1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. नौवें महीने में भी फिटनेस पर सामनथा रुथ प्रभु का फोकस, उठा रहीं वजन वर्कआउट वीडियो शेयर कर बोलीं- अब आखिरी पड़ाव

नौवें महीने में भी फिटनेस पर सामनथा रुथ प्रभु का फोकस, उठा रहीं वजन वर्कआउट वीडियो शेयर कर बोलीं- अब आखिरी पड़ाव

 Written By: Jaya Dwivedie
 Published : Oct 30, 2026 04:32 pm IST,  Updated : Oct 30, 2026 04:32 pm IST

सामंथा रुथ प्रभु ने प्रेग्नेंसी के नौवें महीने में अपना वर्कआउट वीडियो शेयर किया। पहले से नौवें महीने तक की फिटनेस जर्नी दिखाते हुए अभिनेत्री ने इसे जिंदगी का आखिरी पड़ाव बताया।

samantha ruth prabhu- India TV Hindi
सामंथा रुथ प्रभु। Image Source : SAMANTHA RUTH PRABHU INSTAGRAM

साउथ सिनेमा की चर्चित अभिनेत्री सामंथा रुथ प्रभु इन दिनों अपनी जिंदगी के एक खास दौर को लेकर चर्चा में हैं। अभिनेत्री ने अपनी प्रेग्नेंसी के नौवें महीने में पहुंचने के बाद सोशल मीडिया पर एक खास वीडियो शेयर किया है। इस वीडियो में सामंथा अपनी प्रेग्नेंसी के शुरुआती दिनों से लेकर आखिरी महीने तक की फिटनेस जर्नी की झलक दिखाती नजर आ रही हैं। वीडियो में उनका वर्कआउट रूटीन देखकर फैंस भी हैरान हैं। अभिनेत्री ने इसके साथ एक छोटा लेकिन खास कैप्शन लिखा है, जिसने उनके पोस्ट को और चर्चा में ला दिया।

नौवें महीने में सामंथा का वर्कआउट वीडियो वायरल

सामंथा रुथ प्रभु ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो साझा किया है, जिसमें वह प्रेग्नेंसी के अलग-अलग चरणों में एक्सरसाइज करती दिखाई दे रही हैं। वीडियो में अभिनेत्री पहले महीने से लेकर नौवें महीने तक की अपनी फिटनेस जर्नी दिखाती हैं। खास बात यह है कि वीडियो में उनके वर्कआउट के तरीके और शरीर में आए बदलावों को एक साथ देखा जा सकता है। क्लिप में सामंथा डंबल को सीने के पास पकड़कर वेटेड स्क्वैट्स करती नजर आती हैं। वीडियो के जरिए उन्होंने दिखाया कि शुरुआती महीने से लेकर प्रेग्नेंसी के अंतिम पड़ाव तक उनकी फिटनेस दिनचर्या किस तरह आगे बढ़ी। इस पोस्ट के साथ अभिनेत्री ने लिखा, '#9. अंतिम पड़ाव.' यानी नौवां महीना उनकी इस यात्रा का आखिरी पड़ाव है। सामंथा की इस पोस्ट पर फैंस लगातार प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं और उनके इस सफर के लिए शुभकामनाएं दे रहे हैं।

प्रेग्नेंसी में बदला फिटनेस का तरीका

सामंथा इससे पहले भी अपनी प्रीनेटल फिटनेस और स्ट्रेंथ ट्रेनिंग की झलक सोशल मीडिया पर साझा कर चुकी हैं। एक पुराने पोस्ट में उन्होंने बताया था कि प्रेग्नेंसी के दौरान उनके एक्सरसाइज करने का तरीका पहले जैसा नहीं रहा। अब उनका ध्यान पहले से ज्यादा शरीर की जरूरतों और उसकी क्षमता को समझने पर है। अभिनेत्री ने लिखा था, 'इन दिनों ट्रेनिंग का तरीका थोड़ा अलग है। अब ज्यादा मेहनत करने से ज्यादा जरूरी है कि शरीर की बात सुनी जाए।' सामंथा के इस संदेश से साफ है कि वह इस खास दौर में अपनी फिटनेस को लेकर सतर्क और सजग नजर आ रही हैं। हालांकि, प्रेग्नेंसी के दौरान किसी भी तरह की एक्सरसाइज हर महिला की व्यक्तिगत स्थिति और डॉक्टर की सलाह के अनुसार ही की जानी चाहिए।

120 करोड़ के परफ्यूम ब्रांड से 100 करोड़ की फिल्म तक, सामंथा ने गिनाईं उपलब्धियां

कुछ दिन पहले सामंथा ने इस साल अपने करियर और निजी जिंदगी से जुड़ी उपलब्धियों को लेकर भी एक पोस्ट साझा की थी। उन्होंने अपने परफ्यूम ब्रांड की सफलता का जिक्र किया, जिसके कथित तौर पर 120 करोड़ रुपये के रेवेन्यू का आंकड़ा पार करने की बात कही गई। इसके अलावा उन्होंने अपनी फिल्म 'मां इंटी बंगारम' के बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन का भी उल्लेख किया, जिसने 100 करोड़ रुपये का आंकड़ा छुआ। सामंथा ने कुकिंग रियलिटी शो 'सेलिब्रिटी मास्टरशेफ तमिल' की मेजबानी को भी अपने लिए एक खास अनुभव बताया। इस पोस्ट में अभिनेत्री ने आत्मविश्वास और खुद की काबिलियत पर भरोसा करने को लेकर भावुक बातें लिखीं। उन्होंने कहा कि खुद पर विश्वास करने और अपनी क्षमता को पहचानने में उन्हें कई साल लग गए। सामंथा के मुताबिक, वह हमेशा मेहनत करने और लगातार आगे बढ़ते रहने में विश्वास रखती हैं।

राज निदिमोरु के साथ नए सफर को लेकर चर्चा में अभिनेत्री

सामंथा और फिल्ममेकर राज निदिमोरु अपनी जिंदगी के नए पड़ाव को लेकर भी सुर्खियों में हैं। दोनों ने दिसंबर 2025 में कोयंबटूर स्थित ईशा योग सेंटर के लिंगा भैरवी मंदिर में एक निजी समारोह में शादी की थी। हाल ही में दोनों ने ईशा फाउंडेशन में पारंपरिक सीमंथम् समारोह भी मनाया, जिसे गोद भराई के रूप में जाना जाता है।

ये भी पढ़ें: अनिल कपूर के घर में करवाचौथ ग्रैंड सेलिब्रेशन, शिल्पा शेट्टी ने किया डांस, मिलकर फेरे करवा, सामने आईं Inside झलकियां

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन।