1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. कहलाता था 'हैंडसम गैंगस्टर', संजय दत्त की हीरोइन को हुआ प्यार, सिर चढ़ी आशिकी ने खिलाई जेल की हवा

कहलाता था 'हैंडसम गैंगस्टर', संजय दत्त की हीरोइन को हुआ प्यार, सिर चढ़ी आशिकी ने खिलाई जेल की हवा

 Written By: Jaya Dwivedie @JDwivedie
 Published : Oct 18, 2024 05:52 pm IST,  Updated : Oct 18, 2024 06:27 pm IST

बॉलीवुड पर एक ऐसे गैंगस्टर का कब्जा हुआ जिन्हें लोग 'हैंडसम गैंगस्टर' कहते थे। इनकी खूबसूरती ने कई हसीनाओं को इनका कायल किया, लेकिन एक हीरोइन से इनका रिश्ता परवान चढ़ा और फिर दोनों साथ जेल पहुंचे।

Monica Bedi, abu salem- India TV Hindi
मोनिका बेदी और अबू सलेम। Image Source : FILE PHOTO

बॉलीवुड फिल्मों ने बीते सालों में कई ऐसी फिल्में बनाईं जिनमें अंडरवर्ल्ड डॉन का आतंक देखने को मिला। अंडरवर्ल्ड डॉन्स का प्रकोप सिर्फ फिल्मों की कहानियों के अंदर ही नहीं बल्कि बाहरी दुनिया में भी रहा है। 90 के दशक में अंडरवर्ल्ड का बॉलीवुड पर कब्जा था। फिल्मों की मेकिंम में दखल से लेकर एक्टर्स की जिंदगी में भी ये दखलअंदाजी करते थे। नापाक ख्वाहिश को अंजाम देने के लिए ये डॉन्स फिल्मी दुनिया और कलाकारों का सहारा लेते थे। इनका रुतबा और रुबाब भी इस कदर होता था कि इनकी पार्टीज में से सितारे जरूर शामिल होते थे। छोटा शकील, दाउद इब्राहिम की तरह ही एक और गैंगस्टर रहा जिसका सिक्का भी बॉलीवुड में चला। ये शख्स अबू सलेम था। आजमगढ़ का रहने वाला अबू सलेम मुंबई में अंडरवर्ल्ड का बड़ा नाम कैसे बना और फिल्मों के साथ ही ग्लैमरस हीरोइन से उसका क्या नाता रहा ये आपको बताते हैं। 

कैसे अबू सलेम बना डॉन

अबू सलेम अपने शुरुआती दिनों में एक ड्राइवर था। उसकी ख्वाहिश एक बेहतर जिंदगी गुजारने की थी। पैसा, रुतबा और शौहरत के लिए उसने गलत रास्ता चुना। साल 1989 में उसने दाउद इब्राहिम के गैंग के लिए काम करना शुरू कर दिया था। धीरे-धीरे वो दाउद का सबसे करीबी बन गया और गैंग में अलग मुकाम हासिल कर लिया। कहते हैं अबू सलेम अंडरवर्ल्ड डॉन होने के साथ-साथ आशिक मिजाज भी हुआ करते थे। पंजाब के होशियारपुर में जन्मीं मोनिका बेदी उस दौर में फिल्मों में बस आई ही थीं। नई-नई शुरुआत थी और इसी दौरान ही विवादों में आ गईं। इसकी वजह कोई और नहीं बल्कि अबू सलेम संग उनकी परवान चढ़ी आशिकी थी। 

आशिकी पड़ी भारी

फिल्मों से ज्यादा मोनिका बेदी अपने अफेयर को लेकर सुर्खियों में रहीं। अंडरवर्ल्ड डॉन अबू सलेम संग उनका रिश्ता खूब उछला। दोनों की तस्वीरें भी सामने आईं, जिसमें उनका प्यार छिपाए नहीं छिप रहा था। दोनों की चर्चा हर तरफ थी। कहा जाता है कि मोनिका को एक के बाद एक फिल्में मिलने लगीं और इसके पीछे हाथ अबू सलेम का था। कई प्रोड्यूसर्स का दावा है कि अबू सलेम की धमकियों के चलते वो मोनिका को फिल्मों में लेते थे। मोनिका को इस रिश्ते के चलते लगातार काम तो मिला, लेकिन उससे भी महंगा ये रिश्ता पड़ा। इस रिश्ते के चक्कर में एक्ट्रेस को जेल की हवा भी खानी पड़ी। गैर कानूनी कामों में नाम आने के बाद एक्ट्रेस के करियर पर ब्रेक लग गया और उन्हें फिल्में मिलनी कम हो गईं। फिलहाल अब उनके पास एक्टिंग से जुड़ा कोई खास प्रोजेक्ट नहीं है।

Monica Bedi, abu salem
Image Source : FILE PHOTOमोनिका बेदी और अबू सलेम।

करियर को मिली उड़ान, फिर पहुंची जेल के पीछे

तेलुगु फिल्म 'ताजमहल' से मोनिका बेदी ने अपने करियर की शुरुआत की। अबू सलेम और उनके अफेयर के किस्से बॉलीवुड के गलियारों में इस कदर मशहूर हुए कि मेकर्स उन्हें फिल्में देने से कतराने लगे। एक ओर मोनिका का करियर डूबा तो दूसरी तरफ एक्ट्रेस को जेल जाना पड़ा। साल 2005 में मोनिका को पुर्तगाल में फर्जी पासपोर्ट के साथ गिरफ्तार कर लिया गया। साल 1993 में हुए मुंबई बम ब्लास्ट में अबू सलेम दोषी साबित हुआ। इस दौरान मोनिका उनके साथ रिश्ते में थीं। पुलिस का कहना था कि मोनिका इन मनसूबों से वाकिफ थी और वो अबू सलेम का इस सबमें साथ दे रही थीं, जो बाद में पूरी तरह इस्टैब्लिश नहीं हो पाया और जैसे-तैसे मोनिका जेल से छूटीं।

मोनिका ने खुद बताई सच्चाई

मोनिका ने खुद फिल्मफेयर को बताया कि उनकी और अबू सलेम की दोस्ती फोन पर हुई थी। नौ महीने तक दोनों फोन पर ही बात करते रहे। इसी बीच मोनिका को उनसे प्यार हो गया और मोनिका लगातार अबू सलेम से मिलने का इजहार करती रहीं। कई बार कहने के बाद दोनों पहली बार दुबई में मिले और रिश्ता बन गया। इसके बाद दोनों बार-बार मिलने लगे। एक्ट्रेस का दावा है कि अबू सलेम ने शुरुआत में अपनी पहचान छिपाई थी। इसी वजह से वो उसके चंगुल में फंस गईं। जब उन्हें बाते समझ में आईं और अहसास हुआ कि वो अंडरवर्ल्ड के बीच हैं तो उन्हें लगा कि अब पीछे जाने का कोई रास्ता नहीं बचा है। 

अब कहां है दोनों

मुंबई बम ब्लास्ट के बाद अबू सलेम अमेरिका चला गया। वहीं जाने के बाद भी दोनों का रिश्ता खत्म नहीं हुआ। जाली पासपोर्ट के जरिए अबू सलेम ने मोनिका को मिलने के लिए बुलाया और वो वहां भी मिलने गई, वहां से निकलते हुए लिस्बन में दोनों की गिरफ्तारी हुई। मोनिका ने अपने रिश्ते को स्विकार किया और वहां से भारत आईं। जेल में काफी वक्त रहने के बाद वो छूट गईं, लेकिन 12 अक्टूबर, 2005 को अबू सलेम को पुर्तगाल में सशर्त रिहा कर दिया गया था। नवंबर 2005 में उसे भारत प्रत्यर्पित कर दिया गया। सलेम को साल 2017 में उम्रकैद की सजा सुनाई गई थी। फिलहाल अब भी वो जेल में ही है। वहीं मोनिका जेल से छूटने के बाद कमबैक की कई कोशिशे कर चुकी हैं। सोशल मीडिया पर वो काफी एक्टिव हैं। मुंबई में रहती हैं। 'बिग बॉस' के बाद वो कई टीवी शोज में नजर आ चुकी हैं। फिलहाल इन दिनों फिल्मों से दूर हैं। 

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन