1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. आखिरकार सामने आईं यश की 'लेडीज', 'टॉक्सिक' के नए टीजर में दिखा हसीनाओं का जलवा, 5 अभिनेत्रियों के बीच अकेले घिरे सुपरस्टार

आखिरकार सामने आईं यश की 'लेडीज', 'टॉक्सिक' के नए टीजर में दिखा हसीनाओं का जलवा, 5 अभिनेत्रियों के बीच अकेले घिरे सुपरस्टार

 Written By: Jaya Dwivedie
 Published : Jul 01, 2026 04:21 pm IST,  Updated : Jul 01, 2026 04:28 pm IST

यश की फिल्म 'टॉक्सिक' का नया टीजर रिलीज कर दिया गया है। फिल्म में 5 हीरोइनें यश के साथ नजर आएंगी। हालिया टीजर में इन हसीनाओं की पहली झलक देखने को मिली है।

toxic teaser- India TV Hindi
यश, नैनतारा, कियारा अडवाणी और तारा सुतारिया। Image Source : KVN PRODUCTIONS

सुपरस्टार यश की अपकमिंग फिल्म 'टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स' को लेकर लंबे समय से फैंस के मन में एक ही सवाल था कि फिल्म की मुख्य अभिनेत्रियां कहां हैं? इस फिल्म में यश के साथ नयनतारा, कियारा आडवाणी, हुमा कुरैशी, तारा सुतारिया और रुक्मिणी वसंत जैसी बड़ी अभिनेत्रियां मुख्य भूमिकाओं में हैं। आखिरकार दर्शकों के इसी इंतजार को खत्म करते हुए बुधवार को फिल्म का एक नया टीजर जारी किया गया है, जिसमें फिल्म की लेडीज का जलवा देखने को मिल रहा है।

सोशल मीडिया पर मजेदार बातचीत के बाद आया टीजर

इस टीजर की रिलीज से पहले सोमवार को 'टॉक्सिक' के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से यश को टैग करते हुए पूछा गया था, 'महिलाएं कहां हैं यश।' इस पर अभिनेता ने मजेदार जवाब देते हुए लिखा था, 'शांत हो जाओ! महिलाओं को आने में थोड़ा वक्त लगता है!' इसके साथ ही उन्होंने साफ कर दिया था कि बुधवार को कुछ बड़ा आने वाला है। बुधवार को टीजर जारी करते हुए यश ने कैप्शन में लिखा, 'लेडीज एंड लेडीज...'

चेतावनी के साथ शुरू होता है टीजर

1 मिनट 41 सेकंड का यह नया टीजर बच्चों को दूर रहने की चेतावनी के साथ शुरू होता है। इसमें माता-पिता और दादा-दादी से अपील की गई है कि वे बच्चों को इसे न देखने दें, जबकि परदादा-परदादी को इसे अपने जोखिम पर देखने की सलाह दी गई है। बैकग्राउंड में एक वॉयसओवर सुनाई देता है, 'प्यार... प्यार महिलाओं को मॉन्स्टर बना देता है। अगर कोई इसके धोखे की गहराई को समझता है तो यह एक खूबसूरत भ्रम है। फिर भी हम यहां हैं, उसकी भक्ति के टुकड़ों के लिए लड़ रहे हैं, लेकिन लेडीज, यहां एक नया ट्विस्ट है...'

टीजर में क्या-क्या हुआ?

टीजर में नयनतारा को दमदार अंदाज में बाइक चलाते हुए दिखाया गया है, जबकि कियारा आडवाणी के किरदार में एक डांसर की झलक मिलती है। वहीं रुक्मिणी वसंत, तारा सुतारिया और हुमा कुरैशी किसी बड़ी साजिश को अंजाम देती नजर आ रही हैं। टीजर के अंत में यश एक्शन के बीच महिलाओं से फ्लर्ट करते हुए पूछते हैं, 'लेडीज एंड लेडीज... एक-एक करके आना चाहोगी या सब एक साथ?'

कई बार टल चुकी है फिल्म की रिलीज डेट

'टॉक्सिक' एक पीरियड गैंगस्टर ड्रामा फिल्म है, जिसका निर्देशन गीतू मोहनदास कर रही हैं। केवीएन प्रोडक्शंस और मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस के बैनर तले बन रही इस फिल्म में यश डबल रोल में नजर आने वाले हैं। इस भव्य बजट वाली फिल्म को एक साथ कन्नड़ और अंग्रेजी भाषाओं में शूट किया गया है, जबकि इसे हिंदी और अन्य दक्षिण भारतीय भाषाओं में डब करके रिलीज किया जाएगा। साल 2023 में 'यश 19' के नाम से घोषित हुई इस फिल्म की शूटिंग 2025 में पूरी हो चुकी है, लेकिन इसकी रिलीज डेट कई बार बदली जा चुकी है। पहले यह 10 अप्रैल 2025 को आने वाली थी, पर शूटिंग पूरी न होने के कारण इसे टाल दिया गया। इसके बाद इसे इस साल 19 मार्च को रिलीज करने का फैसला हुआ, लेकिन उसी दिन आदित्य धर की फिल्म 'धुरंधर: द रिवेंज' की रिलीज के चलते इसे आगे बढ़ाकर 4 जून किया गया। बाद में पश्चिम एशिया के तनावपूर्ण हालातों और अब 'ग्लोबल डिस्ट्रिब्यूशन' को बेहतर बनाने के लिए इसे एक बार फिर आगे बढ़ाया गया है। फिल्म अब आखिरकार ओणम के मौके पर 26 अगस्त को सिनेमाघरों में दस्तक देगी।

ये भी पढ़ें: 'वेलकम टू द जंगल' से ऐन वक्त पर क्यों बाहर हुए संजू बाबा? रिलीज के बाद डायरेक्टर अहमद खान ने खोला राज

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन