1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. पहलवान से लेकर क्रिकेटर तक, 'पेड्डी' के ट्रेलर में दिखा राम चरण का खतरनाक ट्रांसफॉर्मेशन, रिलीज से पहले ही तोड़े रिकॉर्ड

पहलवान से लेकर क्रिकेटर तक, 'पेड्डी' के ट्रेलर में दिखा राम चरण का खतरनाक ट्रांसफॉर्मेशन, रिलीज से पहले ही तोड़े रिकॉर्ड

 Written By: Jaya Dwivedie @JDwivedie
 Published : May 18, 2026 04:52 pm IST,  Updated : May 18, 2026 06:53 pm IST

राम चरण और जाह्नवी कपूर स्टारर फिल्म 'पेड्डी' का ट्रेलर आज जारी कर दिया गया है। फिल्म के ट्रेलर को लोगों का शानदार रिस्पॉन्स मिल रहा है। राम चरण बिल्कुल नए अवतार में नजर आ रहे हैं।

peddi trailer- India TV Hindi
राम चरण। Image Source : VRIDDHI CINEMAS

साउथ सिनेमा के सुपरस्टार राम चरण की मोस्ट अवेटेड फिल्म 'पेड्डी' का ट्रेलर आखिरकार रिलीज कर दिया गया है। मुंबई में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम के दौरान मेकर्स ने इस पावर-पैक्ड ट्रेलर को दर्शकों के सामने पेश किया। इस फिल्म को लेकर पिछले काफी समय से दर्शकों के बीच जबरदस्त बज बना हुआ था और अब ट्रेलर सामने आने के बाद फैंस की उत्सुकता सातवें आसमान पर पहुंच गई है। यह फिल्म 4 जून 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए पूरी तरह तैयार है, जबकि इसका ग्रैंड प्रीमियर एक दिन पहले यानी 3 जून को रखा गया है।

तीन अलग-अलग खेलों में दिखेगा राम चरण का अनोखा अवतार

'पेड्डी' का ट्रेलर एक्शन, इमोशन और मनोरंजन का एक बेहतरीन पैकेज है। फिल्म की कहानी देसी मिट्टी और खेल संस्कृति से जुड़ी हुई है, जहां स्पोर्ट्स लोगों की जिंदगी का एक अहम हिस्सा हैं। इस ट्रेलर की सबसे बड़ी खासियत राम चरण का लुक और उनका ट्रांसफॉर्मेशन है। फिल्म में वह एक या दो नहीं, बल्कि तीन अलग-अलग खेलों से जुड़े किरदारों में नजर आ रहे हैं। ट्रेलर में उनका एक साधारण ग्रामीण क्रिकेटर से लेकर एक बेहद आक्रामक और दबंग 'पेड्डी पहलवान' तक का सफर दिखाया गया है, जो अभिनेता की वर्सेटिलिटी को साबित करता है।

दमदार स्टारकास्ट और विदेशों में एडवांस बुकिंग का तहलका

बुची बाबू सना के लेखन और निर्देशन में बनी इस फिल्म में राम चरण के साथ बॉलीवुड अभिनेत्री जान्हवी कपूर मुख्य भूमिका में नजर आएंगी। उनके अलावा जगपति बाबू, कन्नड़ सुपरस्टार शिवा राजकुमार और मिर्जापुर फेम दिव्येंदु शर्मा भी अहम किरदारों में अपनी एक्टिंग की छाप छोड़ते दिख रहे हैं। फिल्म को लेकर न सिर्फ भारत में बल्कि विदेशों में भी भारी क्रेज है। खबरों के मुताबिक नॉर्थ अमेरिका में एडवांस बुकिंग शुरू होने के महज कुछ ही घंटों के भीतर फिल्म ने 1 लाख डॉलर से अधिक की कमाई कर ली है, जो इसकी भारी डिमांड को दर्शाता है।

एआर रहमान के संगीत ने यू-ट्यूब पर मचाया धमाल

इस फिल्म के गानों ने रिलीज से पहले ही सोशल मीडिया और यूट्यूब पर नए रिकॉर्ड स्थापित कर दिए हैं। दिग्गज संगीतकार ए.आर. रहमान द्वारा तैयार किया गया फिल्म का गाना 'चिकिरी चिकिरी' अब तक 200 मिलियन से ज्यादा व्यूज बटोर चुका है। वहीं इसका दूसरा गाना 'राई राई रा रा' भी 68 मिलियन से अधिक व्यूज के साथ यूट्यूब पर ट्रेंड कर रहा है। रहमान के शानदार बैकग्राउंड स्कोर ने फिल्म के विजुअल्स को और ज्यादा दमदार बना दिया है।

जानिए कौन हैं फिल्म के निर्माता और टेक्निकल टीम

'पेड्डी' को वृद्दि सिनेमाज के बैनर तले वेंकट सतीश किलारू ने प्रोड्यूस किया है। इसके साथ ही माइथ्री मूवी मेकर्स सुकुमार राइटिंग्स और आईवीवाई एंटरटेनमेंट जैसे बड़े प्रोडक्शन हाउस भी इस प्रोजेक्ट से जुड़े हैं। फिल्म के सह-निर्माता ईशान सक्सेना हैं। 'आईवीवाई एंटरटेनमेंट' ने साल 2020 में अपनी शुरुआत के बाद से फिल्म राइट्स और प्रोडक्शन के क्षेत्र में अपनी एक मजबूत पहचान बनाई है। फिल्म की तकनीकी टीम की बात करें तो आर. रत्नवेलु ने इसकी सिनेमैटोग्राफी संभाली है और नवीन नूली ने एडिटिंग की है।

उत्तर भारत में जियो स्टूडियोज संभालेगा कमान

हाल के दिनों में 'धुरंधर', 'धुरंधर द रिवेंज' और 'राजा शिवाजी' जैसी फिल्मों की शानदार सफलता के बाद अब जियो स्टूडियोज इस फिल्म को उत्तर भारत के बाजारों में बड़े स्तर पर रिलीज करने जा रहा है। खेल, ड्रामा और बेहतरीन एक्शन से सजी 'पेड्डी' को साल 2026 की सबसे बड़ी भारतीय फिल्मों में से एक माना जा रहा है।

ये भी पढ़ें:  एक मात्र फिल्म जिसे इरफान खान ने किया डायरेक्ट, नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने निभाया लीड रोल, 26 सालों से है लापता

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन