सिनेमा के पर्दे पर कुछ किरदार अपनी मासूमियत से ऐसी छाप छोड़ जाते हैं कि वक्त बीतने के बाद भी वे हमारे जेहन में ताजा रहते हैं। साल 2007 में आई आमिर खान की ब्लॉकबस्टर फिल्म 'तारे जमीन पर' ने न केवल शिक्षा व्यवस्था को एक नया नजरिया दिया, बल्कि हमें कुछ बेहतरीन नन्हे कलाकारों से भी मिलवाया। फिल्म में दर्शील सफारी यानी 'इशान' की कहानी ने सबको रुलाया, लेकिन क्या आपको उस स्कूल में उसका सबसे खास दोस्त याद है? वो लड़का जो बैसाखियों के सहारे चलता था, लेकिन जिसकी मुस्कान और समझदारी इशान का सबसे बड़ा सहारा बनी और बीतते सफर में वो उसका बेस्ट फ्रेंड बन गया। वह किरदार था 'राजन' का, जिसे अपनी संजीदा अदाकारी से तनय छेदा ने और भी दमदार बना दिया था। अब सवाल उठता है कि तनय छेदा अब कहा हैं और क्या कर रहे हैं। बीते सालों में उन्होंने अपने आपको और अधिक निखारा है, चलिए उनकी पर्सनल लाइफ से रूबरू कराते हैं।
'डॉन' से लेकर ऑस्कर की दहलीज तक का सफर
तनय छेदा का फिल्मी सफर काफी दिलचस्प रहा है। बहुत कम लोग जानते हैं कि 'तारे जमीन पर' से सुर्खियां बटोरने से पहले, 2006 में आई शाहरुख खान की फिल्म 'डॉन' में भी नजर आ चुके थे। हालांकि आमिर खान की फिल्म में एक दिव्यांग बच्चे की भूमिका ने उन्हें घर-घर में पहचान दिलाई। तनय की प्रतिभा यहीं नहीं रुकी, साल 2008 में उन्होंने ऑस्कर विजेता फिल्म 'स्लमडॉग मिलियनेयर' में भी एक अहम भूमिका निभाई। इस शानदार अभिनय के लिए उन्हें गिल्ड अवार्ड फॉर आउटस्टैंडिंग परफॉर्मेंस से भी नवाजा गया। बचपन में मिली इस वैश्विक सफलता ने उन्हें उस दौर के सबसे होनहार बाल कलाकारों की कतार में खड़ा कर दिया था।

अब पहचानना है मुश्किल
वक्त का पहिया तेजी से घूमा और 27 जून 1996 को मुंबई में जन्मे तनय अब 29 साल के हैंडसम नौजवान बन चुके हैं। धीरूभाई अंबानी इंटरनेशनल स्कूल से पढ़ाई करने वाले तनय को आज देख पाना और पहचानना उनके फैंस के लिए किसी सरप्राइज से कम नहीं है। उन्होंने अमेरिका में अपनी पढ़ाई पूरी की। अब वह नन्हे 'राजन' नहीं, बल्कि एक पूरी तरह से मंझे हुए अभिनेता हैं। उनकी पर्सनैलिटी में आया बदलाव सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना रहता है। वो इंस्टाग्राम पर मौजूद हैं, जहां उनकी पर्सनल लाइफ की झल भी देखने को मिलती है।
शादी और पर्सनल लाइफ
तनय की निजी जिंदगी की बात करें तो वह अब अपनी नई पारी की शुरुआत कर चुके हैं। साल 2023 में उन्होंने अपनी लॉन्ग-टाइम गर्लफ्रेंड युविका के साथ शादी के बंधन में बंधकर अपनी जिंदगी का एक नया अध्याय शुरू किया। उनके इंस्टाग्राम अकाउंट पर नजर डालें तो वह युविका के साथ अपनी खूबसूरत और रोमांटिक तस्वीरों से भरा पड़ा है। दोनों की केमिस्ट्री को उनके चाहने वाले काफी पसंद करते हैं। एक सफल बाल कलाकार से एक जिम्मेदार पति बनने तक का उनका यह सफर वाकई प्रेरणादायक है।
एक्टिंग की दुनिया में वापसी
अक्सर बाल कलाकार बड़े होकर लाइमलाइट से दूर हो जाते हैं, लेकिन तनय के अंदर का कलाकार आज भी जिंदा है। साल 2024 में वह एक बार फिर स्क्रीन पर अपनी मौजूदगी दर्ज कराते दिखे। तनय को वेब सीरीज 'कैडेट्स' में देखा गया, जो जियो हॉटस्टार पर उपलब्ध है। इसमें उन्होंने अपनी शानदार अदाकारी पेश की। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि आने वाले समय में वह बॉलीवुड या डिजिटल स्पेस में और कौन से बड़े प्रोजेक्ट्स का हिस्सा बनते हैं। IMDb पर नजर डालें तो वो सिर्फ एक्टर ही नहीं, एक लेखक भी हैं।
ये भी पढ़ें: आर माधवन का 29 साल पुराना शो, ओम पुरी और मिलिंद सोमन से सजी थी देशभक्ति से लबरेज कहानी, मिली है 8.3 रेटिंग