1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. तीनों खान संग किया काम, बचपन में ही साबित किया टैलेंट, कार्तिक आर्यन पर पड़ा भारी, अब कहां है 'हीरो नंबर 1' का नटखट रिंकू

तीनों खान संग किया काम, बचपन में ही साबित किया टैलेंट, कार्तिक आर्यन पर पड़ा भारी, अब कहां है 'हीरो नंबर 1' का नटखट रिंकू

 Written By: Jaya Dwivedie @JDwivedie
 Published : Sep 02, 2025 12:25 pm IST,  Updated : Sep 02, 2025 01:19 pm IST

बॉलीवुड का वो चाइल्ड स्टार जो शाहरुख, सलमान और आमिर के साथ काम किया, डेब्यू फिल्म की सुपरहिट हुई और कार्तिक आर्यन से ज्यादा उसकी तारीफ हुई, लेकिन फिर बी बड़ा स्टार नहीं बन पाया। जानें अब कहां है एक्टर।

Omkar Kapoor- India TV Hindi
ओमकार कपूर। Image Source : OMKAR KAPOOR INSTAGRAM

बॉलीवुड में अक्सर ये देखा गया है कि चाइल्ड आर्टिस्ट बड़े होकर वो पहचान नहीं बना पाते जो उन्होंने बचपन में पाई थी। दूसरी ओर कई बार सुपरस्टार्स के बेटे भी सफलता की सीढ़ियां नहीं चढ़ पाते। वहीं, कुछ ऐसे फ्लॉप एक्टर्स के बच्चे होते हैं जो इंडस्ट्री में छा जाते हैं। लेकिन चाइल्ड एक्टर्स की कहानी ज्यादातर अधूरी ही रह जाती है। इसी अधूरी कहानी का हिस्सा हैं ओमकार कपूर, जिनका बचपन फिल्मी ग्लैमर और स्टार्स के बीच बीता, लेकिन बड़े होने पर उन्हें वो स्टारडम नहीं मिल सका जिसकी एक समय में झलक दिखाई दी थी। अब ये कहां हैं और क्या कर रहे हैं, चलिए आपको बताते हैं।

कौन हैं ओमकार कपूर?

ओमकार कपूर ने 90 के दशक में बतौर चाइल्ड आर्टिस्ट फिल्मों में एंट्री की थी। महज 6 साल की उम्र में उन्होंने 13 फिल्मों में काम कर लिया था। उनकी पहली फिल्म थी 'मासूम' (1996)। इसके बाद उन्होंने एक के बाद एक कई बड़ी फिल्मों में काम किया, जिनमें शाहरुख खान की 'चाहत', सलमान खान की 'जुड़वा', गोविंदा की 'हीरो नंबर 1', अनिल कपूर की 'जुदाई', आमिर खान की 'मेला' और अक्षय कुमार की 'इंटरनेशनल खिलाड़ी' जैसी फिल्में शामिल हैं। फिल्म 'चाहत' में उन्होंने शाहरुख खान के बेटे विक्की का रोल निभाया था तो वहीं 'जुड़वा' में सलमान खान के बचपन का किरदार निभाया था। ओमकार की मासूमियत और एक्टिंग स्किल्स की उस वक्त खूब तारीफ हुई थी।

बतौर हीरो नहीं चला जादू

चाइल्ड स्टार के तौर पर जबरदस्त पहचान बनाने के बावजूद ओमकार कपूर बतौर लीड एक्टर ज्यादा कमाल नहीं कर पाए। उन्होंने 2015 में लव रंजन की फिल्म 'प्यार का पंचनामा 2' से बतौर लीड एक्टर डेब्यू किया था, जहां वे कार्तिक आर्यन के दोस्त के रोल में नजर आए। फिल्म को अच्छा रिस्पॉन्स मिला, लेकिन ओमकार को इससे वो पहचान नहीं मिली जिसकी उन्हें उम्मीद थी। इसके बाद उन्होंने 'यू मी और घर', 'झूठा कहीं का', 'लवस्ते' और 'बटन' जैसी फिल्मों में काम किया, मगर कोई फिल्म हिट नहीं हो सकी।

वेब सीरीज और टीवी पर भी आजमा चुके हैं किस्मत

ओमकार ने डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी कई वेब सीरीज में हाथ आजमाया। वे 'कौशिकी', 'भूतपूर्व', 'भ्रम', 'फॉरबिडन लव', 'बिसात' और 'शादी के बाद' जैसी वेब सीरीज का हिस्सा रह चुके हैं। टीवी करियर की बात करें तो उन्होंने 1993 में 'फिल्मी चक्कर' नामक शो में 'चिंटू' का किरदार निभाया था। बाद में 2024 में टीवी शो 'आंगन-अपनों का' में वह 'सिद्धार्थ' के रोल में नजर आए। आज ओमकार कपूर 38 साल के हैं और अब भी इंडस्ट्री में एक्टिव हैं। वे जल्द ही फिल्म 'प्रोजेक्ट लव' में नजर आने वाले हैं। हालांकि उन्होंने अब तक शादी नहीं की है और पूरी तरह अपने करियर पर फोकस कर रहे हैं।

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन