1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. सोनू सूद ने शर्टलेस होकर बर्फीले पहाड़ में दौड़ाई बाइक, लेकिन कर बैठे एक गलती, अब हिमाचल पुलिस लेगी एक्शन

सोनू सूद ने शर्टलेस होकर बर्फीले पहाड़ में दौड़ाई बाइक, लेकिन कर बैठे एक गलती, अब हिमाचल पुलिस लेगी एक्शन

 Written By: Priya Shukla
 Published : May 27, 2025 12:33 pm IST,  Updated : May 27, 2025 12:33 pm IST

सोनू सूद का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें अभिनेता हिमाचल प्रदेश की स्पीति वैली में बाइक दौड़ाते नजर आ रहे हैं। लेकिन, इस दौरान एक्टर बड़ी गलती कर बैठे और इसे लेकर अब कानूनी पचड़े में फंसते नजर आ रहे हैं।

Sonu Sood- India TV Hindi
सोनू सूद। Image Source : INSTAGRAM

कोविड-19 महामारी के दौरान अपने नेक कामों के लिए तारीफें बटोरने वाले सोनू सूद एक बार फिर सुर्खियों में हैं। एक्टर इस बार अपने किसी नेक काम, फिल्म या किसी प्रोजेक्ट को लेकर नहीं बल्कि अपनी लापरवाही के कारण चर्चा में हैं, जिसके चलते उन्हें आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा है। सोशल मीडिया पर एक्टर का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें उन्हें शर्टलेस होकर बर्फीली वादियों में बिना हेलमेट के बाइक चलाते देखा जा सकता है। जैसे ही वीडियो ऑनलाइन वायरल हुआ, नेटिजंस ने एक्टर को उनकी लापरवाही के लिए ट्रोल करना शुरू कर दिया। सोशल मीडिया यूजर्स ने वीडियो में हिमाचल पुलिस को टैग करते हुए एक्टर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

वीडियो कहां शूट किया गया है?

वायरल हो रहे इस वीडियो में सोनू सूद बर्फीली सड़कों पर बिना शर्ट के सिर्फ शॉर्ट्स और चश्मे में बाइक चलाते नजर आ रहे हैं। इस दौरान उन्होंने हेलमेट भी नहीं पहना हुआ है। इस वीडियो को एक स्थानीय इंस्टाग्राम पेज ने शेयर किया जिसके साथ कैप्शन में लिखा- "यह स्पीति है...यहां असली लोग ही सवारी करते हैं।" हालांकि दूसरे वीडियो में सोनू हेलमेट पहने नजर आए, लेकिन गियरलेस राइड की वजह से लोगों का गुस्सा फूट पड़ा।

सोनू सूद पर भड़के यूजर

सोशल मीडिया पर लोगों ने सोनू सूद की उनकी लापरवाही के चलते आलोचना शूरू कर दी और एक्टर के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगे। एक यूजर ने लिखा, "आपने हमेशा लोगों को प्रेरित किया, लेकिन बिना हेलमेट के बाइक चलाकर गलत उदाहरण पेश न करें।" एक अन्य कमेंट में लिखा, "अगर मशहूर हस्तियां ही ऐसा करने लगेंगी तो युवाओं को क्या संदेश मिलेगा?" कुछ लोगों ने कार्रवाई की मांग की। सोनू सूद का ये वीडियो हिमाचल प्रदेश के स्पीति घाटी में शूट किया गया है।

सोनू सूद के वीडियो पर हिमाचल पुलिस ने किया रिएक्ट

सोनू सूद का वीडियो सामने आने के बाद लाहौल-स्पीति पुलिस ने वीडियो देखने के बाद जांच शुरू की और संभावना जताई की ये वीडियो 2023 का हो सकता है। बर्फीले पहाड़ों पर बाइक दौड़ाते सोनू सूद के इस वीडियो की जांच डीएसपी काइलंग को सौंपी गई है। पुलिस ने सभी से ट्रैफिक नियमों का पालन करने की अपील की है। सोनू ने पहले भी सड़क सुरक्षा की वकालत की थी, जिसके कारण यह घटना और भी निराशाजनक लग रही है। पर्यावरण कार्यकर्ताओं ने भी स्पीति जैसे संवेदनशील क्षेत्र में लापरवाही पर चिंता जताई है। सोनू ने अभी तक इस पर कोई बयान नहीं दिया है, लेकिन प्रशासन ने कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

लाहौल-स्पीति पुलिस ने दिया कार्रवाई का आश्वसन

सोनू सूद के वीडियो पर लाहौल स्पीति पुलिस की ओर से कहा गया है- 'सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें बॉलीवुड अभिनेता को लाहौल-स्पीति जिला में यातायात नियमों का उल्लंघन करते देखा गया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार ये वीडियो 2023 का प्रतीत होता है। फिर भी इसकी सत्यता की जांच हेतु कार्य DySP मुख्यालय केलांग को सौंपा गया है। कानून के अनुसार, जो भी आवश्यक कार्रवाई बनती है, वह जिला पुलिस द्वारा अमल में लाई जाएगी। जिला पुलिस लाहौल-स्पीति सभी नागरिकों और पर्यटकों से अपील करती है कि यातायात नियमों का पालन करें और अनुशासित और जिम्मेदार व्यवहार अपनाएं।'

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन