1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. 1.5 एकड़ में फैला मिथुन चक्रवर्ती का आलीशान फार्महाउस, परिवार के हर सदस्य के लिए अलग कॉटेज, 41 साल पुरानी है प्रॉपर्टी

1.5 एकड़ में फैला मिथुन चक्रवर्ती का आलीशान फार्महाउस, परिवार के हर सदस्य के लिए अलग कॉटेज, 41 साल पुरानी है प्रॉपर्टी

 Written By: Priya Shukla
 Published : Sep 12, 2026 09:25 pm IST,  Updated : Sep 12, 2026 09:25 pm IST

मिथुन चक्रवर्ती करोड़ों के मालिक हैं और कई जगहों पर उनकी शानदार प्रॉपर्टी हैं। इस बीच मिथुन चक्रवर्ती के बेटे नमाशी ने दिग्गज अभिनेता के उस लग्जरी फार्महाउस के बारे में बताया, जो 1.5 एकड़ में फैला है और यहां परिवार के हर सदस्य के लिए कॉटेज है।

mithun chakraboty- India TV Hindi
मिथुन चक्रवर्ती। Image Source : IG/@DISHANICHAKRABORTY/YOUTUBE- HEMANI CHAWLA VLOGS

मिथुन चक्रवर्ती ने 70 के दशक में अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत की थी। उन्होंने 1976 में मृणाल सेन के निर्देशन में बनी 'मृगया' से अभिनय की दुनिया में कदम रखा, जिसके लिए उन्हें बेस्ट एक्टर का नेशनल फिल्म अवॉर्ड भी मिला था। आज मिथुन चक्रवर्ती करोड़ों के मालिक हैं, देश में कई जगहों पर उनकी प्रॉपर्टी है, लेकिन एक समय था जब उन्होंने अपनी जिंदगी में काफी संघर्षों का सामना किया। उन्होंने फुटपाथ पर सोने से लेकर स्टारडम पाने तक का सफर तय किया और अपनी पीढ़ी के सबसे बड़े स्टार्स में से एक रहे। मिथुन चक्रवर्ती खुद कई बार  उन दिनों के बारे में बात कर चुके हैं जब उन्हें सड़कों पर सोना पड़ा, वॉशरूम इस्तेमाल करने के बदले ऑफिस की सफाई करनी पड़ी। ये तब भी उनके साथ हुआ जब वह फिल्मों में कदम रख चुके थे। लेकिन, आज उनके पास देश में कई प्रॉपर्टीज हैं, जिनमें उनका मध आइलैंड स्थित बड़ा सा फार्महाउस भी शामिल है। 1.5 एकड़ में फैले इस फार्महाउस में घर के हर सदस्य के लिए अलग-अलग कॉटेज है और यहां 22 पालतू जानवर रहते हैं।

मध आइलैंड में मिथुन चक्रवर्ती का बंगला

मिथुन चक्रवर्ती के बेटे नमाशी चक्रवर्ती ने पिंकविला से बात करते हुए इस बंगले की कहानी के बारे में बताया। नमाशी के अनुसार, उनके माता-पिता यानी मिथुन चक्रवर्ती और योगिता बाली ने ये बंगला 1985 में अपने बड़े बेटे मिमोह चक्रवर्ती के जन्म के कुछ महीने बाद लिया था। इसी लिए उन्होंने इस घर का नाम भी अपने बेटे मिमोह के नाम पर ही रखा है। नमाशी बताते हैं कि कुछ सालों के लिए उनका परिवार ऊटी चला गया था और जब वहां से मुंबई लौटा तो मध आइलैंड वाले बंगले में पूरी तरह शिफ्ट हो गया। जबकि, इससे पहले तक उस फार्महाउस को हॉलिडे होम के तौर पर इस्तेमाल किया जाता था।

हरियाली से घिरी है प्रॉपर्टी

मिथुन चक्रवर्ती का ये बंगला चारों तरफ से हरियाली से घिरा है और यहां परिवार के हर सदस्य के लिए अलग-अलग कॉटेज है। इसके अलावा इस बंगले में परिवार के 22 कुत्तों के लिए भी जगह है। नमाशी ने बताया कि उनके पिता को गार्डनिंग का काफी शौक है और वह जब भी यहां आते हैं अपने गार्डनिंग के शौक को पूरा करते हैं। नमाशी ने यहां अपने पिता का पहला घर भी दिखाया, जो एक पीली 'वोक्सवैगन बीटल' है। नमाशी ने बताया कि जब उनके पिता यानी मिथुन चक्रवर्ती मुंबई आए तो उनके पास रहने के लिए घर नहीं था। ऐसे में उन्होंने शुरुआत में 15 दिन इसी पीली बीटल में गुजारे थे। ये उनका मुंबई में पहला घर था। ये गाड़ी अब चलाने की हालत में नहीं है, लेकिन मिथुन चक्रवर्ती की काफी यादें इस कार से जुड़ी हैं, जिसके चलते वह इसके रख-रखाव में कोई कमी नहीं छोड़ते।

दीवार पर टंगी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संग फोटो

नमाशी ने घर की उस दीवार की झलक भी दिखाई, जो मिथुन चक्रवर्ती के शानदार करियर की झलक दिखाया है। इस दीवार पर उन्हें मिले सम्मान, पुरस्कार और फैंस से मिले उनके स्केच सुसज्जित हैं और दूसरी दीवार पर मशहूर और सम्मानित हस्तियों के साथ तस्वीरें लगी हैं। इनमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, बाल ठाकरे और कन्नड़ सिनेमा के दिग्गज राजकुमार संगउनकी तस्वीरें शामिल हैं। दीवार पर उस पल की भी तस्वीर देखने को मिली, जब मिधुन चक्रवर्ती को दादा साहब फाल्के पुरस्कार मिला था।

अस्पताल में भर्ती थे मिथुन चक्रवर्ती

पिछले दिनों मिथुन चक्रवर्ती अपनी सेहत संबंधी समस्याओं के चलते चर्चा में रहे। मिथुन चक्रवर्ती को कोलकाता के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां सर्जरी के बाद उन्हें अस्पताल में देखरेख के लिए रखा गया। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने एक तस्वीर शेयर करते हुए इसकी जानकारी दी, जो अभिनेता के स्वास्थ्य का जायजा लेने के लिए उनसे मिलने अस्पताल पहुंचे और अभिनेता के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। 

ये भी पढ़ेंः कौन हैं मिथुन चक्रवर्ती के होने वाले विदेशी दामाद माइल्स मंटजारिस? समंदर किनारे बेटी को किया प्रपोज

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन