दिल्ली में आयोजित ब्रिक्स समिट के गाला डिनर में पूरी तरह शाकाहारी (Veg) मेन्यू पर छिड़े राजनीतिक विवाद के बीच, आइसलैंड के पूर्व राष्ट्रपति ओलाफुर रेगनर ग्रिम्सोन ने 20 साल पुराना एक अहम किस्सा शेयर किया है। ग्रिम्सोन ने याद किया कि उन्होंने 2005 में आइसलैंड की अपनी राजकीय यात्रा के दौरान तत्कालीन राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम को पूरी तरह से शाकाहारी भोजन परोसा था।
वहीं, ब्रिक्स समिट की गाला डिनर पार्टी में कौन-कौन से मुख्यमंत्री शामिल हुए, किस राज्य के सीएम नहीं आए; यहां जानें
आइसलैंड से आया कलाम वाला जवाब
ग्रिमसन ने अपने ऑफिशियल X अकाउंट पर लिखा, "जब मैंने किसी नॉर्डिक देश की ऐसी पहली यात्रा पर भारत के राष्ट्रपति के लिए राजकीय भोज का आयोजन किया था, तो मैंने पूरी तरह से शाकाहारी मेन्यू भी पेश किया था। 20 साल से भी पहले और आइसलैंड में, जहां शाकाहारी होना आसान नहीं है!!"
ग्रिमसन, जो 1996 से 2016 तक आइसलैंड के राष्ट्रपति रहे, ने आइसलैंड और व्यापक नॉर्डिक क्षेत्र की अपनी पहली यात्रा के दौरान कलाम की मेजबानी की थी। उनकी यह पोस्ट उन टिप्पणियों के जवाब में आई है जिनमें ब्रिक्स (BRICS) स्टेट डिनर का मज़ाक उड़ाया गया था, क्योंकि उसमें सिर्फ़ शाकाहारी खाना परोसा गया था।
गाला डिनर पार्टी में क्या-क्या परोसा गया?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को भारत मंडपम में ब्रिक्स नेताओं के लिए डिनर का आयोजन किया। मेन्यू में भारतीय व्यंजनों की झलक दिखी और इसमें कई तरह के पारंपरिक और आधुनिक शाकाहारी व्यंजन शामिल थे। परोसी गई वस्तुओं में खांडवी, पनीर लबाबदार, गुच्ची मार्मिक, बाजरा पुलाव, मशरूम गलौटी और जलेबी शामिल थीं।
कांग्रेस का आरोप- शाकाहारी थोप रही बीजेपी
ब्रिक्स समिट के गाला डिनर में पूरी तरह से शाकाहारी खाना परोसे जाने के एक दिन बाद, रविवार को कांग्रेस ने कहा कि बीजेपी अब दुनिया भर से आए मेहमानों पर अपनी "बेहद समस्या वाली" खान-पान की पसंद थोप रही है। विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने इस बात पर ज़ोर दिया कि 80% भारतीय मांसाहारी हैं। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X, फेसबुक और इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट में राहुल गांधी ने लिखा, "जानकारी के लिए- 80% भारतीय मांसाहारी हैं। भारतीय मांसाहारी खाना स्वादिष्ट होता है और मेरी बहन के छोले-भटूरे भी।" उन्होंने डाइनिंग टेबल पर रखे छोले-भटूरे की एक तस्वीर भी पोस्ट की।
हालांकि राहुल गांधी ने ब्रिक्स डिनर का सीधे तौर पर कोई जिक्र नहीं किया, लेकिन कांग्रेस के मीडिया और पब्लिसिटी विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने डिनर के मेन्यू का स्क्रीनशॉट शेयर किया और बीजेपी पर निशाना साधा। खेड़ा ने 'X' पर कहा, "बीजेपी की अपने साथी भारतीयों पर अपनी खान-पान की पसंद थोपने की आदत पहले से ही बहुत समस्या वाली है। अब, उन्होंने दुनिया भर से आए मेहमानों पर भी अपनी पसंद थोपकर इसे एक कदम और आगे बढ़ा दिया है।"
'क्या भारत की विविधता से शर्मिंदा है सरकार?'
उन्होंने कहा कि भारत एक समृद्ध, विविध और कई तरह के व्यंजनों वाला देश है, जहां कई बेहतरीन नॉन-वेज व्यंजन मिलते हैं जिन्हें दुनिया भर के लोग पसंद करते हैं और उनका आनंद लेते हैं। खेड़ा ने सवाल किया कि फिर मोदी सरकार ने भारत की संस्कृति के इस हिस्से को छिपाने का फैसला क्यों किया। कांग्रेस नेता ने पूछा, "क्या उसे उस विविधता से शर्म आती है जो भारत को भारत बनाती है?"
'दुनियाभर के नेताओं ने भारतीय खाने का आनंद लिया, कांग्रेस राजनीति कर रही'
वहीं, बीजेपी नेता और केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने आलोचना के लिए कांग्रेस पर तीखा हमला किया। रिजिजू ने कहा, "मुझे यकीन नहीं हो रहा है कि कांग्रेस पार्टी ब्रिक्स देशों के नेताओं को परोसे गए खाने के मेन्यू पर भी राजनीति कर रही है। हमारे मेहमानों ने भारतीय शाकाहारी व्यंजनों का आनंद लिया, जो स्वाद और पोषण से भरपूर हैं और जिनमें अलग-अलग क्षेत्रीय परंपराएं शामिल हैं।"
यह भी पढ़ें-
कितना सफल रहा BRICS सम्मेलन? एक्सपर्ट्स ने बताया-'भारत ने निभाई शानदार भूमिका'