राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार से सम्मानित लोकप्रिय अभिनेत्री मानसी पारेख हाल ही में पवित्र कैलाश मानसरोवर की आध्यात्मिक यात्रा पूरी कर लौटी हैं। उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर इस कठिन और पावन यात्रा के कई खूबसूरत पलों की झलकियां अपने फैंस के साथ साझा की हैं। हालांकि मानसी की यह यात्रा एक ऐसे समय पर सुर्खियों में आई जब तिब्बत-नेपाल सीमा पर अचानक आई प्राकृतिक आपदा ने सैकड़ों श्रद्धालुओं के लिए भारी मुश्किल खड़ी कर दी है। बता दें, जब ये हादसा हुआ तो मानसी पारेख वहां मौजूद थी। फिलहाल उनकी हालत कैसी है और हालत कैसे हैं, इस पर उन्होंने पोस्ट साझा करते हुए अपडेट दिया है।
मानसी पारेख भी थी मौजूद
आध्यात्मिक गुरु सद्गुरु ने खुलासा किया था कि तिब्बत के ग्योंग इमिग्रेशन सेंटर के पास उनकी यात्रा का एक प्रमुख दल अचानक आई भीषण बाढ़ में फंस गया था। यह हादसा तीर्थयात्रियों के वापसी मार्ग के दौरान हुआ। मानसी पारेख भी उसी समय मानसरोवर क्षेत्र में मौजूद थीं, लेकिन इस बात की कोई आधिकारिक पुष्टि या प्रमाण नहीं है कि वह सद्गुरु के उसी प्रभावित दल का हिस्सा थीं, जबकि एक्ट्रेस ने सदगुरु के उस दल के लिए भगवान से प्राथना करते हुए एक पोस्ट साझा किया है।

एक्ट्रेस ने दी अपडेट
एक्ट्रेस ने तीन पोस्ट साझा किए हैं, उन्होंने पहली इंस्टाग्राम स्टोरी में लिखा, 'जिंदगी कितनी अनिश्चित है, लेकिन जो हुआ है वह सचमुच दिल तोड़ने वाला है। हम लगातार इस त्रासदी से प्रभावित लोगों के लिए प्रार्थना कर रहे हैं। भगवान की कृपा से हम चीन में सुरक्षित हैं और ईशा फाउंडेशन हमें घर वापस लाने के साथ-साथ बाढ़ में फंसे लोगों को खोजने की पूरी कोशिश कर रहा है। कृपया सभी की सलामती के लिए प्रार्थना करते रहें।' इसके बाद उन्होंने एक और स्टोरी पोस्ट की और लिखा, 'सच कहूं तो 5 दिन पहले इस जगह पर मेरा बहुत गर्मजोशी से स्वागत किया गया था! और अब पूरी जगह पानी में डूबी हुई है।' आखिरी पोस्ट में एक्ट्रेस लिखती हैं, 'असल में बात यह है कि हमें कल सुबह यहां पहुंचना था।' इन पोस्ट से ये जाहिर हो रहा है कि एक्ट्रेस सेफ हैं।
तिब्बत में राहत कार्य और श्रद्धालुओं की वर्तमान स्थिति
क्षेत्र में अचानक आई बाढ़ के कारण परिस्थितियां काफी गंभीर हो गई हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार बचाव अभियानों के माध्यम से लगभग 500 श्रद्धालु सुरक्षित रूप से वापस लौटने में सफल रहे हैं। हालांकि 700 से अधिक तीर्थयात्री अब भी तिब्बत और नेपाल के विभिन्न दुर्गम हिस्सों में फंसे हुए हैं। इनमें से 77 ऐसे लोग हैं जिनकी सटीक लोकेशन का अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। इस स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सद्गुरु स्वयं प्रभावित क्षेत्र में मौजूद हैं और राहत एवं बचाव कार्यों की व्यक्तिगत रूप से निगरानी कर रहे हैं।
मानसी पारेख का कलात्मक सफर और उपलब्धियां
मानसी पारेख भारतीय मनोरंजन जगत का एक स्थापित और बहुमुखी प्रतिभा संपन्न नाम हैं। वह एक कुशल अभिनेत्री के साथ-साथ गायिका, निर्माता और कंटेंट क्रिएटर भी हैं। उन्होंने अपने अभिनय सफर की शुरुआत वर्ष 2004 में टेलीविजन धारावाहिक 'कितनी मस्त है जिंदगी' से की थी। हालांकि उन्हें वास्तविक पहचान 2005 के लोकप्रिय शो 'इंडिया कॉलिंग' से प्राप्त हुई। इसके पश्चात उन्होंने स्टार प्लस के शो 'जिंदगी का हर रंग...गुलाल' और सुपरहिट कॉमेडी शो 'सुमित संभाल लेगा' में माया के किरदार से दर्शकों के दिलों में अपनी खास जगह बनाई।
छोटे पर्दे पर अपार सफलता हासिल करने के बाद मानसी ने अन्य क्षेत्रीय और हिंदी सिनेमा में भी अपना विस्तार किया। उन्होंने 2012 में तमिल फिल्म 'लीलाई' और हिंदी फिल्म 'ये कैसी लाइफ' से फिल्मों में कदम रखा। बाद में उन्होंने निर्माण के क्षेत्र में उतरते हुए गुजराती वेब सीरीज 'डू नॉट डिस्टर्ब' का निर्माण किया और हिट फिल्म 'गोलकेरी' से गुजराती सिनेमा में मुख्य अभिनेत्री के रूप में अपनी धाक जमाई। वर्ष 2024 मानसी के करियर का सबसे यादगार वर्ष साबित हुआ, जब उन्हें फिल्म 'कच्छ एक्सप्रेस' में 'मोंघी' के सशक्त किरदार के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री के राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
मानसरोवर का अलौकिक अनुभव और आगामी प्रोजेक्ट्स
मानसरोवर झील के तट पर बिताए शांत पलों के वीडियो साझा करते हुए मानसी ने अपनी भावनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने लिखा कि कभी-कभी अनुभव इतना दिव्य और गहरा होता है कि उसे बयां करने के लिए शब्द छोटे पड़ जाते हैं। हजारों वर्षों के पौराणिक इतिहास को समेटे इस तट पर 40 मिनट तक ध्यान साधना करना उनके जीवन का एक अविस्मरणीय और अलौकिक क्षण रहा। अपने काम के मोर्चे पर मानसी पारेख जल्द ही नेटफ्लिक्स की आगामी कॉमेडी सीरीज 'चुंबक कॉलोनी' में एक मुख्य भूमिका में नजर आने वाली हैं।