साउथ फिल्म इंडस्ट्री के सबसे चर्चित और चहेते सितारों, विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना की शादी की खबरें अब केवल कयासों तक सीमित नहीं रही हैं। गुपचुप तरीके से सगाई की खबरों के बाद अब यह जोड़ी 26 फरवरी 2026 को शादी के बंधन में बंधने के लिए पूरी तरह तैयार है। हालांकि इस जोड़े ने व्यक्तिगत रूप से अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है, लेकिन इंटरनेट पर वायरल हो रहे वेडिंग कार्ड्स और वीडियो ने प्रशंसकों के बीच भारी उत्साह पैदा कर दिया है। हाल ही में एक वायरल क्लिप ने सबका ध्यान अपनी ओर खींचा है, जिसमें विजय और रश्मिका के कथित वेडिंग इनविटेशन बॉक्स की झलक दिखाई दे रही है।
यह बॉक्स न केवल दिखने में सुंदर है, बल्कि इसमें मौजूद उपहार दोनों सितारों के व्यक्तित्व और उनके ब्रांड्स को भी दर्शाते हैं। बॉक्स को पीले गेंदे के फूलों और गुलाबी पीस लिली के सुंदर डिजाइनों से सजाया गया है, जिस पर दोनों के नाम लिखे हैं। बॉक्स के अंदर रश्मिका के ब्रांड 'डियर डायरी' का सिग्नेचर परफ्यूम, विजय के फैशन ब्रांड 'राउडी' की एक पीले रंग की टी-शर्ट, सोन घी रोल का डिब्बा, आयुर्वेदिक हैंड और फुट क्रीम और भुने हुए काजू शामिल हैं। यह अभी तक स्पष्ट नहीं है कि यह बॉक्स मेहमानों के लिए है या मीडिया के लिए, लेकिन इसने शादी की तैयारियों की भव्यता की पुष्टि जरूर कर दी है।
वायरल हुए वेडिंग इनवाइट के अनुसार रश्मिका और विजय 26 फरवरी 2026 को एक बेहद निजी और छोटे समारोह में शादी करेंगे। इस कार्ड में विजय की ओर से लिखा गया एक भावनात्मक संदेश भी सामने आया है, 'हमारे परिवारों के प्यार और आशीर्वाद से, रश्मिका और मैं 26.02.26 को एक छोटी सी सेरेमनी में शादी करेंगे। हमारे लिए उन लोगों के साथ सेलिब्रेट करना बहुत मायने रखता है जो हमारी जर्नी का हिस्सा रहे हैं।' शादी के बाद 4 मार्च 2026 को हैदराबाद के प्रतिष्ठित होटल 'ताज कृष्णा, बंजारा हिल्स' में एक भव्य वेडिंग रिसेप्शन आयोजित किया जाएगा। शाम 7:00 बजे से शुरू होने वाले इस कार्यक्रम में फिल्म इंडस्ट्री के बड़े सितारों और करीबी दोस्तों के शामिल होने की उम्मीद है।
शादी की खबरों के बीच सोशल मीडिया पर एक और वीडियो वायरल हुआ है जिसमें विजय या रश्मिका का घर फूलों और रोशनी से जगमगाता हुआ दिखाई दे रहा है। घर की यह सजावट इस बात का साफ संकेत है कि 'नेशनल क्रश' रश्मिका और 'राउडी' विजय के जीवन के सबसे बड़े उत्सव की शुरुआत हो चुकी है। रश्मिका और विजय की जोड़ी, जिसे प्रशंसक प्यार से 'विज्रश्मिका' भी कहते हैं, 'गीता गोविंदम' और 'डियर कॉमरेड' जैसी फिल्मों के बाद से ही फैंस की पहली पसंद रही है। अब रील लाइफ की यह केमिस्ट्री रीयल लाइफ में बदलने जा रही है, जिसका इंतजार करोड़ों फैंस बेसब्री से कर रहे हैं।
ये भी पढ़ें: रश्मिका मंदाना से पहले विजय देवरकोंडा की लाइफ में थी गोरी मेम, विदेशी मॉडल संग खूब जमी जोड़ी, अब वायरल हुईं Photos
संपादक की पसंद