बॉलीवुड अभिनेता रजत बेदी इन दिनों आर्यन खान की सीरीज 'द बैड्स ऑफ बॉलीवुड' को लेकर सुर्खियों में हैं, जिसके साथ उन्होंने दर्शकों के बीच दमदार वापसी की है। आर्यन खान के डायरेक्शन में बनी 'द बैड्स ऑफ बॉलीवुड' में रजत बेदी ने जरज सक्सेना की भूमिका निभाई है और उनकी एंट्री, किरदार सबने दर्शकों को खूब एंटरटेन किया। रजत बेदी हाल ही में अपने पूरे परिवार यानी पत्नी मोनालिसा बेदी, बेटे विवान और बेटी वेरा के साथ बैड्स ऑफ बॉलीवुड के इवेंट में शिरकत की, जहां सारी लाइमलाइट वेरा ने अपने नाम कर ली। वेरा के वीडियोज सोशल मीडिया पर वायरल होने लगे और यूजर्स ने उनकी तुलना करीना कपूर से शुरू कर दी। अब इस पर रजत बेदी ने भी प्रतिक्रिया दी है।
चर्चा में रजत बेदी की बेटी वेरा
रजत बेदी ने हिंदुस्तान टाइम्स से बेटी वेरा को मिल रही अटेंशन के बारे में बात की। जब से वेरा द बैड्स ऑफ बॉलीवुड के इवेंट में शामिल हुई हैं, उनकी खूबसूरती और पर्सनैलिटी के चर्चे हर तरफ हो रहे हैं। उनकी तस्वीरें-वीडियो लोगों का ध्यान खींच रहे हैं। यूजर्स का कहना है कि वेरा एकदम यंग करीना कपूर की तरह लगती हैं। इस पर रजत बेदी का कहना है कि जिस तरह उनका परिवार अचानक लाइमलाइट में आ गया है, ये उनके लिए अजीब है।
वेरा की करीना से तुलना पर रजत बेदी का रिएक्शन
रजत बेदी ने अपनी बेटी को मिल रही अटेंशन और करीना से कम्पैरिजन पर रिएक्ट करते हुए कहा- 'सिर्फ मैं ही नहीं, मेरे बच्चे भी सीरीज और मेरी वजह से लाइमलाइट में आ गए हैं। मेरा पूरा परिवार अब सुर्खियों में है और ये बहुत अजीब है। वेरा बहुत खुश है, क्योंकि उसे सिर्फ भारत से ही नहीं पूरी दुनिया से अटेंशन मिल रहा है। अमेरिका, लंदन, दुबई, कनाडा हर जगह से उसे जानने वाले लोग उसे फोन कर रहे हैं। लेकिन, वो बहुत सिंपल है, इस तरह के माहौल का उसे कोई अनुभव नहीं है। ये पहली बार है जब वो अपने पिता के साथ किसी रेड कार्पेट इवेंट पर गई है।'
ये सब उनके लिए नया है- रजत बेदी
रजत बेदी ने लाइमलाइट और अटेंशन को लेकर बात करते हुए बताया कि उन्होंने कभी अपने बच्चों से इस पर बात नहीं की है। उन्होंने कहा- 'मैंने कभी अपने बच्चों से इस बारे में बात नहीं की, लेकिन वो जानते हैं कि उन्हें सबके साथ रिस्पेक्टफुल रहना होगा। मेरे बच्चों में आपको कभी घमंड नहीं दिखेगा, हालांकि ये सब उनके लिए बहुत नया है।'
आर्यन खान की सीरीज में विवान ने भी किया काम
बता दें, रजत बेदी के बच्चे भी अब शोबिज में एंट्री की तैयारी कर रहे हैं। उनके बेटे विवान 2 साल से आर्यन के साथ 'द बैड्स ऑफ बॉलीवुड' में काम कर रहे हैं। इसके बारे में बात करते हुए रजत ने कहा- 'मेरे बेटे को लॉन्च करने की तैयारी चल रही है, आप जल्द ही उसे स्क्रीन पर देखेंगे।' वहीं बेटी के डेब्यू पर बात करते हुए उन्होंने कहा- 'उसने पहले कभी नहीं सोचा था, लेकिन अब सोच रही है। अब वो करना चाहती है।'