइन किया। मनोज बाजपेयी की ही तरह दिव्या की भी थिएटर में दिलचस्पी थी। वह तब दिल्ली में ग्रेजुएशन कर रही थीं और पढ़ाई के साथ ही थिएटर ग्रुप में रिहर्सल के लिए आती थीं। यहीं दोनों की पहली मुलाकात हुई और मनोज, दिव्या पर पहली नजर में ही दिल हार बैठे। दोनों एक-दूसरे से प्यार करने लगे और बात शादी तक पहुंच गई।

शादी के खिलाफ थे घरवाले

दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के अनुसार, दिव्या और मनोज के घरवाले इस शादी के खिलाफ थे। इसका जिक्र मनोज बाजपेयी पर लिखी पीयूष पांडे की बायोग्राफी 'कुछ पाने की जिद' में भी किया गया है। दिव्या एक रईस परिवार से थीं और तब मनोज स्ट्रगल कर रहे थे। इसलिए दोनों के घरवाले चाहते थे कि ये शादी न हो। लेकिन, परिवार के खिलाफ जाकर दोनों ने पुलिस की सुरक्षा में दिल्ली के लक्ष्मी नगर स्थित एक मंदिर में शादी कर ली। मनोज बाजपेयी शादी से बेहद खुश थे और उनका स्ट्रगल जारी था। लेकिन, आर्थिक तंगी के चलते दोनों का गुजारा मुश्किल हो गया। दिव्या को धीरे-धीरे लगने लगा कि उन्होंने परिवार के खिलाफ जाकर शादी करके ठीक नहीं किया और नतीजा ये हुआ कि 2 ही महीने में दोनों का तलाक हो गया।

एनएसडी से 3 बार हुए रिजेक्ट

मनोज बाजपेयी ने 'ह्यूमंस ऑफ बॉम्बे' के साथ बातचीत में अपने स्ट्रगल के बारे में खुलकर बात की थी और बताया कि वह एनएसडी से तीन बार रिजेक्ट हुए, जिसके चलते उन्होंने सुसाइड तक की कोशिश की थी। उन्होंने कहा था- 'मैं आउटसाइडर था, जो सबके बीच फिट होने की कोशिश में जुटा था। मैंने हिंदी और इंग्लिश सीखी। फिर मैंने एनएसडी में आवेदन किया, लेकिन तीन बार रिजेक्ट हुआ। मैं सुसाइड के नजदीक था, इसलिए मेरे दोस्त मेरे बगल में सोते थे। उन्होंने मुझे तब तक आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया, जब तक मुझे एक्सेप्ट नहीं कर लिया गया।'

शबाना रजा से शादी

मनोज बाजपेयी अब शबाना रजा के साथ हैप्पी मैरिड लाइफ जी रहे हैं। 8 साल तक एक-दूसरे को डेट करने के बाद दोनों ने 2006 में इंटरफेथ वेडिंग की और शादी के 5 साल बाद यानी 2011 में बेटी एवा नायला का इस दुनिया में स्वागत किया। शबाना रजा खुद भी इंडस्ट्री की मशहूर एक्ट्रेस रही हैं और अपने करियर में बॉबी देओल से लेकर ऋतिक रोशन जैसे स्टार्स के साथ काम किया है। शबाना रजा ने 'करीब', 'होगी प्यार की जीत', 'फ़िजा' और 'राहुल और आत्मा' जैसी फिल्मों में काम किया है। अब उन्होंने एक्टिंग से पूरी तरह दूरी बना ली है और फिल्म निर्माता बन चुकी हैं।

राम गोपाल वर्मा की सत्या से मिला बड़ा ब्रेक

1998 में मनोज बाजपेयी को राम गोपाल वर्मा की 'सत्या' से बड़ा ब्रेक मिला। इसके बाद उन्होंने 'शूल', 'घात', 'जुबैदा', 'एलओसी कारगिल' और 'स्पेशल 26' जैसी फिल्मों में काम किया और 'द फैमिली मैन' जैसी सफल वेब सीरीज के साथ ओटीटी पर भी धूम-धड़ाका किया।

ये भी पढ़ेंः 'धुरंधर 2' देखने के बाद से उदास है असली SP असलम का बेटा, पत्नी नौरीन बोली- 'चौधरी गद्दार होता तो आज सबके बीच होता'

Dhurandhar 2: 'बाहुबली 2' के रिकॉर्ड से बस कुछ ही दूर है 'धुरंधर 2', वीकएंड पर कमाई में इजाफा, जानें अब तक कितना रहा कलेक्शन

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन