बॉलीवुड और साउथ सिनेमा के जाने-माने अभिनेता राजेश कुमार को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रभास की अपकमिंग फिल्म की शूटिंग के दौरान राजेश कुमार को एक कीड़े ने काट लिया, जिसके कुछ ही घंटों बाद उनकी हालत बिगड़ने लगी, जिसके चलते उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। अभिनेत्री सुदीपा चटर्जी ने राजेश शर्मा का हेल्थ अपडेट देते हुए एक लंबा-चौड़ा पोस्ट साझा किया है, जिसमें उन्होंने पूरी घटना के बारे में जानकारी दी। एक्ट्रेस ने पोस्ट में बताया कि प्रभास स्टारर 'स्पिरिट' की शूटिंग के दौरान राजेश शर्मा को एक जहरीले कीड़े ने काट लिया, जिसके बाद उनकी हालत बिगड़ने लगी। तबीयत बिगड़ने के बाद राजेश शर्मा को पश्चिम बंगाल के ढाकुरिया के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां वह डॉक्टर्स की निगरानी में हैं।
राजेश शर्मा को जहरीले कीड़े ने काटा
सुदीपा चटर्जी ने अपने पोस्ट में लिखा- 'प्रभास की फिल्म की शूटिंग के दौरान एक्टर राजेश शर्मा को रामोजी फिल्म सिटी में किसी कीड़े या जहरीली मकड़ी ने काट लिया। ये सब तब हुआ जब राजेश शूटिंग खत्म होने के बाद घनी झाड़ियों वाले इलाके में लोकल टेक्नीशियंस से बात कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें एहसास हुआ कि उन्हें किसी कीड़े ने काट लिया है। तब उन्हें मामला गंभीर नहीं लगा, जिसके चलते उन्होंने मेडिकल हेल्प नहीं ली और अपना काम जारी रखा। लेकिन, करीब 6 घंटे बाद उन्हें अपने दायें पैर में बहुत दर्द महसूस होने लगा और वह कुछ बेचैनी महसूस करने लगे।'
पश्चिम बंगाल के ढाकुरिया के एक अस्पताल में भर्ती
'हालत बिगड़ने के बाद भी उन्होंने कोलकाता के लिए फ्लाइट ली, लेकिन सफर के दौरान ही उन्हें तेज बुखार होने लगा और बेचैनी लगातार बढ़ने लगी। उनकी हालात जल्दी ही बिगड़ गई। इसके बाद उन्हें ढाकुरिया के अस्पताल में भर्ती कराया गया। एक दिन से ज्यादा हो गया है और उनका बुखार कम होने का नाम नहीं ले रहा। उन्हें सांस लेने में भी तकलीफ हो रही है और उनके पैर का इंफेक्शन तेजी से बढ़ता जा रहा है। इंफेक्शन उनके पैर से घुटने तक फैल चुका है और प्रभावित हिस्से पर बड़े-बड़े छाले बनते जा रहे हैं।'
डॉक्टर्स की निगरानी में हैं राजेश शर्मा
अपने पोस्ट में अभिनेत्री ने आगे बताया - 'डॉक्टर के अनुसार, अभी किसी भी पक्के नतीजे पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। राजेश शर्मा अभी भी डॉक्टर्स की कड़ी निगरानी में हैं। फिलहाल वह खतरे से बाहर नहीं हैं। डॉक्टर उनकी सेहत पर बारीकी से नजर रखे हुए हैं, क्योंकि डॉक्टर्स को इस बात की चिंता है कि जटिलताओं के कारण खून का थक्का बन सकता है और अगर यह थक्का फेफड़ों तक पहुंचता है, तो यह उनके लिए जानलेवा साबित हो सकता है। अगला हेल्थ अपडेट अस्पताल द्वारा मेडिकल एसेसमेंट के बाद कल जारी किया जाएगा। अब सभी की प्रार्थना, सपोर्ट और प्यार के लिए बहुत-बहुत शुक्रिया।'
ये भी पढ़ेंः सलमान खान-अक्षय कुमार की दरियादिली के कायल हुए ये एक्टर, कहानी सुनकर भर आएंगी आंखें!