1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. 'पापा को कभी नहीं छोड़ा', नाना पाटेकर को अकेला छोड़ने के दावों पर बेटे मल्हार ने तोड़ी चुप्पी, बयां किया दर्द- 'दुनिया थम गई थी'

'पापा को कभी नहीं छोड़ा', नाना पाटेकर को अकेला छोड़ने के दावों पर बेटे मल्हार ने तोड़ी चुप्पी, बयां किया दर्द- 'दुनिया थम गई थी'

 Written By: Jaya Dwivedie
 Published : Oct 15, 2026 01:42 pm IST,  Updated : Oct 15, 2026 02:54 pm IST

नाना पाटेकर के बेटे मल्हार ने पिता के आखिरी पलों को याद किया। उन्होंने बताया कि नाना फिट थे और परिवार हमेशा साथ था। निधन की खबर सुनकर उन्हें लगा, जैसे दुनिया थम गई।

Malhar - India TV Hindi
मल्हार पाटेकर और नाना पाटेकर। Image Source : MALHAR PATEKAR FACEBOOK

बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर के निधन से फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर है। 8 अक्टूबर को गोवा में कार्डियक अरेस्ट के कारण 75 वर्ष की उम्र में अभिनेता ने दुनिया को अलविदा कह दिया था। उनके निधन के बाद परिवार, प्रशंसक और फिल्म जगत की कई हस्तियां उन्हें याद कर रही हैं। अब नाना पाटेकर के बेटे मल्हार पाटेकर ने पिता के आखिरी पलों को याद किया है। उन्होंने बताया कि पिता के निधन की खबर मिलने के बाद उनकी दुनिया जैसे थम गई थी। इस मुश्किल समय में माता-पिता से मिली मजबूती और परिवार का प्यार उन्हें संभलने की ताकत दे रहा है। मल्हार ने उन खबरों पर भी नाराजगी जताई, जिनमें परिवार के रिश्तों को लेकर गलत धारणाएं बनाई जा रही हैं।

माता-पिता से मिली मजबूती, परिवार के रिश्तों पर कही ये बात

हिंदुस्तान टाइम्स को दिए इंटरव्यू में मल्हार पाटेकर ने बताया कि बचपन से ही उन्हें अपने माता-पिता से मजबूती और मुश्किल परिस्थितियों का सामना करने की सीख मिली है। उनके मुताबिक बाहरी दुनिया उनके परिवार के बारे में क्या सोचती है, इससे उन्हें ज्यादा फर्क नहीं पड़ता। उनके लिए परिवार के सदस्यों के बीच भावनात्मक जुड़ाव और प्यार मायने रखता है। मल्हार ने कहा कि उन्हें हमेशा परिवार के लोगों, चाचा और चचेरे भाई-बहनों का प्यार मिला है। उन्होंने सोशल मीडिया पर परिवार की तस्वीरें साझा नहीं करने को रिश्तों में दूरी का संकेत मानने वाली सोच पर भी सवाल उठाया। उनके मुताबिक इंस्टाग्राम पर पारिवारिक तस्वीरें पोस्ट न करने का मतलब यह बिल्कुल नहीं है कि परिवार के लोग एक-दूसरे के करीब नहीं हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उनके माता-पिता के बीच करीब 38-39 साल का रिश्ता रहा और अलग होने के बाद भी दोनों के संबंध अच्छे थे। मल्हार का कहना है कि किसी परिवार की वास्तविक परिस्थितियां बाहर से दिखाई देने वाली तस्वीरों से अलग हो सकती हैं। इसलिए सोशल मीडिया पर वायरल होने वाली बातों के आधार पर रिश्तों को लेकर निष्कर्ष निकालना सही नहीं है।

'पिता कभी अकेले नहीं थे, हम हमेशा उनके साथ रहते थे'

नाना पाटेकर की सेहत और उनके आखिरी दिनों को लेकर मल्हार ने बताया कि अभिनेता परिवार के बीच ही रहते थे और ऐसा कभी नहीं हुआ कि उन्हें अकेला छोड़ दिया गया हो। उन्होंने कहा कि परिवार का कोई न कोई सदस्य हमेशा उनके साथ मौजूद रहता था। मल्हार के मुताबिक, उनके पिता काफी फिट थे और नियमित रूप से व्यायाम करते थे। उन्होंने बताया कि नाना पाटेकर जिम में करीब ढाई घंटे तक कसरत करते थे। मल्हार के अनुसार, उनकी फिटनेस का स्तर ऐसा था, जिसे देखकर युवा भी हैरान रह जाएं। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि उनके पिता सक्रिय जीवन जीते थे और परिवार ने हमेशा उनका ख्याल रखा। मल्हार ने उन खबरों पर भी प्रतिक्रिया दी, जिनमें नाना पाटेकर के अकेले होने या अस्वस्थ रहने की बातें सामने आई थीं। उन्होंने कहा कि उनके पिता कभी अकेले नहीं थे और परिवार के लोग लगातार उनकी देखभाल करते थे।

ऐसे बीते नाना पाटेकर के आखिरी पल

इंटरव्यू में मल्हार ने उस दिन का घटनाक्रम भी साझा किया, जब नाना पाटेकर गोवा में अपने घर पर थे। उन्होंने बताया कि उनके चचेरे भाई प्रसाद अभिनेता की मनोरंजन जगत से जुड़ी बैठकों और कामकाज को देखते थे। नाना पाटेकर ने ही प्रसाद को मुंबई भेजा था, क्योंकि उन्हें अगले दिन माधुरी दीक्षित के साथ मराठी 'कौन बनेगा करोड़पति' की शूटिंग करनी थी। मल्हार ने बताया कि उनके एक अन्य भाई अमय भी नाना पाटेकर को घर की ऊपरी मंजिल पर व्यवस्थित करने के बाद ही वहां से निकले थे। उन्होंने कहा कि उनके पिता ऐसे इंसान थे, जो अपनी परेशानी से किसी दूसरे को परेशान नहीं करना चाहते थे। मल्हार के मुताबिक जब नाना पाटेकर को बेचैनी महसूस हुई तो उन्होंने पहले मैसेज किया और कुछ समय बाद फोन भी किया। फोन आने के बाद परिवार का सदस्य तुरंत उनके पास पहुंचा, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी।

मां का फोन आया और जैसे थम गई दुनिया

मल्हार ने बताया कि वह उस समय पुणे में थे, जब सुबह करीब पांच बजे उनकी मां का फोन आया। पिता के निधन की खबर मिलने के बाद वह इस कदर सदमे में थे कि उन्हें इसके बाद की कई बातें याद नहीं हैं। उन्होंने भावुक होकर कहा कि उस पल उन्हें ऐसा महसूस हुआ, जैसे उनके आसपास की पूरी दुनिया रुक गई हो। नाना पाटेकर का अंतिम संस्कार पुणे स्थित उनके फार्महाउस पर कया गया था। अभिनेता के सम्मान में महाराष्ट्र सरकार की ओर से प्रार्थना सभा का आयोजन भी किया गया, जिसमें मनोरंजन जगत और राजनीति से जुड़ी कई हस्तियां शामिल हुईं।

ये भी पढ़ें:  जिस ‘रामायण’ ने रचा इतिहास, उसे बनाने से पीछे हट गया था डिज्नी, रामानंद सागर की एक चूक बनी वजह, ललित मोदी ने सुनाया किस्सा            

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन।