भारतीय फिल्म इंडस्ट्री से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। मशहूर मेकअप आर्टिस्ट विक्रम गायकवाड़ का मुंबई में निधन हो गया। 'काशीनाथ घनेकर', 'बालगंधर्व', 'ठग्स ऑफ हिंदुस्तान', 'शहीद भगत सिंह', 'दंगल' और 'जनता राजा' जैसे विभिन्न किरदारों की वेशभूषा को और अधिक यथार्थवादी बनाने वाले मशहूर डिजाइनर विक्रम गायकवाड़ ने शुक्रवार को अंतिम सांस ली। उनका अंतिम संस्कार आज यानी 10 मई 2025 की शाम 4.30 बजे दादर के शिवाजी पार्क श्मशान घाट पर किया जाएगा। बॉलीवुड के कई सितारे ने उनके निधन पर शोक जाहिर किया है।
इन फिल्मों में किया था काम
बता दें कि विक्रम गायकवाड़ एक राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता मेकअप आर्टिस्ट थे। उन्होंने पानीपत, बेल बॉटम, उरी, डर्टी ब्लैकमेल, दंगल, पीके, झांसी, सुपर 30 और केदारनाथ जैसी फिल्मों में मेकअप आर्टिस्ट के तौर पर बेहतरीन काम किया है। उन्होंने ऐतिहासिक धारावाहिक छत्रपति शिवाजी महाराज में भी मशहूर मेकअप आर्टिस्ट के तौर पर काम किया था। उन्होंने पवनखंड, फत्ते शिकस्त और शेर शिवराज जैसे ऐतिहासिक धारावाहिकों में भी मेकअप आर्टिस्ट के तौर पर बेहतरीन भूमिका निभाई थी। उन्हें सात बार राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। वह दंगल, संजू, 3 इडियट्स और भाग मिल्खा भाग जैसी सैकड़ों सुपरहिट फिल्मों के मेकअप डिजाइनर थे। 2013 में उन्हें बंगाली फिल्म के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया था।
विक्रम गायकवाड़ पुरस्कार
विक्रम गायकवाड़ को उनके काम के लिए कई राष्ट्रीय पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है। उन्होंने वर्ष 2010 में 'मोनर मानुष' के लिए सर्वश्रेष्ठ मेकअप कलाकार का राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार जीता था। इसके बाद उन्होंने 'बालगंधर्व', 'द डर्टी पिक्चर' और 'जतिश्वर' के लिए राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार जीता।
विक्रम गायकवाड़ ने किया लारा दत्ता का लुक डिजाइन
विक्रम गायकवाड़ ने कई फिल्मों में अपने मेकअप के जरिए किरदारों को वास्तविक बनाने की कोशिश की थी। इसमें अक्षय कुमार की फिल्म 'बेल बॉटम' भी शामिल है। इस फिल्म में लारा दत्ता ने इंदिरा गांधी का किरदार निभाया है। विक्रम ने लारा को इंदिरा गांधी जैसा लुक देने में अहम योगदान दिया था। एक बातचीत में उन्होंने बताया कि सही लुक के लिए उन्होंने इंदिरा गांधी की तस्वीरों का गहराई से अध्ययन किया था, जिसके लिए उन्हें काफी मेहनत करनी पड़ी थी। फिल्म 83 में रणवीर सिंह ने पूर्व क्रिकेटर कपिल देव का किरदार निभाया है। फिल्म में एक्टर का मेकअप भी विक्रम गायकवाड़ ने ही किया था। उनकी कुशलता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि फिल्म में रणवीर सिंह काफी हद तक कपिल देव जैसे दिख रहे थे।