1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. 'खटिये पे', बस ये डायलॉग बोलकर 22 साल पहले छाए जेठालाल, टपोरी स्टाइल से फीका कर दिया था सुपरस्टार के बेटे का चार्म

'खटिये पे', बस ये डायलॉग बोलकर 22 साल पहले छाए जेठालाल, टपोरी स्टाइल से फीका कर दिया था सुपरस्टार के बेटे का चार्म

 Written By: Jaya Dwivedie @JDwivedie
 Published : Jul 10, 2024 08:57 am IST,  Updated : Jul 10, 2024 08:57 am IST

'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' के जेठालाला यानी एक्टर दिलीप जोशी अपनी कमाल की एक्टिंग के लिए जाने जाते हैं। 22 साल पहले उन्होंने फिल्मी पर्दे पर अपनी एक्टिंग का ऐसा ही रंग दिखाया था, जिसके बाद एक सुपरस्टार के बेटे की एक्टिंग फीकी पड़ गई थी।

Dilip joshi- India TV Hindi
'क्या दिल ने कहा' में दिलीप जोशी का किरदार। Image Source : INSTAGRAM

'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' के हर किरदार को खूब प्यार मिलता है, फिर चाहे वो दया भाभी हों या जेठालाल। जेठालाल का किरदार सालों से शो में बना हुआ है और इस किरदार को शानदार एक्टर दिलीप जोशी निभा रहे हैं। सालों से दिलीप जोशी अपने अभिनय से लोगों का मनोरंजन करते नजर आए हैं, फिर चाहे टीवी शोज हों या फिर फिल्मी पर्दे पर। दिलीप जोशी ने आज से 22 साल पहले रिलीज हुई फिल्म 'क्या दिल ने कहा' में काम किया था। इस फिल्म में उनका किरदार काफी अलग था। एक्टर को इस किरदार के लिए आज भी याद किया जाता है और इसके हिट डायलॉग के मीम भी बनते हैं। 

कैसा था दिलीप जोशी का किरदार

'क्या दिल ने कहा' साल 2002 में रिलीज हुई थी। ये तुषार कपूर की दूसरी फिल्म थी। इस फिल्म में ईशा देओल भी लीड रोल में थी। कॉलेज गोइंग टीनेजर्स के रोल में ये सितारे नजर आए थे। तुषार कपूर के किरदार का नाम राहुल था और दिलीप जोशी राहुल के दोस्त के किरदार में थे। वो हर वक्त राहुल के साथ ही नजर आते थे। इस फिल्म के लिए उनका लुक काफी कूल और स्टाइलिश था। आगे से गोल्डन बाल, लेदर जैकेट, गले में चोकर और एक कान में बाली पहने वो बिल्कुल टपोरी लुक में दिखे। कॉलेज कैंटीन में फिल्माया गया एक सीन काफी वायरल रहा, जिसमें ईशा देओल के सामने दिलीप जोशी बार-बार खटिये पे बोलते नजर आते हैं। जितेंद्र के लाडले तुषार कपूर के दोस्त के रूप में नजर आए दिलीप जोशी कई सीन्स में उन पर हावी दिखे थे। फिलहाल फिल्म बॉक्स ऑफिस पर न हिट रही और न उस दौर में इसके चर्चे हुए, लेकिन मीम की दुनिया स्थापित होने के बाद इसके सीन काफी वायरल हुए। 

यहां देखें वीडियो

दिलीप जोशी कई माध्यम के जरिए दिखा चुके हैं अपनी कला

बात करें, दिलीप जोशी के वर्कफ्रंट की तो वो सालों से 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' में बतौर जेठालाल नजर आ रहे हैं। बीते सालों के साथ वो टीवी इंडस्ट्री के दिग्गज स्टार बन गए हैं। दिलीप जोशी ने टीवी के पर्दे के साथ बड़े पर्दे पर भी काफी काम किया है। थिएटर की दुनिया के मंझे हुए एक्टर दिलीप जोशी को कई शानदार किरदारों के लिए जाना जाता है। दिलीप जोशी 'मैंने प्यार किया', 'हम आपके हैं कौन' और 'फिर भी दिल है हिंदुस्तानी' जैसी फिल्मों में शाहरुख खान और सलमान खान जैसे बॉलीवुड सुपरस्टार्स के साथ काम किया है। 'खिलाड़ी 420' में वो अक्षय कुमार के साथ भी काम कर चुके हैं इसके अलावा एक्टर ने कई डेली सोप्स और गुजराती फिल्मों में भी अपने अभिनय से अलग छाप छोड़ी है। फिलहाल उनके जेठालाल वाले किरदार को सालों से बहुत प्यार मिल रहा है।

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन