नितेश तिवारी की 'रामायण: पार्ट 1' में भगवान राम के रूप में रणबीर कपूर के अभिनय की जमकर तारीफ हो रही है। जब से ये फिल्म रिलीज हुई, रणबीर के अभिनय ने सबका ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। बॉक्स ऑफिस पर भी फिल्म को लेकर दर्शकों का क्रेज साफ दिखाई दे रहा है। तीन ही दिनों में 'रामायण' ने दुनियाभर में 375 करोड़ से ज्यादा का कलेक्शन कर लिया है। इस बीच स्टंट परफॉर्मर ल्यूक इओआनू ने सोशल मीडिया पर 'रामायण' के भव्य सेट की कुछ तस्वीरें शेयर की हैं। ल्यूक ने 'रामायण' में रणबीर कपूर के बॉडी डबल के तौर पर काम किया है। अब फिल्म की रिलीज के बाद उन्होंने सेट से पर्दे के पीछे की कुछ तस्वीरें साझा की हैं। इन तस्वीरों के साथ, इस पौराणिक ड्रामा में काम करने के अपने अनुभव के बारे में एक नोट लिखा है और रणबीर की भी खुलकर तारीफ की है।
ल्यूक ने शेयर की बीटीएस फोटोज
इन तस्वीरों में शानदार कॉस्ट्यूम से लेकर उपकरणों और शूटिंग सेट-अप तक, की झलक देखने को मिलती है। ये तस्वीरें कैमरे के पीछे हुए काम की एक झलक दिखाती हैं। ल्यूक, जो पहले 'वंडर वुमन', 'वंडर वुमन 1984' और 'नो टाइम टू डाई' जैसे अंतरराष्ट्रीय प्रोजेक्ट्स पर काम कर चुके हैं, उन्होंने सोशल मीडिया पर 'रामायण' की बीटीएस फोटोज शेयर करते हुए बताया कि उनके लिए यह अनुभव कितना खास था। इसी के साथ उन्होंने अपने पोस्ट में रणबीर कपूर के साथ काम करने पर भी प्रतिक्रिया दी है।
रणबीर कपूर के स्टंट डबल ने 'रामायण' के सेट से कुछ तस्वीरें शेयर कीं
सोशल मीडिया पर ल्यूक ने बताया कि उन्होंने इस फिल्म में रणबीर कपूर के स्टंट डबल के तौर पर काम किया है। उन्होंने रणबीर की तारीफ करते हुए उन्हें उन बेहतरीन कलाकारों में से एक बताया, जिनके साथ उन्होंने अब तक काम किया है। ल्यूक ने लिखा, 'रामायण जैसी महत्वपूर्ण फिल्म का हिस्सा बनकर और रणबीर कपूर के लिए स्टंट डबल के तौर पर काम करके मैं खुद को बहुत सौभाग्यशाली मानता हूं। रणबीर सच में उन बेहतरीन अभिनेताओं में से एक हैं, जिनके साथ मैंने काम किया और उनके साथ काम करके मुझे बहुत खुशी हुई। इस मौके के लिए इयान वैन टेम्परली का बहुत-बहुत धन्यवाद, और साथ ही उन सभी शानदार कलाकारों और क्रू मेंबर्स का भी शुक्रिया जिनसे मेरी मुलाकात हुई। यह एक यादगार सफर रहा, और इसका हिस्सा बनकर मैं खुद को बहुत सम्मानित महसूस कर रहा हूं।'
'रामायण' की कास्ट और अन्य डिटेल
'रामायण: पार्ट 1' की बात करें तो इसमें रणबीर कपूर ने श्रीराम की भूमिका निभाई है और उनके साथ साई पल्लवी माता सीता की भूमिका में हैं। वहीं यश इस फिल्म में लंकापति रावण की भूमिका में हैं। नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी इस फिल्म को इंडिया टीवी की तरफ से 5 में से 4 स्टार मिले हैं। रिव्यू में फिल्म के विजुअल प्रेजेंटेशन, प्रोडक्शन डिजाइन, सिनेमैटोग्राफी और तकनीकी स्तर की तारीफ की गई है। 5 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई इस फिल्म ने दिवाली जैसे बड़े त्योहार के बीच भी दुनियाभर में 375 करोड़ से ज्यादा का कलेक्शन कर लिया है।