नेहा कक्कड़ हाल ही में अपने पति रोहनप्रीत सिंह, मां और भाई टोनी कक्कड़ के साथ मुंबई में अपने ड्राइवर की शादी में शामिल हुईं। इस समारोह का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें सिंगर को अपने पति-मां और भाई के साथ ड्राइवर की शादी में शामिल होते देखा जा सका है। नेहा कक्कड़ जैसे ही अपने परिवार के साथ स्टेज पर पहुंचीं खुद दुल्हा-दुल्हन ने नेहा कक्कड़ और उनके परिवार का स्वागत किया। मेलबर्न कॉन्सर्ट में देरी को लेकर हुए विवाद के बीच अब नेहा का ये वीडियो खूब वायरल हो रहा है, जिस पर यूजर प्यार लुटा रहे हैं।
ड्राइवर की शादी में पहुंचीं नेहा
ड्राइवर की शादी में पहुंचीं नेहा कक्कड़ ने पति रोहनप्रीत और भाई टोनी के साथ मिलकर खूब मस्ती की। उन्होंने साथ मिलकर डांस किया और ना सिर्फ दूल्हा-दुल्हन, उनके परिवार बल्कि मेहमानों से भी मिले और ढेरों तस्वीरें खिंचवाईं। नेहा ने दूल्हा-दुल्हन को बधाई दी और फिर शादी में पहुंचे मेहमानों के साथ सेल्फी भी खिंचवाई। इसका एक वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
नेहा कक्कड़ ने दूल्हा-दुल्हन के मेहमानों के साथ खिंचवाईं फोटो
नेहा इस दौरान सिंपल और एलिगेंट ऑल-ब्लैक आउटफिट में नजर आईं, जिसमें वह बेहद खूबसूरत लग रही थीं। स्टेज पर नेहा और उनके परिवार को देखकर उनका ड्राइवर और उनकी नई दुल्हन काफी खुश हो गए और नेहा के पैर छूकर आशीर्वाद लिया। इसके बाद सिंगर ने उन्हें प्यार से गले लगा लिया। नेहा की मम्मी ने ने जहां दूल्हे को अंगूठी तोहफे में दी वहीं नेहा ने नई दुल्हन के गले में चेन पहनाई। अपने ड्राइवर के लिए नेहा का ये लगाव देखकर उनके फैंस बेहद खुश हैं।
नेहा की दिलेरी पर आया फैंस का दिल
वेन्यू पर नेहा कक्कड़ को देख सभी मेहमान एक्साइटेड हो गए और उनसे मिलने पहुंच गए। नेहा ने भी कपल के मेहमानों को निराश नहीं किया। उन्होंने सभी से मुलाकात की और तस्वीरें क्लिक कराईं। नेहा का ये अंदाज देखकर यूजर उनकी तारीफ करते नहीं थक रहे। एक ने लिखा, 'कुछ भी कहो, पर दिल की अच्छी है यार।' एक और ने लिखा, 'कितना भी ट्रोल कर लो, पर ये सच में अच्छी है।' एक अन्य ने लिखा- 'कितना प्यार कपल है ये।' एक और कमेंट है, 'हर सिलेब्रिटी को ऐसा ही होना चाहिए, जो अपने स्टाफ का भी ख्याल रखे।'
मेलबर्न कॉन्सर्ट को लेकर सुर्खियों में थीं नेहा
नेहा कक्कड़ लंबे समय से अपने मेलबर्न कॉन्सर्ट को लेकर विवादों में घिरी हुई हैं। मार्च में ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न में आयोजित कॉन्सर्ट के बाद नेहा ने तब सबका ध्यान खींचा जब वह मंच पर रोने लगीं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, नेहा शो में तीन घंटे देर से पहुंची थीं, जिसके चलते उन्हें 'वापस जाओ' के नारे सुनने पड़े। नेहा ने दावा किया कि वह देर से पहुंची क्योंकि आयोजकों ने उनकी टीम को कुछ बेसिक सुविधाएं नहीं दी थीं। जिसके बाद ऑस्ट्रेलियाई इवेंट प्लानर्स पेस डी और बिक्रम सिंह रंधावा ने उनके दावों का खंडन किया।