1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. औरतों को छेड़ रहे थे दो आदमी, कॉन्सर्ट रोकर फेमस सिंगर ने लिया एक्शन, लात मारकर कराया बाहर, फैंस बोले- रियल लाइफ धुरंधर

औरतों को छेड़ रहे थे दो आदमी, कॉन्सर्ट रोकर फेमस सिंगर ने लिया एक्शन, लात मारकर कराया बाहर, फैंस बोले- रियल लाइफ धुरंधर

 Written By: Jaya Dwivedie @JDwivedie
 Published : Feb 11, 2026 02:27 pm IST,  Updated : Feb 11, 2026 03:18 pm IST

सिंगर जैस्मिन सैंडलस के कॉन्सर्ट का एक वीडियो काफी चर्चा में आ गया है। सिंगर इस वीडियो में एक्शन में नजर आ रही हैं। वीडियो देखने के बाद लोग उनकी तारीफें करते नहीं थक रहे हैं।

Jasmine Sandlas - India TV Hindi
जैस्मिन सैंडलस। Image Source : INSTANT BOLLYWOOD/INSTAGRAM

बॉलीवुड और पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री की पॉपुलर सिंगर जैस्मिन सैंडलस सिर्फ अपनी दमदार आवाज के लिए ही नहीं, बल्कि अपने बेबाक अंदाज के लिए भी जानी जाती हैं। ‘तारास’, ‘यार ना मिले’, ‘इल्लीगल वेपन 2.0’ और हाल ही में फिल्म धुरंधर के ट्रैक ‘शरारत’ जैसी हिट्स देने वाली जैस्मिन ने हाल ही में दिल्ली में हुए एक कॉन्सर्ट के दौरान ऐसा कदम उठाया, जिसने उन्हें फैंस की नजरों में और ऊंचा कर दिया। दिल्ली में आयोजित एक लाइव शो के दौरान जैस्मिन ने अचानक अपनी परफॉर्मेंस बीच में रोक दी। वजह थी ऑडियंस में मौजूद कुछ आदमी थे, जो महिलाओं को परेशान कर रहे थे। 

जैस्मिन ने लिया एक्शन

सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में जैस्मिन को साफ शब्दों में सिक्योरिटी से कहते सुना गया, 'सिक्योरिटी, क्या आप प्लीज इन दो लोगों को लात माकर बाहर करे सकते हैं? कुड़ियां नू तंग कर रहे हैं। मैं तब तक नहीं गाऊंगी जब तक लड़कियां सेफ महसूस नहीं करेंगी। मैं यहीं खड़ी रहूंगी जब तक यह प्रॉब्लम सॉल्व नहीं होती।' उनकी आवाज में गुस्से से ज्यादा दृढ़ता थी। न कोई ड्रामा, न चिल्लाना, बस एक सख्त और साफ स्टैंड। यह पल दर्शाता है कि मंच पर खड़ी एक कलाकार सिर्फ एंटरटेनर नहीं, बल्कि जिम्मेदार शख्सियत भी होती है। जैस्मिन का यह कदम तुरंत चर्चा में आ गया और सोशल मीडिया पर लोगों ने उनकी जमकर सराहना की।

यहां देखें वीडियो

लोग कर रहे सिंगर की तारीफ

एक यूजर ने लिखा, 'कोई गंदी भाषा नहीं, कोई ओवररिएक्शन नहीं… बस एक बेसिक सिविक अपील और मजबूत स्टैंड। सलाम है।' दूसरे ने कमेंट किया, 'वह असली महिला सशक्तिकरण की मिसाल हैं।' किसी ने उन्हें सच्ची बॉस लेडी कहा तो एक फैन ने मजाकिया अंदाज में उन्हें रियल-लाइफ धुरंधर तक कह दिया।

कहां हुई ये घटना

यह घटना 9 फरवरी को हुए HT सिटी अनविंड-द अल्टीमेट फूड एंड म्यूजिक कार्निवल के दौरान की है। जैस्मिन ने अपने हिट गानों से पहले ही माहौल को जोश से भर दिया था। ‘नशा’, ‘इल्लीगल वेपन 2.0’, ‘यार ना मिले’, ‘गुलाबी क्वीन’ और कई अन्य ट्रैक्स पर दर्शक झूमते नजर आए। शो अपने चरम पर था, तभी यह घटना सामने आई। लेकिन जिस तरह जैस्मिन ने स्थिति संभाली, उसने साबित कर दिया कि उनके लिए सुरक्षा और सम्मान किसी भी परफॉर्मेंस से ऊपर है।

ट्रेंडिंग है जैस्मिन का गाना

कॉन्सर्ट का एक और खास पल तब आया, जब जैस्मिन ने ‘शरारत’ गाने की परफॉर्मेंस के दौरान आयश खान को स्टेज पर बुलाकर फैंस को सरप्राइज दिया। इस स्पेशल कैमियो ने भीड़ को और भी उत्साहित कर दिया। ‘शरारत’ फिल्म धुरंधर का एक स्पेशल आइटम नंबर है, जिसमें आयश खान के साथ टीवी एक्ट्रेस क्रिस्टल डिसूजा भी नजर आती हैं। गाने में अक्षय खन्ना की झलक और उनका सिग्नेचर स्टेप भी दर्शकों को काफी पसंद आया। यह ट्रैक रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर ट्रेंड करने लगा। इसके हुक स्टेप को फैंस ने रील्स में जमकर रीक्रिएट किया, जिससे यह गाना एक वायरल सेंसेशन बन गया।

फिल्म का आने वाला है दूसरा पार्ट

फिलहाल जैस्मिन अपने करियर के शिखर पर हैं। धुरंधर का टाइटल ट्रैक और ‘शरारत’ दोनों ही चार्टबस्टर बन चुके हैं। टाइटल ट्रैक के जरिए रैपर हनुमानकिंड ने भी बॉलीवुड में डेब्यू किया। वहीं फिल्म धुरंधर खुद भी जबरदस्त कमर्शियल सफलता साबित हुई। रिपोर्ट्स के मुताबिक इसने दुनियाभर में ₹1300 करोड़ से ज्यादा की कमाई की, जबकि भारत में यह ₹1000 करोड़ का आंकड़ा पार करने वाली पहली बॉलीवुड फिल्म बन गई। रणवीर सिंह, अर्जुन रामपाल, आर. माधवन और संजय दत्त जैसे सितारों से सजी इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर नया इतिहास रच दिया। अब फैंस धुरंधर के सीक्वल का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, जो 19 मार्च को रिलीज होने वाला है।

ये भी पढ़ें: नाती की शादी कोकिला बेन ने गाना गाकर लगाए चार चांद, मग्न थीं नीता अंबानी, खिलखिलाती रहीं राधिका मर्चेंट

36 की उम्र में डिप्रेशन से जूझ रहे थे कपिल शर्मा, पापा की सताती थी याद, बोले- लोगों को लगा मैं बर्बाद हो गया

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन