ओटीटी पर एक्शन, कॉमेडी, हॉरर और रोमांटिक ड्रामा देखकर बोर हो गए हैं तो आप इस हफ्ते एक बेहतरीन सीरीज देख सकते हैं, जिसे सोशल मीडिया पर दर्शकों से बहुत अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। हम बात कर रहे हैं, दिव्या दत्ता और संजय मिश्रा की नई वेब सीरीज 'चिरैया' जो आज ओटीटी पर रिलीज हो गई है। इस सोशल ड्रामा को शशांत शाह ने डायरेक्ट किया है, जिसमें सिद्धार्थ शॉ, फैसल राशिद और प्रसन्ना बिष्ट भी अहम किरदारों में नजर आ रहे हैं। यह कहानी एक आदर्श बहू के इर्द-गिर्द घूमती है, जो तब अपने पूरे परिवार के खिलाफ खड़ी होने का फैसला करती है, जब उसके देवर पर उसकी नई पत्नी द्वारा 'मैरिटल रेप' का आरोप लगाया जाता है। इस शो का मकसद हमारे देश में वैवाहिक बलात्कार जैसे गंभीर मुद्दे के बारे में जागरूकता फैलाना है। इस 6 एपिसोड की सीरीज को इंटरनेट यूजर्स से मिले-जुले रिव्यू मिल रहे हैं, लेकिन कहानी को लेकर जबरदस्त रिस्पॉन्स देखने को मिल रहा है।
चिरैया की कहानी बनी चर्चा का विषय
सोशल मीडिया पर फैंस ने दिव्या दत्ता और संजय मिश्रा के शो 'चिरैया' को खूब सराहा है। फैंस ने इसे एक बार जरूर देखने की सलाह दी है। भले ही कुछ लोगों को यह कहानी देखने में थोड़ी असहज लग सकती है, लेकिन यह संवेदनशील मुद्दा आपकी आंखें खोल देगा। सोशल मीडिया के एक यूजर ने लिखा, 'यह सिर्फ औरतों की लड़ाई नहीं है। यह इंसान की गरिमा का मामला है। इसके लिए आवाज उठाएं और चिरैया जरूर देखें। यह एक ऐसा किरदार है जो चुपचाप उभरता है, लेकिन अपना गहरा असर छोड़ जाता है। कमलेश के किरदार की भावनात्मक परतें बेहद ईमानदारी से दिखाई गई हैं। दिव्या दत्ता ने सचमुच इस किरदार को अपना बना लिया है #Chiraiya।' वहीं एक और ट्विटर रिव्यू में लिखा था, 'हॉटस्टार पर मौजूद #chiraiya शो मर्दों को काफी ज्यादा परेशान कर सकता है। यह एक ऐसा जरूरी मुद्दा है, जिस पर समाज में कोई बात भी नहीं होती और मर्द औरतों को सेक्स स्लेव की तरह समझते हैं। #maritalrape (वैवाहिक बलात्कार) भी एक तरह का बलात्कार ही है। मर्दों को 'सहमति' का मतलब समझना होगा।'
एक यूजर ने लिखा, 'चिरैया सिर्फ एक सीरीज नहीं है, बल्कि यह वास्तविकता का एक कड़ा प्रहार है। यह वैवाहिक सहमति पर सवाल उठाने का साहस करती है। यह हमें याद दिलाती है कि विषाक्त पुरुषवादी सोच रातोंरात पैदा नहीं होती, बल्कि अक्सर घर से ही शुरू होती है। शक्तिशाली, असहज, लेकिन देखना बेहद जरूरी है।'
एक सोशल मीडिया यूजर ने रिव्यू देते हुए अपना अनुभाव लिखा, '#चिरैया देखकर अजीब लगा... लेकिन जरूरी था। हर सीन असलियत का एक दर्दनाक रिमाइंडर था। कुछ सच दुख देते हैं, लेकिन उन्हें बताना जरूरी है।'
चिरैया कहां देखें
शशांत शाह द्वारा निर्देशित 'चिरैया' शादी की असलियत पर आधारित एक सोशल ड्रामा सीरीज है। इस सीरीज में दिव्या दत्ता, संजय मिश्रा, सिद्धार्थ शॉ और सरिता जोशी मुख्य भूमिकाओं में हैं, जो 20 मार्च को जियोहॉटस्टार पर रिलीज हुई है।
ये भी पढे़ं-