1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. अंधे शख्स पर मंडराया मौत का साया, 'हैवान' में साइको किलर अक्षय-सैफ के बीच छिड़ी जंग, ट्रेलर में मर्डर मिस्ट्री की झलक

अंधे शख्स पर मंडराया मौत का साया, 'हैवान' में साइको किलर अक्षय-सैफ के बीच छिड़ी जंग, ट्रेलर में मर्डर मिस्ट्री की झलक

 Written By: Jaya Dwivedie
 Published : Aug 25, 2026 01:40 pm IST,  Updated : Aug 25, 2026 01:40 pm IST

बॉलीवुड के दिग्गज सितारे अक्षय कुमार और सैफ अली खान की सस्पेंस थ्रिलर फिल्म 'हैवान' का ट्रेलर आज डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर पेश कर दिया गया है। जाने-माने निर्देशक प्रियदर्शन द्वारा निर्देशित यह फिल्म दर्शकों को रहस्य से भरे एक गहरे और डरावने मोड़ पर ले जाने के लिए पूरी तरह तैयार है।

haiwaan- India TV Hindi
हैवान के ट्रेलर में अक्षय कुमार और सैफ अली खान। Image Source : ZEE MUSIC COMPANY/YOUTUBE

बॉलीवुड के दिग्गज सितारे अक्षय कुमार और सैफ अली खान की सस्पेंस थ्रिलर फिल्म 'हैवान' का ट्रेलर आज डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर पेश कर दिया गया है। जाने-माने निर्देशक प्रियदर्शन द्वारा निर्देशित यह फिल्म दर्शकों को रहस्य से भरे एक गहरे और डरावने मोड़ पर ले जाने के लिए पूरी तरह तैयार है। हाल ही में जारी हुए धमाकेदार टीजर और लोकप्रिय हुए गीत 'मेरे हीरो हैं वो' के बाद इस फिल्म को लेकर सिनेप्रेमियों का उत्साह काफी बढ़ गया है। सामने आई नई झलक से जाहिर हो रहा है कि ये फिल्म सस्पेंस से भरी मर्डर मिस्ट्री होने वाली है। इस फिल्म में सैफ अली खान एक अंधे शख्स के रोल में लीड हीरो के रूप में नजर आएंगे, वहीं अक्षय कुमार एक खतरनाक विलेन के रोल में नजर आने वाले हैं। फिल्म एक दो नहीं बल्कि कई सिलसिलेवार कत्ल की उलझती गुत्थी देखने को मिलेगी।

रहस्यमयी पोस्टरों ने बढ़ाई उत्सुकता

फिल्म के मेकर्स ने आधिकारिक ट्रेलर की रिलीज से ठीक पहले दो बेहद अनूठे और पेचीदा पोस्टर्स जारी करके दर्शकों की बेताबी को और बढ़ा दिया है। ये नए पोस्टर फिल्म के दोनों प्रमुख किरदारों के बीच की दुश्मनी और सस्पेंस की एक झलक पेश करते हैं। पहले पोस्टर में अक्षय कुमार एक बेसमेंट पार्किंग की भीगी सतह पर डरावनी मुस्कान के साथ बैठे नजर आ रहे हैं, जबकि पानी के प्रतिबिंब में सैफ अली खान का अक्स दिखाई देता है। वहीं दूसरे पोस्टर में भूमिकाएं बदल जाती हैं, सैफ लाठी के सहारे उसी स्थान पर बैठे दिखते हैं और पानी में अक्षय का अक्स झलकता है। इन पोस्टरों को सोशल मीडिया पर साझा करते हुए अक्षय ने लिखा, 'कल कहानी मेरी होगी। लेकिन डर… तुम्हारा।'

ट्रेलर में दिखी खतरनाक झलक

सामने आए ट्रेलर में आपको अक्षय कुमार एक शातिर किलर के रोल में नजर आ रहे हैं। वहीं सयामी खेर एक पुलिस ऑफिसर के रोल में हैं, जो इस केस की जांच कर रही हैं। वहीं सैफ अली खान एक ऐसे शख्स हैं, जिन्हें कई बार कत्ल की आहट, पीछा करते शख्स की आहट सुनाई देती है और वो अपनी बेटी को बचाने की कोशिश में है। ट्रेलर देख कर ये साफ हो रहा है कि सैफ के किरदार के पीछे किलर पड़ा हुआ है। बोमन इरानी का किरदार भी सस्सेंस से भरा होने वाला है, जिसका सामना भी किलर से होता ट्रेलर में दिख रहा है। कई कत्ल के बीच सैफ अली खान कैसे बचेंगे ये देखना फिल्म में दिलचस्प होगा।

17 साल बाद बड़े पर्दे पर लौटी अक्षय-सैफ की जोड़ी

इस फिल्म के माध्यम से अक्षय कुमार और सैफ अली खान की जोड़ी लगभग 17 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद एक बार फिर सिनेमाघरों में वापसी कर रही है। इससे पहले दोनों को वर्ष 2008 में आई फिल्म 'टशन' में साथ देखा गया था। 90 के दशक में 'मैं खिलाड़ी तू अनाड़ी', 'ये दिल्लगी', 'तू चोर मैं सिपाही' और 'कीमत' जैसी चर्चित फिल्मों में इनकी ऑन-स्क्रीन जोड़ी ने दर्शकों का खूब मनोरंजन किया था। इतने सालों बाद दोनों का फिर से एक साथ आना उनके प्रशंसकों के लिए एक बड़ा सरप्राइज माना जा रहा है।

चुनौतीपूर्ण किरदारों में दिखेंगे अभिनेता

'हैवान' में दोनों ही कलाकारों को बिल्कुल अलग और लीक से हटकर भूमिकाओं में देखा जाएगा। सैफ अली खान इसमें एक दृष्टिहीन व्यक्ति के किरदार में हैं, वहीं अक्षय कुमार अपने करियर के सबसे डार्क और नकारात्मक अवतार में उतर रहे हैं। निर्देशक प्रियदर्शन ने इन किरदारों पर बात करते हुए बताया कि अक्षय का रोल केवल ग्रे-शेड्स तक सीमित नहीं है, बल्कि वे एक सनकी साइकोपैथ के रूप में सामने आएंगे। निर्देशक ने सैफ अली खान की अभिनय क्षमता की भी सराहना की और कहा कि उन्होंने बिना आंखें झपकाए दृष्टिहीन व्यक्ति की शारीरिक बनावट और हाव-भाव को बेहतरीन तरीके से पर्दे पर साकार किया है।

मजबूत स्टारकास्ट और निर्माण दल

यह फिल्म प्रियदर्शन के ही निर्देशन में बनी साल 2016 की ब्लॉकबस्टर मलयालम फिल्म 'ओप्पम' का आधिकारिक हिंदी रूपांतरण है। इस प्रोजेक्ट के जरिए प्रियदर्शन और अक्षय कुमार की हिट जोड़ी भी एक लंबे समय बाद वापस साथ आई है, जो पहले 'हेरा फेरी', 'गरम मसाला' और 'भूल भुलैया' जैसी सुपरहिट फिल्में दे चुकी है। मुख्य अभिनेताओं के अलावा 'हैवान' में बोमन ईरानी, श्रिया पिलगांवकर, सयामी खेर, शराफ हाशमी, राजपाल यादव, राजेश शर्मा, पहल चौधरी और मनोज जोशी जैसे कलाकार महत्वपूर्ण भूमिकाओं में दिखाई देंगे। इस थ्रिलर का निर्माण केवीएन प्रोडक्शंस और थेस्पियन फिल्म्स के बैनर तले वेंकट के. नारायण और शैलजा देसाई फेन द्वारा किया गया है। यह फिल्म 11 सितंबर 2026 को दुनिया भर के सिनेमाघरों में प्रदर्शित की जाएगी।

ये भी पढ़ें:  बॉलीवुड में पहली बार ऐसा प्रयोग, अक्षय कुमार ला रहे एलियन सर्वाइवल थ्रिलर 'समुक', 13 साल बाद विपुल शाह से मिलाया हाथ

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन