1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. तीसरे मालिक ने 25 हजार रुपये में बाइक बेची, अब पछता रहे चाचा! टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस में बोले- "अब किसी पर भरोसा नहीं"

तीसरे मालिक ने 25 हजार रुपये में बाइक बेची, अब पछता रहे चाचा! टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस में बोले- "अब किसी पर भरोसा नहीं"

 Reported By: Saket Rai,  Written By: Malaika Imam
 Published : Oct 20, 2026 06:19 pm IST,  Updated : Oct 20, 2026 06:47 pm IST

टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग की वारदात में इस्तेमाल पल्सर बाइक को उसके तीसरे मालिक ख्वाजा ने करीब दो महीने पहले आरोपी ऋतिक को 25 हजार रुपये में बेचा था। बाइक एक म्यूचुअल फ्रेंड के जरिए बेची गई थी।

टाइगर श्रॉफ फायरिंग मामला- India TV Hindi
टाइगर श्रॉफ फायरिंग मामला Image Source : PTI

अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग की वारदात में इस्तेमाल पल्सर बाइक को लेकर नया खुलासा हुआ है। इस पल्सर बाइक के तीन मालिक रह चुके हैं। बाइक के तीसरे मालिक ख्वाजा ने करीब दो महीने पहले इसे आरोपी ऋतिक को 25 हजार रुपये में बेचा था। यह सौदा एक म्यूचुअल फ्रेंड के जरिए हुआ था। हालांकि, बाइक का रजिस्ट्रेशन पहले मालिक के नाम पर ही था और इसे ट्रांसफर नहीं कराया गया था।

बाइक मालिक ख्वाजा के चाचा रज्जाब शेख ने इस पूरे मामले की जानकारी देते हुए कहा कि अब किसी पर भरोसा नहीं रहा। आगे से किसी को गलती से भी अपना कोई सामान इस्तेमाल करने के लिए नहीं देंगे। 

म्यूचुअल फ्रेंड के जरिए हुआ था सौदा

रज्जाब शेख के मुताबिक, पल्सर बाइक ख्वाजा ने आरोपी ऋतिक को करीब दो महीने पहले 25 हजार रुपये में बेची थी। दोनों के बीच यह सौदा एक साझा परिचित के माध्यम से हुआ था। बाइक का नाम पहले मालिक से ट्रांसफर नहीं कराया गया था। इसके पीछे वजह बताते हुए कहा गया कि नाम ट्रांसफर कराने पर बाइक की कीमत कम हो जाती। रज्जाब शेख ने बताया कि पुलिस ने उनके भतीजे ख्वाजा का बयान दर्ज किया है। उन्होंने कहा कि परिवार की ओर से जांच में पूरा सहयोग किया गया है।

बता दें कि टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई फायरिंग मामले में तीन आरोपियों को तीन आरोपियों को कोटा रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया है। आरोपियों को लेकर मुंबई पुलिस की टीम कोटा से रवाना हो गई है। आरोपियों को सोमवार सुबह कोटा रेलवे स्टेशन पर पुणे-जयपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस के जनरल कोच से पकड़ा गया था। अदालत से ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद मुंबई पुलिस उन्हें सड़क मार्ग से मुंबई ले जा रही है।

कोटा शहर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुभाष चंद्र मिश्रा ने बताया कि मुंबई से कोटा तक के सफर के कारण पुलिस टीम थकी हुई थी। रात में यात्रा करना सुरक्षित नहीं होने के चलते टीम आरोपियों के साथ कोटा में ही रुकी रही। अब टीम मुंबई के लिए रवाना हो गई है।

रेलवे कॉलोनी थाने में रातभर रही निगरानी

तीनों आरोपियों को कोटा के रेलवे कॉलोनी पुलिस थाने में रखा गया था। थाना प्रभारी रामस्वरूप ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए रातभर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रखी गई। उन्होंने कहा कि वह पूरी रात थाने में मौजूद रहे और सीसीटीवी कैमरे सीधे पुलिस मुख्यालय से जुड़े हुए थे।

पुलिस के अनुसार, पकड़े गए आरोपियों की पहचान बिहार के बेगूसराय निवासी रितिक उर्फ रोशन, हरियाणा के सोनीपत निवासी रेहान और एक अन्य व्यक्ति के रूप में हुई है। कोटा सिटी पुलिस ने तीनों को मुंबई पुलिस के हवाले कर दिया था। इसके बाद मुंबई पुलिस ने उन्हें मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया, जहां से मुंबई ले जाने के लिए ट्रांजिट रिमांड मिली।

सूरत से ट्रेन में सवार हुए थे आरोपी

जांच के अनुसार, वारदात के बाद आरोपी सूरत भाग गए थे। वहां से वे जयपुर जाने वाली ट्रेन में सवार हुए। पुलिस के मुताबिक, उनकी योजना बस से दिल्ली जाने और फिर नेपाल भागने की थी। हालांकि, सोमवार सुबह कोटा रेलवे स्टेशन पर उन्हें पकड़ लिया गया।

पुलिस के अनुसार, रेहान लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के कथित सहयोगी अनिल पंडित के संपर्क में था। सोशल मीडिया पर एक अपुष्ट पोस्ट के जरिए इस गिरोह ने हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया था।

जुहू में टाइगर श्रॉफ की कार पर चली थीं गोलियां

रविवार शाम मुंबई के जुहू इलाके में अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर कम से कम दो लोगों ने गोलीबारी की थी। इसके बाद हमलावर मोटरसाइकिल से फरार हो गए। मुंबई पुलिस के मुताबिक, कार पर पांच से छह गोलियां चलाई गईं। अभिनेता सुरक्षित बच गए, जबकि उनका ड्राइवर और मौके पर मौजूद एक राहगीर घायल हो गए।

पुलिस को हमले में इस्तेमाल की गई एक मोटरसाइकिल अंधेरी इलाके में लावारिस हालत में मिली थी। मामले में मुंबई पुलिस ने हत्या के प्रयास और शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर घटना की पूरी साजिश और अन्य संभावित संलिप्त लोगों के बारे में जानकारी जुटाएगी।

ये भी पढ़ें-

Tiger Shroff Attack Case Update: कैलिफोर्निया से दी गई थी सुपारी, शूटरों ने ट्रेन में काटे थे बाल, बदले थे कपड़े

Tiger Shroff attack मामले में बड़ा खुलासा, तीनों शूटरों को कैसे होती थी फंडिंग? कैसे मिले हथियार

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन।