बॉलीवुड की चकाचौंध भरी दुनिया में एक नया चेहरा कदम रखने जा रहे है। फिल्मी फैमिली से आने वाला ये लड़का डेब्यू से पहले ही स्टार बन गया है। इसकी फिल्म रिलीज से पहले ही नए रिकॉर्ड सेट कर रही है। अगर आप सोच में पड़ गए हैं कि ये नया एक्टर कौन हैं और किस फिल्मी परिवार से इसका नाता है तो चलिए आपको इसके बारे में बता ही देते हैं। ये लड़का कोई और नहीं बल्कि अहान पांडे है। अहान पांडे भले ही फिल्मी परिवार से आते हैं, लेकिन फिल्मों में आने से पहले उनकी भी लाइफ में कई मुश्किलें आईं। इनमें से एक तो उन्होंने पैदा होते ही झेली। उनके इस चमकदार डेब्यू से पहले की कहानी किसी फिल्मी पटकथा से कम नहीं है। हाल ही में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और उनकी बहन अलाना पांडे ने अपने व्लॉग के जरिए एक ऐसी निजी और भावनात्मक दास्तान साझा की थी, जिसे सुनकर किसी की भी आंखें नम हो जाएं। इस वीडियो में उनकी मां डियाने पांडे भी मौजूद थीं, जिन्होंने पहली बार अपने बेटे के जन्म से जुड़ी गंभीर और तकलीफदेह यादों को दर्शकों के साथ साझा किया था।
42 दिन पहले जन्मा स्टारकिड
डियाने पांडे के अनुसार, अहान का जन्म तय तारीख से पूरे 42 दिन पहले हुआ था। शुरुआत में उन्हें मामूली वाटर लीक की शिकायत हुई, लेकिन जब यह दोबारा हुआ तो डॉक्टर ने तुरंत अस्पताल में भर्ती होने की सलाह दी। उस वक्त कोई नहीं जानता था कि यह आने वाली एक बेहद मुश्किल यात्रा की शुरुआत थी। सोनोग्राफी के दौरान पता चला कि पूरा एम्नियोटिक फ्लूइड निकल चुका था और गर्भ में मौजूद अहान एक कोने में सिकुड़ हुए थे। डॉक्टर्स ने स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए तत्काल इमरजेंसी सी-सेक्शन करने का फैसला लिया।
यहां देखें पोस्ट
वो एक छोटे चूहे जैसा लग रहा था!
डियाने भावुक होकर बताती हैं, 'जब उन्होंने अहान को बाहर निकाला, वो एक छोटे चूहे जैसा लग रहा था। उसे तुरंत ले जाया गया और मैं बेहोश हो गई।' होश में आने के बाद उन्हें बताया गया कि अहान को नानावटी अस्पताल के एनआईसीयू में शिफ्ट किया गया है। अलाना ने उस पल को याद करते हुए बताया कि अहान को एक थर्मोकोल के डिब्बे, यानी टेपरेरी कूलर में रखकर शिफ्ट किया गया था। ये एक ऐसा वक्त था जो परिवार के लिए काफी मुश्किल था। यह वाकया आज से करीब 27 साल पहले का है, लेकिन परिवार इसे आज भी यादकर के उदास हो जाता है।
हेयरलाइन फ्रैक्चर और 10 दिन की लड़ाई
जब डियाने पांडे अपने बेटे से मिलने पहुंचीं, तो उन्होंने देखा कि उसके पैर में एक छड़ी लगी है। डॉक्टर्स ने बताया कि उसे हेयरलाइन फ्रैक्चर हुआ है। इसके बावजूद डियाने ने हार नहीं मानी और अस्पताल में पूरे 10 दिन रहकर बेटे को ब्रेस्ट फीडिंग कराई। वो कहती हैं, 'मुझे मेरे बच्चे से दूर रखा जा रहा था, मैं व्हीलचेयर पर बैठी दर्द में थी, लेकिन मैं सिर्फ उसे देखना चाहती थी।' फिलहाल अब अयान इस मुश्किल दौर से ऊपर उठ चुके हैं और काफी हैंडसम बन गए हैं। अब जल्द ही बड़े पर्दे पर उनकी डेब्यू फिल्म रिलीज होने वाली है। इसे लेकर उनका पूरा परिवार एक्साइटेड है। उनकी कजिन बहन अनन्या पांडे और बड़े पापा चंकी पांडे भी काफी उत्साहित हैं।
यहां देखें पोस्ट
तैयार हैं बड़े पर्दे की उड़ान के लिए
आज वही नन्हा सा अहान पांडे, जिसने जीवन की शुरुआत ही संघर्ष से की थी, अब बॉलीवुड में अपनी जगह बनाने जा रहा है। अहान चंकी पांडे के भाई चिक्की पांडे के बेटे हैं और उनकी बहन अलाना हाल ही में मां बनी हैं। अब अहान भी अपनी चचेरी बहन अनन्या पांडे की तरह सिनेमा जगत में कदम रखने और अपनी मजबूत जगह बनाने के लिए तैयार हैं। वह जल्द ही निर्देशक मोहित सूरी की रोमांटिक फिल्म 'सैयारा' में नजर आएंगे, जहां उनकी जोड़ी 'बिग गर्ल्स डोंट क्राई' की अभिनेत्री अनीत पड्डा के साथ बनेगी। यह फिल्म यशराज फिल्म्स के बैनर तले बनाई जा रही है और 18 जुलाई 2025 को रिलीज होगी। वैसे अहान के लिए ये एक्टिंग का पहला अनुभव नहीं है। इससे पहले भी वो दो शॉर्ट फिल्म में काम कर चुके हैं। अब उनकी अपकमिंग फिल्म की एडवांस बुकिंग शुरू हो गई है और पहले ही दिन के शोज के लिए 45000 से ज्यादा टिकट भी बिक गई है। किसी भी नए एक्टर की फिल्म पहली बार इस तरह की बंपर ओपनिंग देखेगी। सामने आए फिल्म के ट्रेलर को देखने के बाद लोगों की उम्मीदें काफी बढ़ गई हैं।