1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. 'फौजी' के सेट पर कीड़े के काटने से राजेश शर्मा के पैर में फैला संक्रमण, AICWA ने उठाया सवाल, 'प्रोडक्शन हाउस अस्पताल क्यों नहीं ले गया?'

'फौजी' के सेट पर कीड़े के काटने से राजेश शर्मा के पैर में फैला संक्रमण, AICWA ने उठाया सवाल, 'प्रोडक्शन हाउस अस्पताल क्यों नहीं ले गया?'

 Written By: Jaya Dwivedie
 Published : Jul 09, 2026 02:41 pm IST,  Updated : Jul 09, 2026 02:41 pm IST

एक्टर राजेश शर्मा के साथ सेट पर हादसा हो गया, जहां कीड़े के काटने के बाद उनकी तबीयत बिगड़ी और उन्हें काफी देर बाद अस्पताल पहुंचाया गया। अब AICWA ने प्रोडक्शन हाउस ने सवाल खड़े किए हैं।

Rajesh Sharma- India TV Hindi
राजेश शर्मा। Image Source : @AICWAOFFICIAL/X

साउथ सुपरस्टार प्रभास की आगामी फिल्म 'फौजी' के सेट पर दिग्गज अभिनेता राजेश शर्मा के साथ एक दर्दनाक हादसा हो गया है। शूटिंग के दौरान एक संदिग्ध कीड़े या जहरीली मकड़ी के काटने के बाद उनकी तबीयत बेहद बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना ने फिल्म शूटिंग के दौरान कलाकारों और क्रू की सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। इस बीच ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन ने इस मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।

कैसे और कहां हुआ यह हादसा?

अभिनेत्री सुदीपा चटर्जी द्वारा राजेश शर्मा के परिवार की ओर से सोशल मीडिया पर साझा किए गए एक बयान के अनुसार यह घटना हैदराबाद के रामोजी फिल्म सिटी में हुई। शूटिंग खत्म होने के बाद राजेश शर्मा घने पेड़ों और झाड़ियों से घिरे एक इलाके में स्थानीय तकनीशियनों से बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें पैर में किसी कीड़े के काटने का एहसास हुआ। शुरुआत में मामला गंभीर न लगने के कारण उन्होंने इस पर ज्यादा ध्यान नहीं दिया और तुरंत कोई डॉक्टरी मदद नहीं ली।

AICWA ने उठाए सुरक्षा और व्यवस्था पर सवाल

इस घटना के बाद ऑल इंडिया सिने वर्कर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष सुरेश श्यामल गुप्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स  पर नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब सेट पर राजेश शर्मा की हालत इतनी खराब हो रही थी, तो प्रोड्यूसर या प्रोडक्शन हाउस ने उन्हें तुरंत हैदराबाद के किसी बड़े अस्पताल में क्यों नहीं दिखाया? क्या सेट पर आपातकालीन चिकित्सा सुविधाएं मौजूद थीं? एसोसिएशन ने फिल्म इंडस्ट्री में साफ-सफाई की कमी, असुरक्षित कामकाजी माहौल और मेडिकल सुविधाओं के अभाव पर गहरी चिंता व्यक्त की है।

यहां देखें पोस्ट

सरकार से जांच और निर्माताओं से मुआवजे की मांग

AICWA ने तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी से इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने की अपील की है ताकि यह साफ हो सके कि क्या प्रोडक्शन हाउस की तरफ से सुरक्षा नियमों में कोई लापरवाही बरती गई थी। एसोसिएशन ने यह भी मांग की है कि फिल्म 'फौजी' के निर्माता राजेश शर्मा के इलाज का पूरा खर्च उठाएं।

सफर के दौरान बिगड़ी तबीयत, हालत अब भी गंभीर

कीड़े के काटने के करीब छह घंटे बाद राजेश शर्मा की तकलीफ बढ़ने लगी। उनके दाहिने पैर में तेज दर्द शुरू हो गया और वे असहज महसूस करने लगे। इसके बावजूद उन्होंने कोलकाता के लिए फ्लाइट पकड़ी। सफर के दौरान उन्हें तेज बुखार आ गया और वे काफी बेचैन हो गए। कोलकाता पहुंचते ही उन्हें तुरंत ढाकुरिया के मनिपाल अस्पताल में दाखिल कराया गया। फिलहाल वे डॉक्टरों की कड़ी निगरानी में हैं। संक्रमण उनके पैर की उंगलियों से लेकर घुटने तक फैल चुका है, जिससे पैर पर बड़े-बड़े छाले पड़ गए हैं। डॉक्टरों के मुताबिक खतरा अभी टला नहीं है क्योंकि संक्रमण के कारण खून का थक्का बनने का डर है, जो फेफड़ों तक पहुंचने पर जानलेवा हो सकता है।

मुश्किल घड़ी में मिला अपनों का साथ

राजेश शर्मा के परिवार की ओर से सुदीपा चटर्जी ने इस संकट के समय में साथ देने के लिए मीडिया, बंगाल मोशन पिक्चर्स आर्टिस्ट्स फोरम और प्रशंसकों का आभार माना है। उन्होंने विशेष रूप से दिग्गज अभिनेता प्रसेनजीत चटर्जी को धन्यवाद दिया, जो इस मुश्किल समय में लगातार परिवार का मार्गदर्शन और सहयोग कर रहे हैं।

ये भी पढ़ें: 'किल' के बाद अब राघव जुयाल मचाएंगे कॉमेडी से गदर, 'भाई तेरा स्टार है' का अतरंगी ट्रेलर आउट

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन