1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. जिस मिट्टी ने दिलाई पहचान वहीं पंचतत्व में विलीन होंगी शारदा सिन्हा, जानें कब और कहां होगा अंतिम संस्कार

जिस मिट्टी ने दिलाई पहचान वहीं पंचतत्व में विलीन होंगी शारदा सिन्हा, जानें कब और कहां होगा अंतिम संस्कार

 Written By: Jaya Dwivedie @JDwivedie
 Published : Nov 06, 2024 08:00 am IST,  Updated : Nov 06, 2024 08:00 am IST

बिहार कोकिला शारदा सिन्हा का बीती रात निधन हो गया। आज उनके शव को बिहार की राजधानी पटना ले जाया जाएगा। उनके अंतिम संस्कार से जुड़ी जानकारी सामने आ गई है। जानें, कब और कहां उनके अंतिम दर्शन होंगे।

Sharda Sinha- India TV Hindi
शारदा सिन्हा। Image Source : INSTAGRAM

उत्तर प्रदेश और बिहार में प्रसिद्ध लोक गायिका शारदा सिन्हा का बीते मंगलवार की रात निधन हो गया। छठ गीतों से अपनी अलग पहचान बनाने वाली शारदा सिन्हा ने छठ की शुरुआत के साथ इस दुनिया को अलविदा कह दिया। उनके निधन ने हर एक चाहनेवाले को गमगीन कर दिया। शारदा सिन्हा ने मंगलवार को दिल्ली के AIIMS में अंतिम सांस ली। ये संयोग कहें या सौभाग्य, जिस छठ पर्व के लिए गाए गीतों ने शारदा सिन्हा को लोक गायकी का इतना बड़ा नाम बनाया, ठीक उसी पर्व के पहले दिन ही माता की गोद में उन्होंने आखिरी सांस ली। शारदा सिन्हा बीते कई दिनों से बीमार चल रही थीं और अस्पताल में भर्ती थीं। पति की मौत के बाद ही उनकी तबीयत बिगड़ने की बात सामने आई थी। 

कब और कहां होगा अंतिम संस्कार

शारदा सिन्हा के अंतिम संस्कार की तैयारियां शुरू हो गई हैं। सामने आई जानकारी के अनुसार शारदा सिन्हा का अंतिम संस्कार पटना में किया जाएगा। सुबह 9:40 बजे की इंडिगो फ्लाइट से शव को पटना ले जाया जाएगा। रात 3:30 बजे शव AIIMS से दिल्ली के IGI एयरपोर्ट के लिए ले जाया गया था। मनोज तिवारी ने बताया की पटना में राजकीय सम्मान के साथ शारदा सिन्हा का अंतिम संस्कार होगा। कल 12 बजे के बाद शारदा सिन्हा के शव को अंतिम दर्शन के लिए पटना में रखा जाएगा। ठीक एक दिन बाद 7 नवंबर को शारदा सिन्हा का अंतिम संस्कार होगा। उनके अंतिम दर्शन के लिए उनके कई चाहने वाले उमड़ेंगे। 

पद्मभूषण से सम्मानित थीं शारदा

बता दें, 72 साल की उम्र में शारदा सिन्हा की मौत हुई। भोजपुरी के सौ से ज्यादा गानों को शारदा सिन्हा ने अपनी मधुर आवाज दी थी। शारदा सिन्हा को संगीत में उनके योगदान के लिए भारत सरकर द्वारा पद्मभूषण से सम्मानित किया गया था। छठ पूजा के दिन शारदा सिन्हा के गीत सभी जगह गूंजा करते थे और आगे भी इन्हें हर साल इस पावन पर्व के अवसर पर सुना जाएगा। शारदा सिन्हा की दुनिया से विदाई ने हर किसी को उदास कर दिया है। ठीक एक दिन पहले ही उनके बेटे ने उनके तबीयत बिगड़ने की जानकारी साझा की थी। पीएम मोदी ने भी शारदा का हाल जाना था।

इस गंभीर बीमारी से जूझ रही थीं शारदा

याद दिला दें, शारदा सिन्हा को 25 अक्तूबर को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। शारदा लंबे समय से कैंसर से जूझ रही थीं। उनके बेटे अंशुमन ने बताया था कि वो साल 2017 से मल्टिपल माइलोमा (ब्लड कैंसर) से लड़ाई लड़ रही थी। शारदा के अस्पताल में भर्ती होने से ठीक एक महीने पहले ही  22 सितंबर को शारदा सिन्हा के पति बृजकिशोर सिन्हा का निधन ब्रेन हेमरेज के कारण हो गया था।

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन