आईपीएल 2026 के रोमांच के बीच मुंबई इंडियंस के खेमे से एक दिलचस्प वीडियो सामने आया है। कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ शानदार जीत दर्ज करने के बाद और दिल्ली कैपिटल्स से होने वाली अगली भिड़ंत से पहले टीम के स्टार बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव मस्ती के मूड में नजर आए। सूर्या ने हाल ही में रिलीज हुई ब्लॉकबस्टर फिल्म 'धुरंधर' से अक्षय खन्ना के वायरल स्टेप को रीक्रिएट कर सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी है। इतना ही नहीं उन पर 'धुरंधर' का खुमार इस कदर चढ़ा कि उन्होंने पेड्डी वाले डायलॉग 'घर की याद नहीं आई जस्सी' भी रीक्रिएट किया।
सूर्यकुमार यादव का 'धुरंधर' अवतार
मुंबई इंडियंस ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल पर सूर्या का एक वीडियो साझा किया है, जिसमें वे पूरी तरह से धुरंधर मोड में दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में जैसे ही बैकग्राउंड में फिप्पराची का गाना बजता है और सूर्या को मंच पर बुलाया जाता है, वे तुरंत फिल्म में अक्षय खन्ना के सिग्नेचर डांस स्टेप्स को दोहराते हैं। वहां मौजूद खिलाड़ी और स्टाफ सूर्या के इस अंदाज को देखकर जमकर तालियां बजाते हैं। सूर्या बीच में रुकते हैं, लेकिन फिल्म का खुमार उन पर इस कदर है कि वे खुद को दोबारा थिरकने से नहीं रोक पाते।
जसप्रीत बुमराह के साथ मजेदार नोकझोंक
यह पहली बार नहीं है जब सूर्या ने आदित्य धर की 'धुरंधर' फिल्मों के प्रति अपना लगाव दिखाया हो। हाल ही में एक कार्यक्रम के दौरान जब टीम की मालकिन नीता अंबानी जसप्रीत बुमराह की गेंदबाजी की तारीफ कर रही थीं, तब सूर्या ने चुटकी लेते हुए बुमराह से फिल्म का मशहूर डायलॉग पूछा, 'घर की याद नहीं आई, जस्सी?'। यह वही संवाद है जो पेड्डी द्वारा 'धुरंधर: द रिवेंज' में रणवीर सिंह के किरदार से कहा जाता है। खास बात यह है कि बुमराह की पत्नी संजना गणेशन ने भी हाल ही में उनसे यही बात कही थी, जिसके चलते वहां मौजूद सभी लोग ठहाके लगाकर हंस पड़े।
बॉक्स ऑफिस पर 'धुरंधर' का ऐतिहासिक सफर
आदित्य धर के निर्देशन में बनी 'धुरंधर' और इसका सीक्वल 'धुरंधर 2' भारतीय सिनेमा के लिए मील का पत्थर साबित हुए हैं। रणवीर सिंह, अक्षय खन्ना, संजय दत्त और आर माधवन जैसे दिग्गजों से सजी यह फिल्म एक भारतीय जासूस जसकीरत सिंह रंगी उर्फ हमजा अली मजारी की कहानी है। दिसंबर 2025 में रिलीज हुई पहली फिल्म ने दुनिया भर में ₹1300 करोड़ से अधिक की कमाई की थी। वहीं 19 मार्च 2026 को रिलीज हुई इसके सीक्वल ने अब तक ₹1500 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है।
ये भी पढ़ें: दो बार हुआ हार्ट ट्रांसप्लांट, मिला सलमान खान का साथ, अब बोली महिला- मेरे पास उनके लिए तीन दिल और एक जान है