रणवीर सिंह की सुपरहिट फिल्म धुरंधर, जो पहले ही 2025 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली हिंदी फिल्मों में शामिल हो चुकी है, अब एक बार फिर सिनेमाघरों में रिलीज़ की गई है। हालांकि, इस बार फिल्म दर्शकों के सामने कुछ हल्के बदलावों के साथ आई है। ये बदलाव सरकार की ओर से मिले निर्देशों के बाद किए गए हैं। गौरतलब है कि 5 दिसंबर को रिलीज होने के बाद से ही धुरंधर बॉक्स ऑफिस पर लगातार शानदार प्रदर्शन कर रही है और रिलीज के एक महीने बाद भी इसकी कमाई थमने का नाम नहीं ले रही।
NDTV की रिपोर्ट के मुताबिक, सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने फिल्म के मेकर्स को कुछ शब्दों को लेकर आपत्ति जताई थी। इसके बाद फिल्म में इस्तेमाल किए गए एक संवेदनशील शब्द को म्यूट कर दिया गया, जिसके चलते अब सिनेमाघरों में धुरंधर का नया थिएटर वर्जन दिखाया जा रहा है। फिल्म पाकिस्तान के जटिल सामाजिक और जातीय ढांचे को दर्शाती है और तथ्य व कल्पना के मेल से आतंकवाद और सरकारी तंत्र के बीच के रिश्तों को उजागर करने की कोशिश करती है। हालांकि फिल्म की मूल कहानी में कोई बदलाव नहीं किया गया है, लेकिन आधिकारिक निर्देशों के तहत कुछ शब्दों और एक डायलॉग में संशोधन किया गया है।
एक सूत्र ने बताया कि 31 दिसंबर को देशभर के सिनेमाघरों को डिस्ट्रीब्यूटर्स की ओर से ई-मेल भेजा गया था, जिसमें कहा गया कि फिल्म का DCP बदला जा रहा है। ई-मेल में बताया गया कि सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के निर्देश पर दो शब्दों को म्यूट किया गया है और एक डायलॉग में बदलाव किया गया है। सिनेमाघरों से अनुरोध किया गया था कि वे नया कंटेंट डाउनलोड करें और 1 जनवरी 2026 से फिल्म का अपडेटेड वर्जन चलाएं। रिपोर्ट के अनुसार हटाए गए शब्दों में से एक “बलूच” है, जबकि दूसरे शब्द और बदले गए डायलॉग को लेकर फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
एडिट के बावजूद धुरंधर की बॉक्स ऑफिस रफ्तार पर कोई असर नहीं पड़ा है। फिल्म ने रिलीज़ के 27वें दिन भी जबरदस्त कमाई करते हुए भारत में 720 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया। आदित्य धर के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने उस दिन 10.50 करोड़ रुपये का बिजनेस किया, जिसके बाद इसका कुल घरेलू कलेक्शन 722.75 करोड़ रुपये तक पहुंच गया।
नए साल से एक दिन पहले भी फिल्म की थिएटर ऑक्यूपेंसी मजबूत रही। रिपोर्ट के मुताबिक, हिंदी वर्जन की कुल ऑक्यूपेंसी 22.72% दर्ज की गई। शाम के शो में सबसे ज्यादा 25.48%, दोपहर में 28.40%, रात में 22.57% और सुबह के शो में 14.42% ऑक्यूपेंसी देखने को मिली। कुल मिलाकर, छोटे बदलावों के बावजूद धुरंधर न सिर्फ बॉक्स ऑफिस पर मजबूती से टिकी हुई है, बल्कि 2025 की सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर के तौर पर अपनी पकड़ और भी मजबूत करती जा रही है।
ये भी पढ़ें: 'पंचायत' को मात देती है ये TV सीरीज, इसके लिए ट्रेन हुईं लेट, PM ने कैंसिल कर दी थी रैली, IMDb पर मिली है 9 रेटिंग
संपादक की पसंद