1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. बॉलीवुड में मेहनत से कमाया नाम, स्टार बनकर किया राज और फिर हॉलीवुड में ली एंट्री, आज ग्लोबल स्टार बनीं एक्ट्रेस

बॉलीवुड में मेहनत से कमाया नाम, स्टार बनकर किया राज और फिर हॉलीवुड में ली एंट्री, आज ग्लोबल स्टार बनीं एक्ट्रेस

 Written By: Shyamoo Pathak
 Published : Jul 18, 2025 06:00 am IST,  Updated : Jul 18, 2025 06:00 am IST

प्रियंका चोपड़ा आज अपना 43वां जन्मदिन मना रही हैं और इस खास मौके पर फैन्स ने भी उन्हें बधाई दी है। प्रियंका चोपड़ा ने बॉलीवुड से अपने करियर की शुरुआत की थी और आज हॉलीवुड स्टार बन गई हैं।

Priyanka Chopra- India TV Hindi
प्रियंका चोपड़ा Image Source : INSTAGRAM

बॉलीवुड से लेकर हॉलीवुड तक अपनी एक्टिंग और अदाओं का जलवा दिखाने वाली एक्ट्रेस प्रियंका चोपड़ा आज 43 साल की हो गई हैं। जन्मदिन के इस खास मौके पर दुनियाभर के सितारों ने प्रियंका को जन्मदिन की बधाई दी है। साथ ही सोशल मीडिया पर फैन्स ने भी उन्हें शुभकामनाएं भेजी हैं। प्रियंका चोपड़ा बॉलीवुड की उन चंद एक्ट्रेस में से एक हैं जिन्होंने अपनी मेहनत से पहले हिंदी फिल्मों में नाम कमाया और उसके बाद विदेशों में अपनी एक्टिंग का लोहा मनवाया। आज प्रियंका एक ग्लोबल स्टार के तौर पर देखी जाती हैं। 

मिस वर्ल्ड का खिताब जीतते ही बनीं स्टार

साल 2000 में प्रियंका ने मिस वर्ल्ड का खिताब जीता और यहीं से उनका बॉलीवुड सफर भी शुरू हुआ। उन्होंने कई सफल फिल्में कीं। साल 2004 में उन्होंने अक्षय कुमार के साथ अपनी फिल्म ऐतराज में एक नकारात्मक किरदार निभाया, जिसके लिए उनकी काफी तारीफ हुई। 2008 में आई फिल्म फैशन के लिए प्रियंका को सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का राष्ट्रीय पुरस्कार भी मिला। उन्होंने पांच फिल्मफेयर पुरस्कार भी जीते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि उन्होंने लॉस एंजिल्स से एक एजेंट को नियुक्त किया था जिसने प्रियंका को तैयार किया?

ऐसे हुई हॉलीवुड में प्रियंका की एंट्री

साल 2012 में उन्हें अपना पहला अंतर्राष्ट्रीय संगीत एल्बम 'इन माई सिटी' मिला। आपको बता दें कि यह एल्बम प्रियंका चोपड़ा का पहला सिंगिंग डेब्यू भी था। इसके बाद वह साल 2013 में रैपर पिटबुल के साथ सिंगल 'एक्सॉटिक' में नज़र आईं। बहुत कम लोग जानते हैं कि प्रियंका चोपड़ा ने डिज़्नी की एनिमेटेड फ़िल्म 'प्लेन्स' में ईशानी नाम के एक किरदार को भी अपनी आवाज दी थी। इसके बाद साल 2015 में प्रियंका ने अमेरिकी टीवी शो 'क्वांटिको' में एफबीआई एजेंट एलेक्स पैरिश का किरदार निभाया और हॉलीवुड में डेब्यू किया। इस सीरीज़ के साथ, प्रियंका किसी अमेरिकी ड्रामा सीरीज़ में मुख्य किरदार निभाने वाली पहली दक्षिण एशियाई महिला भी बनीं। वह 2016 में पीपल्स चॉइस अवॉर्ड जीतने वाली पहली दक्षिण एशियाई अभिनेत्री भी बनीं। उसी साल प्रियंका को भारत सरकार द्वारा दिए जाने वाले चौथे सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार, पद्मश्री से सम्मानित किया गया।

हॉलीवुड सितारों के साथ की फिल्में

क्वांटिको के बाद, प्रियंका को अन्य हॉलीवुड फिल्में भी ऑफर हुईं। उन्होंने 'बेवॉच' में ड्वेन जॉनसन (द रॉक) और जैक एफ्रॉन के साथ स्क्रीन स्पेस शेयर किया। इस फिल्म में वह एक खलनायिका की भूमिका में नजर आईं। प्रियंका ने फिल्म 'इज़ंट इट रोमांटिक' (2019) में इसाबेल की भूमिका निभाई। यह एक सहायक भूमिका थी। इसके बाद, प्रियंका ने 'द मैट्रिक्स रिसरेक्शंस' में सती की भूमिका निभाई। यह फिल्म 22 दिसंबर 2021 को सिनेमाघरों में रिलीज़ हुई। प्रियंका 'ए किड लाइक जेक' में भी एक छोटी सी भूमिका में नजर आईं। इस फिल्म में ब्रिटिश-अमेरिकी अभिनेता आसिफ मांडवी ने प्रियंका के पति की भूमिका निभाई। 

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन