फिल्ममेकर आदित्य धर और रणवीर सिंह की फिल्म 'धुरंधर: द रिवेंज', जो 19 मार्च को दुनिया भर में रिलीज हुई थी। उसने बॉक्स ऑफिस पर धूम मचा दी है और दुनिया भर के सिनेमाघरों में भारी भीड़ खींच रही है, जहां फैंस सीटी बजाकर, तालियां बजाकर और हाउसफुल शो के साथ फिल्म का जश्न मना रहे हैं तो वहीं मॉन्ट्रियल से सामने आई एक चौंकाने वाली घटना ने अब ऑनलाइन सबका ध्यान खींचा है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
लोगों ने सिनेमाघर की स्क्रीन तोड़ी
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में दिखाया गया है कि फिल्म की स्क्रीनिंग के दौरान अफरा-तफरी मच गई, जब कुछ लोग सिनेमाघर की स्क्रीन तोड़ने लगे। हालात इतने बिगड़ गए कि पुलिस को दखल देना पड़ा और वीडियो में पुलिस अधिकारियों को ऑडिटोरियम में घुसते हुए देखा जा सकता है। इस वीडियो को सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए एक इंस्टाग्राम यूजर ने लिखा, 'मूवी नाइट का मजा किरकिरा हो गया। धुरंधर की स्क्रीनिंग पूरी तरह से अराजकता में बदल रही है... पहले सिनेप्लेक्स एटवाटर में और अब एंग्रिग्नॉन के एक दूसरे सिनेमाघर से ऐसी ही एक और घटना सामने आई है।' हालांकि, वीडियो में देखने को मिलता है कि पुलिस दर्शकों को शांत करते हैं।
धुरंधर 2 ने मचाई धूम
आदित्य धर के निर्देशन में बनी यह स्पाई एक्शन थ्रिलर फिल्म रणवीर सिंह के किरदार की पिछली कहानी को दिखाती है और कहानी को वहीं से आगे बढ़ाती है, जहां पहली फिल्म खत्म हुई थी। यह दिखाती है कि कैसे उसके किरदार को एक जासूस बनने के लिए ट्रेनिंग दी जाती है और फिर वह अपने मिशन पर निकल पड़ता है, जहां वह अंडरवर्ल्ड और आतंकी नेटवर्क को अंदर से खत्म करते हुए सत्ता हासिल करने के करीब पहुंचता है। फिल्म की कहानी लोगों को बहुत पसंद आ रही है।
धुरंधर: द रिवेंज की कमाई
इस फिल्म ने अब तक घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 278 करोड़ और दुनिया भर में 300 करोड़ से ज्यादा की कमाई की है। सैकनिल्क के आंकड़ों के अनुसार, धुरंधर 2 ने पहले दिन 103 करोड़ की ओपनिंग हासिल की थी।
ये भी पढे़ं-
125 मिनट की खौफनाक फिल्म, हर सीन देख निकलेगी चीख, आखिर में खुलता है दिल दहला देने वाला राज